बिहार में सतारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रमुख घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्णिया से सांसद ने रविवार को 'वेदना रैली' के माध्यम से अपनी ही सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली और अपने ही सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया। पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में रैली को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद उदय सिंह ने कहा कि बिहार में सुशासन नहीं भ्रष्टाचार का बोलबाला है। पूरे राज्य में कहीं विकास नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि कहीं भी जनता की बात नहीं सुनी जा रही है। रैली में आए लगभग 75 हजार लोगों के सामने पूर्णिया से दो बार सांसद चुने गए सिंह ने कहा कि आज सरकार और जनता के बीच लोग आ गए हैं कहीं विकास नहीं दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने राजग की दूसरी पाली के सुशासन पर प्रश्न चिह्न् लगाते हुए कहा कि 2005 में विकास के प्रत्येक क्षेत्र में परिवर्तन का दावा करने वाली सरकार को आखिर दूसरे कार्यकाल में क्या हो गया है।
उन्होंने बिना किसी का नाम लिए बगैर ही कहा कि पूर्णिया में भी कई लोग सरकार के 'खास' बने हुए हैं। सांसद ने कहा कि राज्य में महादलितों को तीन डिसमील जमीन देने, लोकसेवा का अधिकार देने, इंदिरा आवास योजना में जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है, परंतु कोई देखने वाला नहीं है। आज लोग यह कहने को मजबूर हो गए है कि आज जितना भ्रष्टाचार है वह कभी पहले नहीं था। उन्होंने संकेत में ही कहा कि जनता द्वारा चुनी गई सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए वरना जनता का आक्रोश फूटेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर चाटुकारों से घिरे रहने का भी आरोप लगाया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें