नितिन गडकरी को दूसरे कार्यकाल के लिए भाजपा का अध्यक्ष चुने जाने को लेकर पार्टी के संविधान में संशोधन को राष्ट्रीय परिषद ने शुक्रवार को मंजूरी दे दी। इससे गडकरी के दोबारा अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया।
जानकारी के अनुसार, सूरजकुंड में चल रहे भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में में आज पार्टी का संविधान संशोधन प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें गडकरी दूसरे कार्यकाल के लिए अध्यक्ष चुने जाने पर मंजूरी दे दी गई। गौर हो कि बीजेपी की राष्ट्रीय परिषद का आज आखिरी दिन है।
इससे पहले, गडकरी ने कल कहा कि विपक्ष की भूमिका बहुत निभा ली और अब सरकार चलाने का वक्त आ गया है जिसके लिए सभी कार्यकताओं और नेताओं को कमर कस लेनी चाहिए। पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी ने यहां भाजपा राष्ट्रीय परिषद की दो दिवसीय बैठक का उद्घाटन करते हुए पार्टीजनों से कहा कि वे चापलूसी जैसे कांग्रेस के कल्चर को छोड़ें और इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने की तैयारी करें। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने अब तक विपक्ष का रोल ज्यादा निभाया है। उसे इसकी विशेषज्ञता प्राप्त हो गई है। लेकिन अब वक्त आ गया है कि हम सरकार चलाएं।
केंद्र में सरकार बनाने की तैयारी का आहवान करते हुए उन्होंने कहा कि लेकिन अब हमें इसे छोड़ना होगा और आर्थिक, राजनीतिक तथा प्रशासनिक सुशासन की पार्टी बनना होगा। जनता हमें बहुत उम्मीदों से देख रही है। हमें अब चुनावों पर ध्यान केन्द्रित करना है।
गडकरी ने कहा कि ‘आईए ,इस सरकार को उखाड़ फेंकिए। हम यहां से यह प्रण करके जाएं। हम कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे जिसने देश को दूषित कर दिया है। यह घोटाले में लिप्त सरकार है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें