पटना 21 जनवरी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए बिहार में अपने विभिन्न प्रकोष्ठों एवं मोर्चों में नये चेहरों को जोड़ने की कवायद शुरु कर दी है। भाजपा के बिहार मामलों के प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव भूपेन्द्र यादव ने आज यहां अपने दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही प्रकोष्ठ, विभाग और प्रकल्पों के प्रदेश संयोजक, प्रवक्ताओं एवं मीडिया प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ कई घंटे तक मंथन किया। राज्यसभा सांसद श्री यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए निर्देश दिया कि मोर्चों एवं प्रकोष्ठों में नये चेहरे को जोड़ा जायेगा जो प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और सरकार की उपलब्धियों को प्रचारित और प्रसारित कर सकें। पार्टी पदाधिकारियों को जनता की समस्याओं से जुड़कर उसका निदान भी करना है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से ही मोर्चा एवं प्रकोष्ठों का गठन किया गया है।
श्री यादव ने कहा कि संगठनात्मक ढांचे के प्रारूप को मजबूत करने में प्रकल्प और विभाग की अहम भूमिका है, जिसका विस्तार जिला स्तर तक किया गया है। पार्टी की जड़ को और भी मजबूत करने में इन अनुषांगिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि जड़ को मजबूत किये बगैर पार्टी सशक्त नहीं होगी। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद नित्यानंद राय ने कहा कि वर्ष 2019 में बिहार की सभी सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत तय है। बैठक में संगठन महामंत्री नागेन्द्र जी, सह संगठन महामंत्री शिवनारायण महतो समेत सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ, विभाग और प्रकल्प के प्रदेश संयोजक के अलावा प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी भी उपस्थित थे। इससे पूर्व कल श्री यादव ने पार्टी कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की जिसमें उन्होंने संगठन के संख्यात्मक विस्तार के साथ ही गुणात्मक तेवर भी बनाये रखने पर बल दिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक प्रचारित-प्रसारित करने एवं उसे सफल बनाने में पार्टी कार्यकर्ताओं को आगे आने का आह्वान किया था। बैठक में नीतीश मंत्रिमंडल के भाजपा कोटे के सभी मंत्री शामिल थे जिनसे विभागवार चर्चा की गयी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें