आर्यावर्त में समाचार और आलेख प्रकाशन के लिए सीधे संपादक को editor.aaryaavart@gmail.com पर मेल करें.

खेतिहर किसानों के मसीहा ब्रहमेश्वर मुखिया की गोली मारकर ह्त्या.

खेल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
खेल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बृहस्पतिवार, 31 मई 2012

पाक को हराकर भारत की उम्मीद बरकरार


एस वी सुनील के 69वें मिनट में किये गये गोल की मदद से भारत ने अजलन शाह कप हाकी टूर्नामेंट में आज यहां बेहद रोमांचक मैच में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 2-1 से हराया। सुनील ने डाइव लगाकर गेंद को गोल में डालकर भारत को जीत दिलायी। इससे भारत पदक की दौड़ में बना हुआ है। सरदार सिंह ने दायें छोर से सुनील को पास दिया जिन्होंने मौके का पूरा फायदा उठाया। भारत फाइनल की दौड़ से पहले ही बाहर हो गया था। उसकी तरफ से पहला गोल 30वें मिनट में संदीप सिंह ने पेनल्टी कार्नर पर किया। पाकिस्तान ने 59वें मिनट में सोहेल अब्बास के पेनल्टी कार्नर पर किये गये गोल से बराबरी की। यह दोनों टीमों का अंतिम लीग मैच था। इस जीत से भारत कांस्य पदक की दौड़ में बना हुआ है। 

भारत के छह मैच में नौ अंक हैं और प्लेऑफ में उसका प्रतिद्वंद्वी कौन होगा इसके लिये उसने अन्य परिणाम का इंतजार करना होगा। पाकिस्तान ने मैच के शुरू में गोल करने का मौका बनाया था। उसके खिलाड़ी 13वें मिनट में गेंद को भारतीय गोल के पास ले गये थे। तब शफकत रसूल को क्रास मिला था लेकिन वह गोलकीपर भरत छेत्री को छकाने में नाकाम रहे। पाकिस्तान को इसके अगले मिनट में दो पेनल्टी कार्नर मिले लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने उसे सफलता नहीं 

बृहस्पतिवार, 24 मई 2012

अजलान शाह हाकी में भारत की करारी हार.


भारतीय हॉकी टीम को गुरुवार को खेले गए सुल्तान अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट के अपने पहले ही मैच में न्यूजीलैंड के हाथों 1-5 से हार का सामना करना पड़ा। पांच बार की चैम्पियन भारतीय टीम पर इस मैच के माध्यम से अपनी रणनीति को अमली जामा पहनाने का दारोमदार था लेकिन वह इसमें पूरी तरह नाकाम रही। बीते साल भारतीय टीम सात देशों के इस टूर्नामेंट में छठे स्थान पर रही थी। न्यूजीलैंड के लिए पहला गोल खेल शुरू होने के 40वें सेकेंड में साइमन चाइल्ड ने किया। इसके बाद छठे मिनट में भारत ने शिवेंद्र सिंह के माध्यम से बराबरी का गोल किया। इसके बाद न्यूजीलैंड ने पेनाल्टी कार्नर पर गोल करके 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। एंडी हेवार्ड ने 34वें मिनट में यह गोल किया। मध्यांतर तक कीवी टीम 2-1 से आगे थी।

मध्यांतर के बाद 22 मिनट तक दोनों टीमें गोल करने का प्रयास करती रहीं। भारत ने इस दौरान भारत और न्यूजीलैंड ने दो-दो पेनाल्टी कार्नर प्राप्त किए लेकिन कोई भी टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी। 58वें मिनट में निक विल्सन ने न्यूजीलैंड के लिए तीसरा गोल किया। अगले दो मिनट तक भारतीय टीम हावी रही लेकिन 61वें मिनट में स्टीफन जेनेसेस ने अपने हाथ आए मौके को भुनाते हुए अपनी टीम के लिए चौथा गोल किया। अब कीवी टीम ने अपना हमला और तेज कर दिया। इसका फायदा उसे 66वें मिनट में मिला, जब मैट ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदलकर स्कोर 5-1 कर दिया। मेजबान मलेशिया को छोड़कर इस टूर्नामेंट में इस साल खेल रही छह टीमों ने ओलम्पिक का टिकट हासिल किया है। ऐसे में भारत को ओलम्पिक के लिहाज से खुद को तैयार करने का अच्छा मौका है।

कोरिया और न्यूजीलैंड को ओलम्पिक में भारत के ही ग्रुप में रखा गया है। भारतीय टीम 2009 में यहां विजेता रही थी और 2010 में उसने मलेशिया के साथ संयुक्त विजेता का ताज हासिल किया था। भारत दूसरा मैच 25 मई को कोरिया के साथ होना है। इसके बाद 27 मई को उसे ब्रिटेन से भिड़ना है जबकि 28 मई को उसका सामना मलेशिया से होगा। 30 मई को भारतीय टीम अर्जेटीना से और 31 मई को पाकिस्तान से भिडेगी। गुरूवार को खेले गए पहले मैच में पाकिस्तान ने अर्जेटीना को 4-2 से हरा दिया। एक समय पाकिस्तानी टीम 0-2 से पिछड़ रही थी लेकिन इसके बाद उसने जोरदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम किया।

बुधवार, 23 मई 2012

आजाद का नाम लाभार्थियों की सूची से हटी.


भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने कीर्ति आजाद का उन पूर्व क्रिकेटरों की सूची से नाम हटा दिया है जिन्हें वह एकमुश्त लाभार्थ भुगतान कर रहा है। आजाद ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि वह इंडियन प्रीमियर लीग और बोर्ड के खिलाफ आवाज उठाना बंद नहीं करेंगे। 

सूत्रों के अनुसार बीसीसीआई ने आजाद का नाम एकमुश्त लाभार्थ पाने वाले खिलाड़ियों की सूची से हटा दिया है। उसने यह कदम आईपीएल में कथित वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ आजाद का फिरोजशाह कोटला स्टेडियम के बाहर एक दिन के अनशन पर बैठने के कारण उठाया है।

बीसीसीआई की तरफ से हालांकि अभी तक इस मसले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गयी है। इस बीच आजाद ने कहा कि उन्हें यह पता नहीं है कि उनका नाम सूची से हटा दिया गया है। बीसीसीआई ने अभी तक उनसे इस बारे में संपर्क नहीं किया है। आजाद ने कहा कि मुझे अभी तक बीसीसीआई से कोई सूचना नहीं मिली है। मुझसे किसी ने संपर्क नहीं किया। आजाद से जब पूछा गया कि यदि बोर्ड ने उन्हें एकमुश्त भुगतान करना चाहेंगे तो क्या वह इसे स्वीकार करेंगे, उन्होंने कहा, स्वीकार करने या नहीं करने का सवाल तभी उठेगा जब वे मुझसे संपर्क करेंगे।

भारत की 1983 की विश्व चैंपियन के सदस्य और भाजपा सांसद आजाद ने कहा, लेकिन यदि उन्हें लगता है कि वह ऐसा करके मेरी आवाज बंद कर सकते हैं तो फिर वे गलत है। आजाद ने अपने करियर में सात टेस्ट और 25 एकदिवसीय मैच खेले और उन्हें बीसीसीआई की योजना के तहत 35 लाख रुपये मिलने हैं। आजाद ने कहा कि वह आईपीएल और बोर्ड के खिलाफ अपना विरोध जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि अब आईपीएल की कलई खुल गयी है। जब भी मुझे लगेगा कि कुछ गलत हुआ है तो मैं जरूर उसका विरोध करूंगा। आजाद ने हाल में कोटला के बाहर आईपीएल में हो रही गड़बड़ियों के खिलाफ एक दिन का अनशन किया था। उन्होंने संसद में भी बड़े जोर शोर से यह मसला उठाया था। 

मंगलवार, 22 मई 2012

जमशेदपुर में झारखंड शतरंज चैंपियनशिप


बारहवीं झारखंड राज्य शतरंज चैंपियनशिप अंडर 11 तथा अंडर 7 का आयोजन यहां जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में आठ से दस जून तक होगा। राज्य शतरंज संघ की मंगलवार को यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर ही जमशेदपुर में पांच से 14 अगस्त तक होने वाली राष्ट्रीय अंडर 11 शतरंज चैंपियनशिप तथा पुडुचेरी में 15 से 24 जुलाई के बीच होने वाली राष्ट्रीय अंडर 7 शतरंज चैपियनशिप के लिए बालक तथा बालिका वर्ग की दो-दो सदस्यीय टीमों का चयन किया जाएगा। 


इस  प्रतियोगिता में राज्य के कुल लगभग 50 प्रतिभागी होंगे।

शनिवार, 19 मई 2012

भूपति और बोपन्ना की जोड़ी सेमीफाइनल में.


भारत के महेश भूपति और रोहन बोपन्ना की सातवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी रोम मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गई है।  शुक्रवार को खेले गए पुरुषों की युगल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भूपति और बोपन्ना ने बेलारूस के मैक्स मिर्नी और कनाडा के डेनियल नेस्टर की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी को 6-4, 7-5 से शिकस्त दी।

भूपति और बोपन्ना ने इस मुकाबले को 70 मिनट में अपने नाम किया। सेमीफाइनल में भूपति और बोपन्ना की जोड़ी का सामना मार्सेल ग्रानोलर्स और मार्क लोपेज की स्पेनिश जोड़ी से होगा, जिन्होंने फ्रांस के माइकल लोड्रा और सर्बिया के नेनाद जिमोनजिक की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 6-4, 6-2 से पराजित किया।

इस मुकाबले को जीतने के लिए लोड्रा और जिमोनजिक को 72 मिनट कोर्ट पर पसीना बहाना पड़ा। गौरतलब है कि गुरुवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भूपति और बोपन्ना ने इटली के डेनियेले ब्रासियाली और आंद्रियास सेप्पी की गैर वरीयता प्राप्त जोड़ी को 6-2, 6-1 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। 

सिद्दार्थ माल्या माफ़ी मांगे : जोहैल


आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के मालिक सिद्धार्थ माल्या को उनकी टीम के खिलाड़ी ल्यूक पोमर्सबैक की एक अमेरिकी महिला के साथ कथित छेड़छाड़ का बचाव करने और युवती के चरित्र पर उठाए गए सवाल माल्या को भारी पड़ सकते हैं। माल्या ने ट्वीटर के माध्यम से जोहैल हमीद नामक महिला के चरित्र पर सवाल उठाए थे जिसके बाद महिला ने उनको माफी मांगने के लिए कानूनी नोटिस भेजा है। हमीद के वकील जितेंद्र गर्ग ने कहा है कि माल्या ले माफी मांग ली है। 

गर्ग ने कहा, "ट्वीटर पर टिप्पणी करने के लिए माल्या को कानूनी नोटिस भेजा गया है। हम उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं। यदि वह माफी मांगने से इंकार करते हैं तो हम उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।" शुक्रवार को माल्या ने ट्वीट किया था, "वह महिला बकवास कर रही है। वह कल रात मेरे पीछे पड़ गई थी और मुझसे मेरा बीबीएम (ब्लैकबेरी मैसेंजर) पिन मांग रही थी। यदि साहिल इस लड़की का मंगेतर था तो लड़की होने वाली दुल्हन की तरह तो कतई बर्ताव नहीं कर रही थी।"

उल्लेखनीय है कि महिला ने शुक्रवार को पोमर्सबैक पर कथित छेड़छाड़ और उसके मंगेतर साहिल पीरजादा को पीटने का आरोप लगाया था जिसके बाद पोमर्सबैक को पुलिस ने गिरफ्तार कर उन्हें हिरासत में ले लिया था लेकिन बाद में पटियाला हाउस अदालत में पेश होने के बाद उन्हें 20,000 रुपये के मुचलके पर जमानत दे दी गई थी।

शुक्रवार, 18 मई 2012

मेरीकोम को मिली लन्दन ओलम्पिक की टिकट


मेरीकोम ने लंदन ओलम्पिक में हिस्सा लेने की योग्यता हासिल कर ली है। महिला मुक्केबाजी को पहली बार ओलम्पिक में शामिल किया गया है। मेरीकोम ने शुक्रवार को यह योग्यता पाई। मेरीकोम को हालांकि यह योग्यता तोहफे में मिली क्योंकि उनकी उम्मीद मुक्केबाज निकोला एडम्स पर टिकी थी। निकोला ने रूस की येलेना सावेलयेवा को विश्व चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में हराकर मेरीकोम को यह तोहफा दिया। निकोला के हाथों क्वार्टर फाइनल में हारकर ही मेरीकोम छठी बार विश्व खिताब जीतने से चूक गई थीं।

मेरीकोम को एशिया क्षेत्र से उपलब्ध दो सीटों में से एक प्राप्त हुआ। चीन की रेन चानचान 51 किलोग्राम वर्ग में पहले ही क्वालीफाई कर चुकी हैं। उत्तर कोरिया की हेई किम भी इस वर्ग में ओलम्पिक सीट की दौड़ में शामिल थीं। मेरीकोम ने निकोला के मुकाबले के बाद कहा, "मैं इस मुकाबले को लेकर तनाव में नहीं थी। मैं सोच रही थी कि जब मेरे हाथ में कुछ है ही नहीं तो फिर चिंता क्या करना। मैं सिर्फ भगवान के बारे में सोच रही थी। भगवान ने मेरा संघर्ष देखा है और मैं जानती थी कि वह उसे बेकार नहीं जाने देंगे।"

कीर्ति आज़ाद IPL के खिलाफ अनशन करेंगे.


भूतपूर्व  क्रिकेट खिलाड़ी  और  भाजपा सदस्य कीर्ति आजाद ने शुक्रवार को लोकसभा में चेतावनी दी कि आईपीएल मैंचों के नाम पर चल रही कथित धांधलियों के खिलाफ सरकार ने अगर उचित कार्रवाई करने के लिए तुरंत कदम नहीं उठाए तो वह रविवार से फिरोजशाह कोटला में आमरण अनशन शुरू कर देंगे।

आजाद ने सदन में शून्यकाल के दौरान यह मामला उठाते हुए कहा कि आईपीएल मैचों में कुछ दिनों से रोज नई नई ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे देश शर्मसार हो रहा है। उन्होंने कहा कि वीरवार रात एक पार्टी में एक विदेशी महिला के साथ आईपीएल टीम के एक खिलाड़ी ने कथित रूप से दुष्कर्म की कोशिश की, लेकिन खिलाड़ी के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय मामले को ढांपने की कोशिश की जा रही है।

आज़ाद कहा कि परसों रात एक नामी कलाकार के खिलाफ गलत और शरारतपूर्ण आरोप गढ़े गए। उन्होंने कहा कि इससे कुछ दिन पहले एक स्टिंग आपरेशन में आईपीएल के पांच क्रिकेट खिलाड़ियों द्वारा स्पॉट फिक्सिंग और मैच फिक्सिंग करने का मामला सामने आया है। उन्होंने ने आरोप लगाया कि आईपीएल क्रिकेट की संस्कृति को खत्म कर उसके स्थान पर नाच गाने की संस्कृति को ला रहा है। पूर्व क्रिकेटर ने आरोप लगाया कि आईपीएल और बीसीसीआई कानून से ऊपर होने जैसा आचरण कर रहे हैं और किसी भी मामले में सुनवाई नहीं कर रहे हैं।

आजाद के अनुसार टैक्स चोरी की पनाहगाहों से आईपीएल में पैसा लगाया जा रहा है। 1983 में एक दिवसीय विश्वकप विजेता भारतीय टीम के सदस्य रहे कीर्ति आजाद ने कहा कि आईपीएल की धांधलियों के बारे में वह पुलिस प्रशासन सहित संबंधित लोगों को पत्र लिख रहे हैं, लेकिन कार्रवाई तो दूर उनके पत्रों का जवाब तक नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आईपीएल धांधलियों को दुरुस्त करने की ओर तुरंत कदम उठाने की पहल नहीं की गई तो वह रविवार से दिल्ली के फिरोजशाह कोटला क्रिकेट मैदान में आमरण अनशन पर बैठेंगे।

आजाद ने कहा कि वह देश की आन बान शान के लिए खेले हैं और इस तरह खेल का पतन होते नहीं देख सकते। आजाद ने इसी महीने की 15 तारीख को भी सदन में यह मामला उठाया था। उन्होंने आज फिर यह मामला उठाते हुए कहा कि एक सांसद होने के बावजूद जब उनकी बात नहीं सुनी जा रही है तो उनके पास आमरण अनशन के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा है। जनता दल यू के शरद यादव ने आजाद के आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार को इस मामले में कुछ करना चाहिए।

लालू ने IPL बंद करने की मांग की.


आईपीएल में आए दिन सामने आ रहे विवादों पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने शुक्रवार को मांग की कि आईपीएल को बंद कर देना चाहिए। 
     
फिल्म अभिनेता शाहरुख खान और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन अधिकारियों के बीच हुए विवाद तथा आईपीएल से जुड़े अन्य विवादों पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर लालू ने कहा कि आईपीएल को बंद कर देना चाहिए। 
     
शाहरुख खान मामले में उन्होंने आरोप लगाया कि बॉलीवुड अभिनेता तथा एमसीए अधिकारियों के बीच हुए विवाद के समय वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कुछ राजनीतिक दलों के इशारे पर काम किया। उन्होने आरोप लगाया कि यह सब खुन्नसबाजी में किया गया। 
    
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने आज कोलकाता नाइट राइडर्स के सह मालिक और बालीवुड सुपर स्टार शाहरूख खान को अधिकारियों के साथ र्दुव्‍यवहार करने तथा नियमों का उल्लंघन करने के आरोपों को लेकर पांच साल तक उनके वानखेड़े स्टेडियम में प्रवेश से प्रतिबंधित कर दिया है।

बृहस्पतिवार, 17 मई 2012

शाहरुख के वानखेड़े में प्रवेश पर लगा प्रतिबंध.


बॉलीवुड अभिनेता और आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स के सह मालिक शाहरुख खान के वानखेड़े स्टेडियम में प्रवेश पर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने आजीवन प्रतिबंध लगा दिया है। यह फैसला देर रात सुरक्षा और एसोसिएशन के अधिकारियों से उनका गुरुवार को झगड़ा होने के बाद किया गया। 

एमसीए के कोषाध्यक्ष रवि सावंत ने कहा कि शाहरुख खान ने आईपीएल मैच (केकेआर और मुंबई इंडियन्स के बीच) के बाद एमसीए के सुरक्षाकर्मियों और एमसीए अध्यक्ष विलासराव देशमुख समेत अधिकारियों के साथ बदसलूकी की और गाली गलौज की। हमने भविष्य में उनके स्टेडियम में प्रवेश पर आजीवन प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।

एमसीए अधिकारियों ने बताया कि केकेआर की मुंबई इंडियंस पर जीत के बाद शाहरुख ने शराब पी ली। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने जब उन्हें स्टेडियम में प्रवेश करने से रोकना चाहा तो शाहरुख ने बदतमीजी की। एमसीए अधिकारियों ने इस बाबत मरीन ड्राइव थाने में शिकायत दर्ज कर शाहरुख को जीवनभर के लिए स्टेडियम में घुसने पर प्रतिबंध लगा दिया।

मंगलवार, 15 मई 2012

BCCI ने दागी खिलाड़ियों को निलंबित किया.


इंडियन प्रीमियर लीग में भ्रष्टाचार का खुलासा करने वाले टेलीविजन चैनल के स्टिंग आपरेशन के बाद बीसीसीआई ने दागी खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए जांच पूरी होने वाले पांच भारतीय प्रथम श्रेणी के क्रिकेटरों को तुरंत प्रभाव से निलंबित  कर दिया। 

आईपीएल की संचालन परिषद के सदस्यों और बीसीसीआई अधिकारियों के बीच लंबी टेलीकांफ्रेंस के बाद मोहनीश मिश्रा, शलभ श्रीवास्तव, टीपी सुधींद्र, अमित यादव और अभिनव बाली को निलंबित करने का कड़ा फैसला किया गया। बीसीसीआई ने इस घटना की शुरुआती जांच रवि स्वामी से कराने का फैसला किया है जो आईसीसी की भ्रष्टाचार रोधी इकाई के पूर्व प्रमुख हैं और अब बीसीसीआई की नवगठित भ्रष्टाचार रोधी इकाई के प्रमुख हैं।

आईपीएल अध्यक्ष राजीव शुक्ला ने संवाददाताओं से कहा कि आईपीएल संचालन परिषद ने टेलीकांफ्रेंस के जरिये आज दोपहर ढाई बजे बैठक की और उसने बीसीसीआई अध्यक्ष को सिफारिश की कि इंडिया टीवी पर दिखाई गई टेलीविजन फुटेज में दोषी और संदिग्ध पाए जाने वाले खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

सोमवार, 14 मई 2012

जूनियर एशिया कप हॉकी में भारत को कांस्य.


कप्तान आकाशदीप सिंह के गोल्डन गोल की मदद से भारत ने दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराकर जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में कांस्य पदक हासिल किया। 

पहले हॉफ में कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई। यू सेंगजी ने 47वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर पर गोल करके कोरियाई टीम को बढ़त दिलाई। लेकिन इसके सात मिनट बाद ही लंबे कद के लोकेश तिम्मना के मैदानी गोल से भारत ने बराबरी कर दी। उन्होंने नवीन एंतिल के क्रास पर यह गोल किया। इसके बाद हालांकि कोरियाई खिलाड़ियों ने अपनी साफ सुथरी ट्रैपिंग और तेजतर्रार खेल से भारतीयों पर दबाव बनाए रखा। इससे खेल अतिरिक्त समय तक खिंच गया। भारत के पास अतिरिक्त समय के पहले हॉफ में ही खेल समाप्त करने का मौका था लेकिन अमित रोहिदास ने फिर से पेनाल्टी कार्नर गंवा दिया। 

लेकिन भारत अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ में विजयी गोल करने में सफल रहा। आकाशदीप ने लोकेश के पास पर सर्किल के अंदर से यह गोल दागा। भारतीय फारवर्ड ने यदि ढिलाई नहीं बरती होती तो टीम पहले ही जीत जाती। भारतीयों ने पहले हाफ में 17वें, 25वें और 29वें मिनट में गोल करने के अच्छे मौके गंवाए।

शुक्रवार, 11 मई 2012

ओलंपिक मशाल प्रज्वलित .


यूनान के प्राचीन ओलंपिया में बृहस्पतिवार को ओलंपिक मशाल प्रज्वलित की गई. इसके साथ ही लंदन ओलंपिक खेलों की रंगारंग और पारम्परिक समारोह के साथ औपचारिक शुरुआत हुई. मशाल प्रज्वलित समारोह के दौरान करीब ढाई हजार साल पुराने हेरा मंदिर में प्राचीन यूनानी पोशाक में कलाकारों ने नृत्य पेश किया और इस मौके पर मशाल सूरज की रोशनी से जलाई गई. ओलंपिक खेलों की यह मशाल यूनान और ब्रिटेन का दौरा करेगी.  

इस समारोह में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष जैक रोगे और लंदन ओलंपिक खेलों की आयोजन समिति के अध्यक्ष सेबस्टियन को भी मौजूद थे. सेबस्टियन को ने कहा, ‘हम वादा करते हैं मशाल के गौरव को इस तरह से बरकरार रखेंगे कि ब्रिटेन और पूरी दुनिया को इस पर गर्व हो सके.’  

लंदन ओलंपिक खेलों की मशाल रिले के पहले धावक के रूप में यूनान के लीवनपूल में जन्मे तैराक स्पायरस जियानियोटिस को सौंपी गई. इस तैराक ने यह मशाल 19 साल के ब्रिटिश मुक्केबाज एलेक्जेंडर लुकोस को दी. इस समारोह के साथ ही एक हफ्ते तक चलने वाली मशाल रिले शुरू हो गई.  यह मशाल यूनान के पांच प्रमुख पुरातात्विक ऐतिहासिल स्थलों का दौरा करने के बाद यूनान के ऐतिहासिक ओलंपिक स्टेडियम जाएगी जहां 1896 में पहले आधुनिक ओलंपिक खेल आयोजित किए गए थे. ब्रिटेन का एक प्रतिनिधिमंडल 17 मई को यह ओलंपिक मशाल ग्रहण करेगा. 

लंदन ओलंपिक खेलों की मशाल ब्रिटेन और आयरलैंड का दौरा करने के बाद 27 जुलाई को लंदन ओलंपिक स्टेडियम ले जाई जाएगी जहां से इसका सीधा प्रसारण दुनिया भर में किया जाना है. इस बार मशाल को दुनिया के अन्य देश में नहीं ले जाया जा रहा है.  बीजिंग ओलंपिक खेलों में चीन विरोधी आंदोलनों के चलते इस मशाल को अन्य देशों में नहीं ले जाया जा रहा है. ब्रिटेन में इस मशाल की यात्रा 19 मई से शुरू होगी. यह मशाल ब्रिटेन में 12,875 किलोमीटर का रास्ता तय करेगी. ब्रिटेन से बाहर एक मात्र देश आयरलैंड में यह मशाल 3 से 7 जून तक यात्रा करेगी. 

मंगलवार, 8 मई 2012

सानिया मिर्ज़ा पहले ही दौर में बाहर.


भारतीय महिला टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा और ऑस्ट्रेलिया की अनास्तासिया रोडियोनोवा की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी को मेड्रिड ओपन मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के पहले ही दौर में हार का सामना करना पड़ा है।

 सोमवार को खेले गए युगल स्पर्धा के पहले दौर के मुकाबले में टूर्नामेंट की गैर वरीयता प्राप्त जर्मनी की एन्ना-लेना ग्रोनेफेल्ड और चीन की झेंग शुआई ने सानिया और रोडियोनोवा की जोड़ी को 6-3, 6-2 से मात दी।

पिछले सप्ताह सानिया और रोडियोनोवा की जोड़ी पुर्तगाल में सम्पन्न एस्टोरिल ओपन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक का सफर तय करने में सफल रही थी। 

शनिवार, 5 मई 2012

तीरंदाज दीपीका विश्व कप फाइनल में


भारत की उदीयमान तीरंदाज दीपिका कुमारी ने अंताल्या में चल रहे वर्ल्ड कप के दूसरे चरण में महिला रिकर्व वैयक्तिक स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली। दीपिका फाइनल में शनिवार को साउथ कोरिया की ली सुंग जिन से भिड़ेंगी। 

 सूचना के अनुसार 18 बरस की दीपिका ने चीनी ताइपे की लिन चिया एन को सेमीफाइनल में 6-1 से हराया। दीपिका ने क्वॉर्टर फाइनल में जर्मनी की करीना विंटर को 6-0 से हराया था। 

पुरुष रिकर्व तीरंदाज और महिला व पुरुष कंपाउंड तीरंदाज चौथे दौर में ही बाहर हो गए। नैशनल कंपाउंड चैंपियन रजत चौहान क्वॉर्टर फाइनल में अमेरिका के ब्रेडन जेलिनटियन से टाइब्रेकर में हार गए। दोनों तीरंदाजों के समान रुप से 144-144 अंक रहे। टाईब्रेकर में दोनों ने 10-10 अंक पाए। अमेरिका के ब्रेडन को इसीलिए विजयी घोषित किया गया क्योंकि उनके निशाने को सेंटर के करीब पाया गया। 

भारत की पुरुष रिकर्व टीम 2012 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रही। वहीं भारत की महिला रिकर्व टीम 1920 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रही। भारत की पुरुष कंपाउंड टीम 2086 अंकों के साथ आठवें और महिला टीम 2024 अंकों के साथ छठे स्थान पर रही। 

बृहस्पतिवार, 26 अप्रैल 2012

सचिन राज्यसभा के लिए मनोनीत हो सकते हैं


सचिन तेंदुलकर जल्द ही राज्यसभा में नजर आ सकते हैं। कांग्रेस ने उनके नाम का प्रस्ताव राज्यसभा के मनोनीत सदस्य के तौर पर आगे बढ़ाया है। हालांकि खुद सचिन तेंदुलकर ने इस मुद्दे पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया है। इससे पहले सचिन   ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके निवास दस जनपथ पर जाकर मुलाकात की। 

सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर के साथ सोनिया गांधी से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। सोनिया ने सचिन को सौंवे शतक के साथ-साथ उनके जन्मदिन की भी बधाई दी। दो दिन पहले ही सचिन का जन्मदिन भी था। इस मुलाकात के दौरान बीसीसीआई के उपाध्यक्ष और आईपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ला भी मौजूद थे।

माना जा रहा है कि सचिन को इसी दौरान राज्यसभा का सदस्य मनोनीत करने का प्रस्ताव दिया गया। हालांकि सचिन ने खुद इसपर अभी कोई निर्णय नहीं लिया है। सचिन आईपीएल का मैच खेलने दिल्ली आए हुए हैं। शुक्रवार को दिल्ली डेयर डेविल्स से मुंबई इंडियंस के बीच फिरोजशाह कोटला के मैदान पर मुकाबला होना है।
गौरतलब है कि राज्यसभा के कुछ सदस्य सरकार की सलाह पर राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत किए जाते हैं। यह प्रावधान इसलिए किया गया था कि उच्च सदन में कुछ ऐसे लोग पहुंचें जिनका किसी खास क्षेत्र में विशिष्ट योगदान हो और उनकी इस योग्यता और अनुभवों का लाभ संसद को मिल सके। कांग्रेस ने अपनी ओर से सचिन का नाम आगे बढ़ाया है जिसके बाद प्रधानमंत्री ने गृहमंत्री को इस बारे में चिट्ठी लिखी है। सचिन ने अपने करीबी दोस्तों से इस बातचीत में इस बात की पुष्टि की है कि उन्हें इसका ऑफर मिला है लेकिन उन्होंने ये भी कहा है कि वे इस मुद्दे पर अभी कोई निर्णय नहीं ले पाए हैं। 

मंगलवार, 17 अप्रैल 2012

सहारा वॉलीबाल को आर्थिक सहायता देगा.


देश के प्रमुख व्यावसायिक संस्थान सहारा इंडिया परिवार ने अगले चार वर्षो के लिए भारतीय वॉलीबाल टीम (पुरुष सीनियर व जूनियर) को विकास व आर्थिक सहायता देने की सोमवार को यहां घोषणा की. 

यह पहल सहारा इंडिया परिवार द्वारा भारतीय मुक्केबाजी, कुश्ती, तीरंदाजी, निशानेबाजी, ट्रैक एंड फील्ड तथा टेनिस के 6 खेलों में से कुल 95 खिलाड़ियों की सहायता के क्रम में एक और कदम है, जो लंदन ओलंपिक 2012 में पदक जीतने के सशक्त दावेदार हैं.
इस अवसर पर सहारा इंडिया परिवार के प्रबंध कार्यकर्ता एवं चेयरमैन सहाराश्री सुब्रत रॉय सहारा ने कहा, ‘हम वॉलीबाल के विकास में ढेर सारे अवसरों को देखते हैं, इसलिए हम आने वाले लंदन ओलंपिक 2012 से ठीक पहले भारतीय वॉलीबाल टीम (पुरुष सीनियर व जूनियर) को सहायता प्रदान करने के लिए आगे आए, जिससे कि ये प्रतिभाशाली एथलीट देश के लिए और सम्मान प्राप्त करने हेतु बेहतर प्रदर्शन कर सकें.’

भारतीय वॉलीबाल फेडरेशन के अध्यक्ष डा. बी. सिवांति आदित्यन ने कहा, ‘सहारा इंडिया परिवार जैसे खेलप्रेमी व इसके विकास को बढ़ावा देने वाले ग्रुप से जुड़कर हम वास्तव में सम्मानित व गौरवान्वित हुए हैं और हमें पूरा विश्वास है कि यह संबंध आने वाले क्वालीफायर व वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम को और मजबूत बनाने के अलावा हमारे खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने का एक अवसर प्रदान करेगा.’ लेजर स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री एस.एस. दासगुप्ता ने कहा कि पहली बार वॉलीबाल फेडरेशन के महत्वपूर्ण प्रायोजन में मध्यस्थता स्थापित करते हुए हमें बहुत खुशी हुई है और पूरा विश्वास है कि ये खिलाड़ी भारत के लिए और अधिक सम्मान लाने हेतु अपना सर्वस्व लगा देंगे.

सहारा इंडिया परिवार जमीनी व घरेलू स्तर पर खेलों का उत्थान करने के लिए सुविख्यात कलकत्ता फुटबाल लीग, शीशमहल क्रिकेट टूर्नामेंट व राष्ट्रीय, राज्य व जिला स्तरों पर अनेक खेलों को पहले से ही मदद, प्रोत्साहन व संरक्षण दे रहा है. रणजी ट्रॉफी व अन्य घरेलू प्रतिस्पर्धाओं में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रदेश सीनियर क्रिकेट टीम को भी सहारा की ओर से प्रायोजित किया जा रहा है. इसके साथ ही सहारा समूह समस्त खेलों, जो अति प्रचलित व कम प्रचलित हैं, को एक साझे मंच पर लाकर उन भारतीय खिलाड़ियों को सम्मानित व पुरस्कृत करने के ध्येय से ‘सहारा इंडिया स्पोर्ट्स अवार्ड्स’ का आयोजन करता है, जिन्होंने भारत के गौरव को सर्वोच्च शिखर पर पहुंचा कर वहां तिरंगे को ऊंचा फहराया है. इन अवार्ड्स का मकसद है नवोदित खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने हेतु एक मंच तैयार करना तथा उन्हें देश व खेल हेतु अधिकतम गौरव लाने के लिए प्रेरित करना.

सहारा कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 के आयोजन और तैयारियों में सहयोग देने वाला प्रमुख कॉपरेरेट था. सहारा समूह के पास अपनी अधीनस्थ कम्पनी सहारा एडवेन्चर स्पोर्ट्स लिमिटेड के माध्यम से पुणे की आईपीएल टीम के फ्रेंचाइजी पर स्वामित्व है. इसने हाल ही में भारत की एकमात्र एफ-1 टीम, फोर्स इंडिया फॉर्मूला वन टीम में इक्विटी निवेश हासिल किया है. नई टीम का नामकरण अब ‘सहारा फोर्स इंडिया फॉर्मूला वन टीम’ हो गया है. 

बुधवार, 11 अप्रैल 2012

मुश्किल वक्त में मां ने मुझे ताकत दी : युवराज


कैंसर का इलाज कराने के बाद देश लौटे  क्रिकेटर युवराज सिंह ने कहा कि इस मुश्किल वक्त में मेरी मां ने मुझे ताकत दी। उन्हीं की बदौलत मैं कैसर पर जीत पा सका। उन्होंने कहा कि लांस आर्मस्ट्रॉंग से भी मुझे प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि मैदान पर उतरने में उन्हें कम-से-कम 2 महीने का वक्त लगेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुश्किल जरूर होगा, लेकिन मैं मैदान पर जरूर उतरूंगा। देश के लिए जरूर खेलूंगा। 

युवराज  ने कहा कि जब पता चला तो विश्वास नहीं हो रहा था कि कैंसर है। ऐसे वक्त में मेरी मां ने मुझे सहारा दिया। वह हर मौके पर मेरे साथ खड़ी रहती थीं। उन्हीं से मिली ताकत का परिणाम है कि मैंने कैंसर को हरा दिया। इसके लिए मैं ईश्वर का भी शुक्रगुजार हूं। 

युवराज ने कहा कि वर्ल्ड कप के दौरान मुझे सांस लेने में तकलीफ होती थी। काफी दिक्कतें थीं। फिर भी मैं खेला और देश वर्ल्ड कप जीता। गौरतलब है कि वर्ल्ड कप में अपने हरफनमौला खेल की बदौलत युवराज मैन ऑफ द टूर्नामेंट हुए थे।  उन्होंने कहा कि मुझे बीमारी के दौरान बहुत तकलीफ होती थी। लगातार खांसी होती थी। उल्टी भी होती थी। मैं दर्द सहता था, लेकिन किसी को बताता नहीं था। साथ ही उन्होंने इस मौके पर लोगों से अपील की कि अगर शक हो तो तुरंत कैंसर की जांच करानी चाहिए। देरी होने से तकलीफ बढ़ जाती है। उन्होंने कहा अगर मैं कैंसर को हरा सकता हूं, तो कोई भी हरा सकता है। 


सोमवार, 9 अप्रैल 2012

इलाज करा कर स्वदेश लौटे युवराज


 बोस्टन में फेफड़े में ट्यूमर का इलाज करा कर भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज युवराज सिंह सोमवार सुबह स्वदेश लौट आए। युवराज सिंह अपनी मां शबनम सिंह के साथ लंदन से स्वदेश लौटे। बोस्टन में इलाज के बाद युवराज कुछ समय से लंदन में आराम कर रहे थे। युवराज की झलक पाने के लिए इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उनके प्रशंसकों ने घंटों इंतजार किया। हवाईअड्डे से युवराज सीधे अपने निवास स्थान गुड़गांव के लिए रवाना हो गए। अपने गुड़गांव स्थित घर पहुंचकर युवराज ने छत पर खड़े होकर प्रशंसकों का अभिवादन किया। इस मौके पर युवराज की मां शबनम सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि युवराज पूरी तरह ठीक हैं। 

युवराज के पिता ने एक निजी टेलीविजन चैनल से कहा, "युवराज ठीक हैं और मुझे आशा है कि हम उन्हें क्रिकेट मैदान पर जल्द देखेंगे।" युवराज ने बोस्टन इंस्टीट््यूट ऑफ कैंसर रिसर्च में जनवरी से मार्च के बीच तीन चरण में कीमोथेरेपी कराई। 30 वर्षीय युवराज को पिछले महीने अस्पताल से छुट्टी मिल गई।  युवराज का इलाज उसी अस्पताल में चल रहा था जिस अस्पताल में सात बार के टूर डी फ्रांस जीतने वाले अमेरिकी साइकिल चालक लांस आर्म्सट्रांग ने अपने कैंसर का इलाज कराया था। युवराज इस वर्ष जनवरी के अंतिम सप्ताह में इलाज के लिए अमेरिका गए थे।


रविवार, 8 अप्रैल 2012

युवराज सिंह इलाज के बाद स्वदेश लौटेंगे.


अमेरिका में फेफड़े के कैंसर का इलाज कराने के बाद भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह सोमवार को स्वदेश लौट आयेंगे। 30 वर्षीय बल्लेबाज कुछ और महीनों तक नहीं खेल पायेगा। उन्हें तीन कीमोथेरेपी सत्र के बाद पिछले महीने अमेरिका के अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी। 
     

स्वदेश लौटने के बाद युवराज अपने भविष्य की योजनाओं की घोषणा करने की उम्मीद है और वह उपचार के बारे में भी बतायेंगे। हाल में युवराज लंदन में सचिन तेंदुलकर से मिले थे, जो अपने पैर के अंगूठे की चोट की जांच के लिए वहां गए थे।