बिहार में एक लुटेरा गिरोह ने सड़क पर कार रुकवाकर उसमें सवार एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया और बाद में उसे गोली मार दी। साथ ही उसके परिवार से दो लाख रुपये मूल्य का कीमती सामान लूट लिए। पुलिस ने यह जानकारी सोमवार को दी। पुलिस ने बताया कि पटना से लगभग 200 किलोमीटर दूर जमुई-शेखपुरा रोड पर लुटेरों ने उस कार को जबरन रुकवा लिया जिसमें महिला और उसका परिवार यात्रा कर रहा था।
महिला की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई गई है। वह पड़ोसी राज्य झारखण्ड की रहने वाली थी। लुटेरों ने पहले उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया और फिर गोली मारकर उसकी जान ले ली। मृत महिला के एक करीबी रिश्तेदार नरेश प्रसाद बर्नवाल ने बताया कि रविवार रात कुछ सशस्त्र लुटेरों ने पीछा करते हुए कार को एक सुनसान जगह पर बलपूर्वक रुकवा लिया। उन्होंने कहा, "लुटेरों ने हमें लूट लिया और हमारे साथ जा रही महिला के साथ सामूहिक बलात्कार करने के बाद उसे गोली मार दी।"
बर्नवाल ने कहा, "हम नालंदा जिले के राजगीर स्थित ऐतिहासिक स्थलों को देखकर लौट रहे थे।" पुलिस के मुताबिक परिवार के घायल सदस्यों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।"
पुलिस ने स्वीकार किया कि जमुई में पिछले कुछ महीनों से सड़क पर लूटपाट करने वालों का आतंक है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें