रांची 23 जुलाई, पूर्व केन्द्रीय मंत्री और प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी आर. पी. एन. सिंह ने आज कहा कि पार्टी 09 अगस्त को छोटानागपुर काश्तकारी (सीएनटी) और संथालपरगना काश्तकारी (एसपीटी) अधिनियम में रघुवर सरकार की ओर से किये गये संशोधन के विरोध में झारखंड विधानसभा का घेराव करेगी। श्री सिंह ने अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे के अंतिम दिन यहां संवाददताओं से बातचीत में कहा कि ये दोनों अधिनियम आदिवासियों और मूलवासियों का सुरक्षा कवच है इसलिए 09 अगस्त, जिसे अगस्त क्रांति दिवस तथा विश्व आदिवासी दिवस के रूप में मनाया जाता है को पार्टी ने इस मुद्दे पर विधानसभा घेराव का कार्यक्रम तय किया है। पूर्व मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि इन दोनों अधिनियमों में किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि जब भी प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनती है तो इन दोनों अधिनियमों में परिवर्तन करने का प्रयास शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन दोनों अधिनियमें में किये गये संशोधन को रोकने के लिये किसी भी हद तक जाने काे तैयार है।
श्री सिंह ने कहा कि झारखंड में पिछले एक महीने के दौरान बहुत से किसानों ने आत्महत्या कर ली है और यहां की सरकार ने उनके लिये सिर्फ एक हेल्पलाईन नम्बर चालू कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार किसानों के कर्जमाफी के मुद्दे पर कुछ नहीं बोल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में धान खरीद में भारी घोटाला हुआ है क्योंकि किसानों को अभी तक धान की कीमत नहीं मिली है। उन्होंने प्रदेश में गिरती हुयी कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किये और कहा कि यदि लोग राजधानी रांची में सुरक्षित नहीं है तो कहां होंगे। पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस संगठन को मतदान केन्द्र से प्रखंड स्तर तक मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड कांग्रेस के सभी नेता एकजुट हैं और लोगों से जुड़े हुये मुद्दों पर एक साथ काम करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के सह प्रभारी उमंग सिंघर, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय कुमार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत और कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें