घर, परिवार या समाज तक सीमित नहीं होते शहीद : द्रौपदी मुर्मू - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 12 दिसंबर 2017

घर, परिवार या समाज तक सीमित नहीं होते शहीद : द्रौपदी मुर्मू

martyrs-for-nation-draupadi-murmu
रांची 11 दिसम्बर, झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने आज कहा कि शहीद किसी घर, परिवार या समाज तक ही सीमित नहीं होते बल्कि वे पूरे राज्य और देश के गौरव होते हैं। श्रीमती मुर्मू ने यहां बूटी से खेलगांव जाने वाले पथ का नामकरण शहीद लेफ्टिनेंट कर्नल संकल्प शुक्ला के नाम पर करने के अवसर पर कहा कि जनमानस की भावना सदा ऐसे वीर सपूतों के साथ रहती है। इसका बेहतर उदाहरण लेफ्टिनेंट कर्नल संकल्प शुक्ला के नाम पर पथ का नामकरण है। यह राज्य की जनता का उनके प्रति असीम स्नेह दिखाता है। उन्होंने कहा कि शहीद किसी घर, परिवार या समाज तक ही सीमित नहीं होते बल्कि वे पूरे राज्य और देश के गौरव होते हैं। राज्यपाल ने कहा कि रांची शहर में शहीद लेफ्टिनेंट कर्नल संकल्प शुक्ला के नाम पर पथ का नामकरण सराहनीय है। उन्होंने शहीद के साहस और पराक्रम की सराहना करते हुए कहा कि देश को उनके शौर्य एवं वीरता पर गर्व है। उन्होंने कहा कि भारत देश वीरों की भूमि है।

श्रीमती मुर्मू ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को ब्रिटिश शासन से मुक्त कराने के लिए अपना तन-मन-धन सब कुछ न्यौछावर कर दिया। सभी का एक मात्र लक्ष्य था भारत मां की आज़ादी। उनके लम्बे संघर्ष और त्याग का ही परिणाम है कि आज हमें स्वतंत्र राष्ट्र का नागरिक कहलाने का सौभाग्य एवं गौरव प्राप्त हुआ है। राज्यपाल ने कहा कि जहां हमें वीर स्वतंत्रता सेनानियों के कड़े संघर्ष और त्याग के कारण आज़ादी मिली वहीं हमारे जवान स्वतंत्र राष्ट्र की बाह्य एवं आंतरिक सुरक्षा के प्रति सदैव सचेष्ट रह रहे हैं। देष की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए वीर सैनिक दिन-रात जोश और जज़्बे के साथ अपने कर्त्तव्यों के निर्वहन के लिए डटे हैं। राज्य के नगर विकास मंत्री सी. पी. सिंह ने कहा कि राज्य की भूमि वीर सैनिकों की गाथाओं से भरी है, जिन्होंने देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए अपने जान जाने तक का भय नहीं किया। भारत माता के ऐसे वीर सपूतों पर देश के हर नागरिक को गर्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे ही सपूत थे शहीद लेफ्टिनेंट कर्नल संकल्प शुक्ला जिनके लिये राज्य एवं रांची की जनता के मन में असीम स्नेह एवं सम्मान है। उनकी स्मृति में बूटी से खेलगांव जाने वाली सड़क का नाम शहीद संकल्प पथ रखा जा रहा है। 

कोई टिप्पणी नहीं: