आर्यावर्त में समाचार और आलेख प्रकाशन के लिए सीधे संपादक को editor.aaryaavart@gmail.com पर मेल करें.

खेतिहर किसानों के मसीहा ब्रहमेश्वर मुखिया की गोली मारकर ह्त्या.

राजनीति लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
राजनीति लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बृहस्पतिवार, 31 मई 2012

आम लोग भाजपा से निराश : आडवानी


 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने गुरुवार को कहा कि जनता केंद्र में कांग्रेस की अगुवाई वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार से नाराज है, लेकिन वह भाजपा से भी निराश है। भाजपा को आत्मनिरीक्षण करने की सलाह देते हुए आडवाणी ने अपने ब्लॉग पर लिखा, "मैंने कोर ग्रुप की बैठक में कहा था कि यदि आज लोग संप्रग सरकार से नाराज हैं तो वे हमसे भी निराश हैं। ऐसी स्थिति में आत्म निरीक्षण करने की आवश्यकता है।"

आडवाणी ने लिखा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में इन दिनों उत्साह नहीं है। उन्होंने यह भी लिखा कि पार्टी की ओर से जो खामियां रही हैं, उनकी भरपाई भाजपा शासित राज्यों और संसद में सुषमा स्वराज तथा अरुण जेटली के कुशल नेतृत्व से नहीं हो सकती। उन्होंने लिखा कि जब पत्रकार संप्रग पर घोटालों के लिए हमला करते हैं तो वे इस पर भी दुख जताते हैं कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बेहतर विकल्प के रूप में नहीं उभर रहा। उन्होंने लिखा, "मैं मीडिया में रह चुका हूं और समझता हूं कि यह फिलहाल लोगों की राय बिल्कुल ठीक तरीके से पेश कर रही है।"

सोमवार, 28 मई 2012

गैर NDA दलों से RJD करेगा गठबंधन : लालू


राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने सोमवार को कहा कि वह आगामी चुनावों में धर्मनिरपेक्ष और गैर राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) दलों से तालमेल करेंगे। वे किसी हाल में साम्प्रदायिक ताकतों को अपने साथ नहीं आने देंगे। राजद की कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पद के उम्मीदवार के रूप में नरेंद्र मोदी के नाम आने के बाद राजग में विवाद शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि अब राजग टूटने ही वाला है। 

उन्होंने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में विधि-व्यवस्था चरमरा गई है, लोकतंत्र पर अफसरशाही तंत्र हावी हो गया है। पुलिस और अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। उन्होंने कहा, "मेरे समय में मुख्यमंत्री आवास 1, अणे मार्ग आम लोगों के लिए खुला रहता था लेकिन आज कुछ लोगों के लिए ही खुलता है।" ममता बनर्जी के राजग में शामिल होने की सम्भावना के विषय में पूछे जाने पर लालू ने कहा, "ममता कभी राजग में शामिल नहीं होंगी। वह बहुत समझदार महिला हैं।"  उन्होंने कहा कि बिहार में भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल-युनाइटेड (जद-यु) में नरेंद्र मोदी को लेकर टकराव है। उन्होंने बताया कि राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उन्हें भावी धर्मनिरपेक्ष गठजोड़ कायम करने के लिए अधिकृत किया गया है।




शनिवार, 26 मई 2012

2014 में केंद्र में राजग की सरकार होगी : नितिन


भाजपा में नेतृत्व का बदलता चेहरा

नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 2014 के आम चुनाव के बाद केंद्र में सत्तारूढ़ होगा। यहां दो दिन से चल रही राष्ट्रीय कार्यकरिणी की बैठक की समाप्ति के बाद आयोजित जनसभा में हजारों लोगों की वाहवाही के बीच गडकरी ने कहा, "भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार अगले आम चुनाव के बाद केंद्र की सत्ता में आएगी। हम भारत को विश्व की महाशक्ति बनाने का दायित्व पूरा करेंगे।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतशील गठबंधन (संप्रग) सरकार देश की छवि खराब करने के लिए जिम्मेदार है। भ्रष्टाचार हो या महंगाई या बेरोजगारी, सबके लिए केंद्र की गलत नीतियां जिम्मेदार हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राजग सरकार जब सत्ता में आएगी तो देश के लोगों की सभी आकांक्षाएं पूरी होंगी। जनसभा को सम्बोधित करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि देश में एक 'निर्मल बाबा' सरकार है जो नई दिल्ली में है। ज्ञात हो कि निर्मल बाबा स्वयं को चमत्कारी पुरुष बताते हैं और इन दिनों धोखाधड़ी व फर्जीवाड़े के आरोपों का सामना कर रहे हैं। भारतीय रुपये के मूल्य में बेतहाशा गिरावट के लिए संप्रग सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए मोदी ने कहा कि इसके पीछे कुछ रहस्य है और अर्थशास्त्री से प्रधानमंत्री बने मनमोहन सिंह इस मुद्दे पर देश को जवाब दें।

मोदी को भाजपा के कुछ नेता प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार मानते हैं। मोदी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह विपक्षी दलों के शासन वाले राज्यों के साथ 'नगरपालिका' की तरह व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा, "संप्रग सरकार अन्य दलों द्वारा शासित राज्यों के साथ नगरपालिका की तरह व्यवहार कर रही है। इस सरकार ने संवैधानिक ढांचे को जितना नुकसान पहुंचाया है, बीते 50 वर्षो के भीतर केंद्र की किसी भी अन्य पूर्ववर्ती सरकार ने ऐसा नहीं किया।" देर रात तक चली जनसभा में भाजपा के शीर्ष नेताओं के अलावा पार्टी शासित आठ राज्यों के मुख्यमंत्री एवं विभिन्न राज्यों से आए पार्टी के नेता मौजूद थे। 

पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और सुषमा स्वराज जनसभा में शामिल नहीं हुए।

शुक्रवार, 25 मई 2012

अब आडवानी ने दूरी बनाई, किया इनकार.


 बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के अंदरूनी मतभेद लगातार उजागर होते जा रहे हैं। बैठक के बाद होने वाली रैली में लाल कृष्ण आडवाणी हिस्सा नहीं लेंगे। 2 दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का आज आखिरी दिन है। माना जा रहा है कि आडवाणी बैठक में येदयुरप्पा के आने के चलते हिस्सा नहीं लेंगे। इससे पहले गुरुवार को नरेंद्र मोदी भी बैठक में हिस्सा नहीं लेने वाले थे लेकिन संजय जोशी के इस्तीफे के बाद मोदी ने बैठक में शिरकत की थी।

येदयुरप्पा ने बैठक के लिए निकलने से पहले कहा कि मैं बैठक में ऐसा कोई मुद्दा नहीं उठाऊंगा लेकिन अनंत कुमार को अपने किए पर पछतावा होना चाहिए। इससे पहले येदयुरप्पा ने पार्टी महासचिव अनंत कुमार पर आरोप लगाया था कि वह लाल कृष्ण आडवाणी के मन में उनके बारे में दुर्भावनापूर्ण विचार ला रहे हैं।

बृहस्पतिवार, 24 मई 2012

मनमोहन को जलाने वाली बीजेपी नेत्री खुद जली

 पेट्रोल की कीमत में बुधवार मध्यरात्रि से हुई वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन के दौरान पुतला जलाने के क्रम में उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक नेता झुलस गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पेट्रोल की कीमत में वृद्धि के खिलाफ भाजपा की महिला इकाई प्रदर्शन कर रही थी। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता केंद्र सरकार का पुतला फूंक रहे थे। इसी दौरान भाजपा महिला इकाई की जिला अध्यक्ष पल्लवी सिंह की साड़ी में आग लग गई। आग की लपटों से पल्लवी झुलस गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बीजेपी में मोदी दबंग, शर्तों पर बैठक में शामिल

भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय जोशी ने गुरुवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी से इस्तीफा दे दिया। पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी का कहना है कि जोशी के इस्तीफे के बाद अब गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे। जोशी और मोदी के रिश्ते सौहार्दपूर्ण नहीं माने जाते। गडकरी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की गुरुवार को शुरू हुई दो दिवसीय बैठक से पहले कहा कि जोशी ने खुद इस्तीफा दिया है इसलिए उनकी मौजूदगी को लेकर पार्टी में कोई मतभेद नहीं हैं।

गडकरी ने कहा कि उन्होंने मोदी से बात की है। वह बैठक में शामिल होने के लिए अहमदाबाद से मुम्बई रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा, "मोदी ने मुझे आश्वासन दिया है कि वह पार्टी व राष्ट्र की मजबूती के लिए मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। मैं राष्ट्रीय कार्यकारिणा में उनका स्वागत करता हूं।" गडकरी ने पार्टी में इस मुद्दे पर विवाद समाप्त होने पर खुशी जतायी।

कार्यकारिणी में जोशी की मौजूदगी के चलते मोदी ने दो दिवसीय बैठक में शामिल होने से इंकार कर दिया था। इसके बाद जोशी ने इस्तीफे की पेशकश की थी। मोदी ने खुद को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से अलग कर लिया था। वह जोशी को चुनाव अभियान के प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण पद दिए जाने से नाराज थे। जोशी इससे पहले 2005 में पार्टी के महासचिव पद से इस्तीफा दे चुके हैं। एक वीडियो क्लिप में उन्हें एक महिला के साथ दिखाए जाने के बाद इस्तीफा देना पड़ा था। गडकरी ने बाद में उनकी दोबारा नियुक्ति कर दी थी। इससे उनके व मोदी के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी।

बुधवार, 23 मई 2012

किरन मण्डल हो सकती है कांग्रेस में शामिल!


कांग्रेस की भाजपा को एक और पटखनी


उत्तराखण्ड की राजनीति में जिसकी सम्भावना लगाई जा रही थी वैसा अब पूरा होते दिख रहा है कांग्रेस भी भाजपा की राह पर चलते हुए पिर एक बार इतिहास दोहराने के लिए खड़ी है। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा का सिंतारगंज सीट से चुनाव लड़ना लगभग तय माना जा रहा है। बस अब इसकी औपचारिक घोषणा बाकी हैं सितांरगंज विधायक किरन मंडल उनके लिए सीट छोड़ने के लिए तैयार हैं सीट छोड़ने के लिए उनके द्वारा अपने क्षेत्र की कुछ समस्याओं के समाधान की जो शर्त रखी गयी हैं उस पर सरकार अब गंभीरता से काम कर रही हैं। वहीं कांग्रेस के इस दावं से भाजपा सकते में आ गई है और वह स्थिति से निपटने की तैयारी में जुट गयी हैं। भाजपा का इस मामले में कहना है कि कांग्रेस प्रलोभन देकर लोकतंत्र की हत्या करने का जो प्रयास कर रही है, वह उत्तराखण्ड के लिए शुभ संकेत नहीं।

विजय बहुगुणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण के बाद से ही अनुमान लगाया जा रहा था कि पक्ष के पास 32 और विपक्ष के पास 31 सीट होने से उस 1 के अन्तर को किस तरह मिटाया जाए सत्तारूढ़ कांग्रेस उपचुनाव के जारिए अपनी सीटों में एक और अंक का इजाफा करने की जुगत में जुटी थी वहीं विपक्ष भाजपा उपचुनाव में मुख्यमंत्री को पटकनी देने की रणनीति और अंकों की बराबरी करने की कवायद में जुटी थी। कांग्रेस के किसी विधायक द्वारा यदि मुख्यमंत्री के लिए सीट खाली की जाती तो इससे सरकार और कांग्रेस को ज्यादा जोखिम हो सकता था, यहीं कारण है कि सत्ता पर विराजमान होने से ही कांग्रेस का पूरा ध्यान इस बात में लगा था कि किस तरह से भाजपा विधायक को अपने पाले में खींचा जायें। भाजपा ने अपने विधायकों एक जुट रखने के लिए हर संभव प्रयास किये उन्हें दूसरे राज्यों में यात्रा पर भेजना, अनुशासन का पाठ पढ़ाने तक सभी प्रयास किये गये। लेकिन कांग्रेस आखिरकार अब तक अपने मकसद में सफल रही है। किरन मंडल भाजपा छोड़कर कांग्रेस में जायेंगे यह तय हो चुका है महज इसकी अब औपचरिकताएं पूरी करना बाकी हैं। भाजपा विधायकों को अब यह मानना ही होगा कि कांग्रेस की सरकार प्रदेश में पूरे पांच साल तक सत्ता पर काबिज रहेंगी और जहां तक बात कांग्रेस की सीट घटने या बढ़ने की बात हैं वह तो चुनाव परिणामों के बाद ही पता चल सकेगा लेकिन फिलहाल कांग्रेस ने अपने लिए एक रास्ता जरूर तैयार कर लिया हैं।


(राजेन्द्र जोशी)

राष्ट्रपति चुनाव में सपा देगी कांग्रेस का साथ


समाजवादी पार्टी ने यह साफ कर दिया कि वह राष्ट्रपति पद के लिए कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार को ही अपना समर्थन देगी। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पी. ए. संगमा की कोशिशों को दूसरे राजनीतिक दलों से समर्थन मिलता नजर नहीं आ रहा है। एसपी प्रमुख मुलायम सिंह यादव से जब पत्रकारों ने यह सवाल किया गया कि क्या उनकी पार्टी कांग्रेस के उम्मीदवार को समर्थन देगी, तो उन्होंने कहा, 'एक ही शर्त है कि वह नौकरशाह नहीं हो।' मुलायम ने कहा, 'राष्ट्रपति पद के लिए किसी गैर राजनीतिक व्यक्ति के बारे में विचार नहीं किया जाना चाहिए। किसी नौकरशाह के नाम पर भी इस पद के लिए विचार नहीं होना चाहिए।'

यह पूछे जाने पर कि साल 2002 में किस तरह उन्होंने गैर राजनीतिक व्यक्ति एपीजे अब्दुल कलाम को राष्ट्रपति पद के लिए अपना समर्थन दिया था, इस पर उन्होंने कहा, 'वह एक अपवाद थे। वह एक जानेमाने वैज्ञानिक थे।' उप राष्ट्रपति और भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के अधिकारी रहे हामिद अंसारी को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने से जुड़े एक सवाल के जवाब में सिंह ने कहा, 'आप क्यों उनके पीछे पड़े हैं? वह एक आदरणीय व्यक्ति हैं और उनका कार्यकाल बाकी है।' वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी के साथ-साथ अंसारी की उम्मीदवारी के भी कयास लगाए जा रहे हैं। एसपी और बीएसपी के पास कुल मिलाकर करीब 11 लाख मतों के निर्वाचन मंडल में एक लाख मतों का मूल्य है। इस बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) (संगमा जिसके सदस्य हैं) ने कहा है कि वह राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के मामले में यूपीए के साथ है।

एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा, 'हम इस मुद्दे पर यूपीए के साथ हैं। हमने पी.ए. संगमा की बेटी अगाथा संगमा से कह दिया है कि जब पूर्व लोकसभा अध्यक्ष उम्मीदवारी पाने की अपनी मुहिम के तहत कहीं जाएं तो वह उनके साथ न जाएं।' राष्ट्रपति पद के लिए अपनी दावेदारी के पक्ष में मुहिम तेज करते हुए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पी. ए. संगमा ने सोमवार सीपीएम महासचिव प्रकाश करात से मुलाकात की, हालांकि प्रमुख राजनीतिक दल उनकी इस दावेदारी के प्रति बहुत उत्साहित नहीं दिखे। कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के संगमा से मिलने की संभावना नहीं है, हालांकि एनसीपी नेता ने उनसे मिलने का समय मांगा है। एसपी और बीएसपी जिन दोनों के 11 लाख मूल्य के मतों में से एक लाख से अधिक मतों की भागीदारी है, ने भी अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। 64 वर्षीय आदिवासी नेता संगमा मेघालय से हैं और बीजू जनता दल एवं एआईएडीएमके ने उनके नाम का प्रस्ताव किया था। राष्ट्रपति पद के लिए बीजेडी और एआईएडीएणके का समर्थन मिलने से उत्साहित संगमा ने उम्मीद जताई कि अन्य राजनीतिक दल भी 'देश की आदिवासी जनता की आत्मा की आवाज' का जवाब देंगे।

शनिवार, 19 मई 2012

कांग्रेस से जुड़ना सच से कोसों दूर: येदियुरप्पा


कर्नाटक भाजपा के  नेता येदियुरप्पा पार्टियों के बड़े नेताओं द्वारा उनको हाशिये पर डाले जाने से खिन्न हैं और वह मुंबई में 24 मई से होने वाली पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में शामिल नहीं होंगे। राज्य में पार्टी को हाल में संकट में डालने वाले येदियुरप्पा ने   कहा, मैं पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में हिस्सा नहीं लूंगा। 

येदुरप्पा ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर लगायी जाने वाली अटकलों को नकारते हुए कहा कि वह कांग्रेस सहित किसी भी राजनीतिक दल में शामिल होने नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि मैं कांग्रेस से जुड़ने वाला हूं। यह सच से कोसों दूर है। किसी और राजनीतिक दल से जुड़ने का तो सवाल ही नहीं उठता। 
    
येदियुरप्पा की यह प्रतिक्रिया कांग्रेस के कुछ नेताओं के उन बयानों के खिलाफ आई है जिसमें उन्होंने येदियुरप्पा के कांग्रेस में आने की बातें कहीं हैं। येदियुरप्पा का कहना है कि वह 30 मई को राज्य का दौरा करके लोगों की इच्छा जानेंगे और तभी अपने भविष्य के बारे में कोई सही निर्णय करेंगे। येदियुरप्पा के वफादार राज्य के नौ मंत्रियों और कुछ विधायकों द्वारा इस्तीफा देने बाद भाजपा सरकार के लिए एक संकट की स्थिति पैदा हो गयी थी। हालांकि येदियुरप्पा ने कुछ ही दिन पहले यह भी साफ कर दिया कि उन्होंने पार्टी छोड़ने का अपना फैसला स्थगित कर दिया है। 

अखिलेश सरकार दलित विरोधी :- मायावती


बसपा सुप्रीमो एवं यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सत्ता बदलते ही हालात दयनीय हो गए हैं। कानून व्यवस्था काफी बिगड़ गई। आम आदमी घर से बाहर निकलते समय सौ बार सोचता है कि क्या वह वापस जीवित लौटेगा भी या नहीं। महज दो माह में 800 हत्याएं, 270 रेप, 256 अपहरण की घटनाएं और 756 लूट की वारदात हो चुकी हैं। मायावती आज दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहीं थीं।

मायावती ने सूबे की सपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अखिलेश सरकार प्रदेश में विकास करने की बजाए बदले की भावना से काम कर रही है। बसपा सरकार की पूर्व में लागू 26 योजनाओं को समाप्त कर दिया। ये योजनाएं गरीबों के उत्थान के लिए चलाई जा रही थी। यह सरकार सिर्फ दलित विरोधी अभियान में जुटी है। मायावती ने आरोप लगया कि सपा सरकार के राज में कानून व्यवस्था बिगड़ रही है। हर रोज हत्याएं हो रही है। बहन-बेटियों की इज्जत लुट रही है। हफ्ता वसूली फिर से शुरू हो गई है।

माया ने कहा कि दलितों को हमारी सरकार के दौरान जो जमीन मुफ्त में दी गई थी उन पर सपा के दबंगों ने कब्जा कर लिया है। जांच के नाम पर अधिकतर दलित कर्मचारियों-अधिकारियों को निशाना बनाया जा रहा है। प्रदेश में शहरों, कस्बों व गांवों में जमीन माफिया का राज हो गया है। गलत काम करने वालों को सपा का समर्थन मिल रहा है। अल्पसंख्यक खुद को असुरक्षित मान रहे हैं। बसपा मुखिया ने कहा कि राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति के लिए प्रदेश की आर्थिक स्थिति को देखे बिना ही सपा ने चुनाव में बड़े-बड़े वादे कर दिए। अब उसे पूरा करना सपा के लिए भारी पड़ रहा है। वादे पूरे नहीं होने से जनता अब इनके खिलाफ होती जा रही है। सपा विकास के मामले में सिर्फ कागजी बन गई है।

मायावती ने कहा कि चुनाव में बसपा फिर सत्ता पर काबित होती लेकिन भाजपा और कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण हमें बाहर होना पड़ा। यह कहना गलत है कि जनता ने बसपा को नकार दिया है। बसपा को सपा से महज पौने तीन प्रतिशत वोट कम मिले हैं। इस बार हमारा वोट प्रतिशत बढ़ा है। राष्ट्रपति की उम्मीदवारी के सवाल पर मायावती ने कहा कि हम दूसरी पार्टियों पर नजर रखे हुए हैं। अभी इस बारे में कुछ भी कहना ठीक नहीं है। जो भी उम्मीदवार अन्य पार्टियों के जरिए सामने आएंगे, उनमें हम देखेंगे कि वह बसपा के मापदंड पर कितना खरा उतरेगा।जल्दबाजी में इस मामले में कोई फैसला नहीं लिया जाएगा।

बृहस्पतिवार, 17 मई 2012

येदियुरप्पा की अग्रिम जमानत स्थगित.


सीबीआई की एक अदालत ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और उनके परिवार के सदस्यों के अग्रिम जमानत आग्रह पर सुनवाई 25 मई तक स्थगित कर दी है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने उनके खिलाफ कथित अवैध खनन में जांच शुरू की है।  
   
कल अपने और अपने परिवार के सदस्यों के आवासों पर छापे पड़ने के चंद घंटे के भीतर येदियुरप्पा, उनके दोनों बेटों बीवाई राघवेंद्र (सांसद) और बीवाई विजयेंद्र तथा दामाद आरएन सोहन ने आवेदन दायर कर दिए थे।
   
सुनवाई स्थगित करते हुए न्यायाधीश शिवालिंगे गौड़ा ने उनसे नियमित अदालत में जाने को कहा। वर्तमान में अदालतें ग्रीष्मकालीन अवकाश पर हैं।
   
उच्चतम न्यायालय ने अवैध खनन के मामले में आरोपियों की कथित भूमिका का पता लगाने के लिए सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। जांच एजेंसी के अधिकारियों ने दो खनन कंपनियों पर भी छापे मारे थे जिन पर आरोप है कि उन्होंने येदियुरप्पा के मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल में अनुचित लाभ पहुंचाए जाने के बदले येदियुरप्पा के परिवार द्वारा संचालित एक ट्रस्ट को दान में बड़ी राशि दी थी।
   
बेंगलूर और हैदराबाद की संयुक्त टीमों ने 11 स्थानों पर छापे मारे थे।

भोजपुरी को अष्टम अनुसूची में लाने की मांग.


केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम ने गुरुवार को लोकसभा में भोजपुरी बोलकर सभी को हैरान कर दिया। आम तौर पर तमिल व धारा प्रवाह अंग्रेजी बोलने वाले चिदंबरम ने भोजपुरी को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने के मुद्दे पर अपनी बात इसी भाषा में रखी।

चिदम्बरम ने कहा, ''हम सबके भावना समझत बानी (हम सभी की भावना समझ रहे हैं)।'' उनके इतना कहने पर एकबारगी को सदन के सदस्य अचम्भित रह गए, लेकिन तुरंत मेजें थपथपाकर उनकी सराहना की। सदन की अध्यक्ष मीरा कुमार ने भी चिदम्बरम की तारीफ की, जो स्वयं बिहार से हैं। कुमार ने कहा कि यह खुशी की बात है कि जिस चिदम्बरम को उन्होंने कभी हिन्दी में बोलते हुए भी नहीं सुना, वह सदन को भोजपुरी में सम्बोधित कर रहे हैं।

चिदम्बर लोकसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब दे रहे थे, जिसमें भोजपुरी को बिहार की मूल भाषा के रूप में संविधान की आठवीं सूची में शामिल करने और इसे आधिकारिक भाषा का दर्जा देने पर बल दिया गया है। चिदम्बरम ने सदन से वादा किया कि इससे सम्बंधित प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। इस सम्बंध में दो समितियों की रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। रिपोर्ट मिलने के तुरंत बाद इस दिशा में निर्णय लिए जाएंगे। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने उम्मीद जताई कि भोजपुरी को आधिकारिक दर्जा देने के मुद्दे पर चिदम्बरम जल्द ही सदन में 'खुशखबरी' लेकर आएंगे।

बुधवार, 16 मई 2012

येदियुरप्पा ने दी अग्रिम जमानत की अर्जी.


सैकड़ों करोड़ रुपए के खनन घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सीबीआई येदियुरप्पा को किसी भी समय गिरफ्तार कर सकती है। येदियुरप्पा के खिलाफ धारा 120 बी, 409, 13 और 7 के तहत केस दर्ज किया गया है। 

गिरफ्तारी से बचने के लिए येदियुरप्पा ने कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दी है। सीबीआई ने बुधवार की सुबह खनन घोटाले में कथित भूमिका की जांच के लिए येदियुरप्पा और उनके रिश्तेदारों के घरों पर छापेमारी की। सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हमारी टीम येदियुरप्पा और उनके रिश्तेदारों के बेंगलुरू और शिमोगा में स्थित घरों में कुछ दस्तावेजों की तलाशी कर रही है।

सीबीआई ने मंगलवार को येदियुरप्पा, उनके दो बेटों बीएस विजयेंद्र और बीएस राघवेंद्र, दामाद सोहन कुमार और खनन कारोबारी प्रवीण चंद्रा के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया था। राघवेंद्र भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से लोकसभा के सदस्य हैं। वह शिमोगा लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। अधिकारी ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश की प्रति प्राप्त होने के बाद पांचों के खिलाफ हमने मंगलवार रात को मामला दर्ज किया। 

सोमवार, 14 मई 2012

गौड़ा को शाम चार बजे तक हटाने की मांग.


कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने राज्य में सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा को सोमवार शाम चार बजे तक पद से हटाकर पार्टी में व्याप्त संकट का समाधान करने की मांग की है। 

येदियुरप्पा ने कहा कि मैं शाम चार बजे अपने अगले कदम की घोषणा करूंगा। उन्होंने पार्टी के मौजूदा संकट के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री एचएन अनंत कुमार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वह राज्य का मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं और इसी वजह से गलतफहमियां फैला रहे हैं।

येदियुरप्पा ने कहा कि अनंत कुमार ने मेरे बारे में पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को गलत जानकारियां दीं और मुझे हमेशा पीछे खींचने में लगे रहे। मैं जब मुख्यमंत्री था तो उन्होंने कई बार खनन माफियाओं के साथ मिलकर मुझे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। भाजपा विधायक बीपी हरीश ने येदियुरप्पा के साथ मुलाकात के बाद कहा कि अगर वे पार्टी छोडते हैं तो 60 से अधिक विधायक, सांसद और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उनके साथ चले जाएंगे।

भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख केएस ईश्वरप्पा ने बताया कि कई मंत्रियों ने येदियुरप्पा को अपना इस्तीफा सौंप दिया है लेकिन पार्टी उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि वह लगातार पार्टी के केंद्रीय नेताओं के साथ संपर्क में हैं और उनके साथ चर्चा के बाद कोई न कोई हल निकल आएगा। सूत्रों ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्य सभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली ने येदियुरप्पा को फोन करके जल्दबाजी में कोई भी निर्णय नहीं लेने की सलाह दी है। 

भाजपा के सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय प्रतिनिधित्व जेटली या धमेंद्र प्रधान को पार्टी को संकट से निकालने का जिम्मा सौंप सकती है। हालांकि केंद्रीय प्रतिनिधित्व पहले ही साफ कर चुका है कि सदानंद गौड़ा के प्रतिनिधित्व में कोई फेरबदल करने की जरूरत नहीं है। इस बीच गोवा के लिए रवाना हो चुके गौड़ा के समर्थक विधायकों ने संकेत दिए हैं कि अगर मुख्यमंत्री को पद से हटाया जाता है तो वे भी अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।

रविवार, 13 मई 2012

येदियुरप्पा ने दी पार्टी छोडऩे की धमकी.


तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम में कर्नाटक की भाजपा सरकार संकट में घिर गई है। पूर्व मुख्यमंत्री बीएस. येदियुरप्पा ने भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी को पत्र लिखकर पार्टी छोडऩे की धमकी दी है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें आठ मंत्रियों, 42 विधायकों व कई सांसदों का समर्थन हासिल है। मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा ने सरकार पर किसी संकट से इनकार किया है। 

येदियुरप्‍पा ने कहा, 'मेरा मानना है कि नौ मंत्रियों ने अपना इस्‍तीफा सौंप दिया है। वे मौजूदा सीएम द्वारा खुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं।' पूर्व सीएम ने कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी की भी तारीफ की। उन्‍होंने कहा, 'मुझे सोनिया गांधी की तारीफ करनी चाहिए जो तुमकुर में एक कार्यक्रम के सिलसिले में आई थीं। कांग्रेस पार्टी बेहद एकजुट पार्टी है और यह अपने कार्यकर्ताओं की काफी मदद करती है। कांग्रेस पार्टी अपने लोगों को संकट से निकालने में मदद करती है। जबकि बीजेपी इस इंतजार में रहती है कि इसके लोग संकट में फंसें और उन्‍हें पार्टी से बाहर का रास्‍ता दिखाया जाए। जब बीजेपी का कोई कार्यकर्ता मुश्किल में पड़ता है तो पार्टी उस कार्यकर्ता की कुर्सी छीन लेती है।' गडकरी ने येदियुरप्‍पा के बयान पर कहा, 'मुझे इसकी जानकारी नहीं है। मैं पार्टी का एक कार्यकर्ता हूं। मुझे जो काम दिया जाएगा, उसे मैं पूरा करूंगा।' 

येदियुरप्पा कुछ दिनों से राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की मांग कर रहे थे। तीन दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ सीबीआई जांच के आदेश दिए। इसके बाद घटनाक्रम तेजी से बदला। शनिवार को येदियुरप्पा के घर पर उनके समर्थकों ने बैठक की। सूत्रों के मुताबिक आठ मंत्रियों व १५ विधायकों ने उन्हें इस्तीफे सौंप दिए हैं। मंत्रियों में शोभा करांदलजे, बासवराज बोम्माई, उमेश कट्टी, सीएम उडासी, वी. सोमन्ना, एमपी. रेणुकाचार्य, मुरुगेश निरानी शामिल हैं। 

इनमें से एक मंत्री ने कहा, 'हमारे नेता (येदियुरप्पा) इन इस्तीफों के बारे में कोई भी निर्णय लेने का स्वतंत्र हैं। हम पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया था। जबकि ऐसा कुछ नहीं था। इसलिए हमने इस्तीफा देने का निर्णय लिया।' सूत्रों के मुताबिक, कुछ मंत्रियों समेत ३८ विधायकों ने मुख्यमंत्री गौड़ा को पत्र लिखकर विधायक दल की बैठक बुलाने की मांग की है। उधर, आरएसएस नेता सतीश येदियुरप्पा को यह समझाने में नाकाम रहे कि वे ऐसा कोई कदम न उठाएं, जिससे पार्टी को नुकसान हो। 

 मुख्यमंत्री सदानंद ने गौड़ा एक सवाल के जवाब में कहा, 'मुझे इस्तीफे संबंधी कोई जानकारी नहीं है। मुझे कोई इस्तीफा नहीं मिला है। इसलिए भाजपा सरकार पर कोई संकट नहीं है।' गौड़ा ने कहा कि वे संसद की ६०वीं वर्षगांठ के मौके पर रविवार को नई दिल्ली जाएंगे। लेकिन पार्टी के शीर्ष नेताओं से इस बारे में चर्चा करने की उनकी कोई योजना नहीं है।

शुक्रवार, 11 मई 2012

येदयुरप्पा के खिलाफ सीबीआई जांच होगी.


कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदयुरप्पा को तगड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने येदयुरप्पा के खिलाफ सीबीआई जांच की सिफारिश की है। अब अवैध खनन के मामले में येदयुरप्पा के खिलाफ सीबीआई जांच होगी।

सुप्रीम कोर्ट ने ओबलापुरम खनन मामले में यह आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई से कहा कि वह तीन अगस्त तक अपनी रिपोर्ट कोर्ट को सौंप दे। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि बाकी किसी भी अदालत में सारी कार्यवाही पर रोक लगी रहेगी।

अवैध खनन मामले में येदयुरप्पा पर पद का दुरुपयोग करने और अपने परिवार को गलत तरीके से लाभ पहुंचाने का आरोप है। सीईसी का गठन सुप्रीम कोर्ट ने अवैध खनन मामले में जांच के लिए किया था। उनके परिवार से जुड़े ट्रस्ट के खिलाफ भी जांच की सिफारिश की गई थी, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने आज मुहर लगा दी।

बृहस्पतिवार, 10 मई 2012

चिदंबरम ने बीजेपी के आरोप बेबुनियाद बताया.


एयरसेल-मैक्सिस मुद्दे पर हंगामे की वजह से लोकसभा की कार्यवाही पहले दो बजे तक और फिर चार बजे तक स्थगित करनी पड़ी। बीजेपी का आरोप है कि गृह मंत्री पी. चिदंबरम के पुत्र कार्तिक चिदंबरम इस डील में शामिल हैं। हालांकि, चिदंबरम ने इन आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए कहा कि उनकी या उनके परिवार के किसी सदस्य की एयरसेल या मैक्सिस में हिस्सेदारी नहीं है। मगर, बीजेपी का हंगामा जारी रहा। इस पर वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी गुस्से से बेकाबू हो गए। 

2006 में हुए एरसेल-मैक्सिस डील के मसले को सीनियर बीजेपी सदस्य यशवंत सिन्हा ने उठाया और कहा चिदंबरम का नाम लिए बिना कहा कि तत्कालीन वित्त मंत्री के पुत्र कथित रूप से इसमें शामिल हैं। सिन्हा ने आरोप लगाया कि तत्कालीन वित्त मंत्री के पुत्र को मैक्सिस से 5 फीसदी शेयर मिले थे। सिन्हा ने वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी से इस बारे में बयान की मांग करते हुए इसे प्रथम दृष्टया एक बड़ा घोटाला बताया और कहा कि सरकार को इस पर पर्दा नहीं डालना चाहिए।

 बाद में बीजेपी सदस्य हंगामे पर उतर आए। केंद्रीय गृहमंत्री चिदंबरम ने इन आरोपों को गलत बताया लेकिन बीजेपी सदस्य उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे। चिदंबरम ने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि संसद का इस्तेमाल किसी नागरिक (उनके बेटे) पर आरोप लगाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी जवाब सुनने से डर रही है इसलिए उन्हें जवाब नहीं देने दे रही है।

बीजेपी सदस्य इस पर भी शांत नहीं हुए। वे वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी से इस मामले पर जवाब मांगते रहे। इस पर प्रणव मुखर्जी को गुस्सा आ गया। उन्होंने आगबबूला होते हुए कहा कि विपक्षी दल को एक ही बात बार-बार नहीं करना चाहिए। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी मुखर्जी का गुस्सा शांत करने की कोशिश की। हालांकि बाद में सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर मुखर्जी ने अपने व्यवहार के लिए सदन से माफी मांगी।

बुधवार, 9 मई 2012

राजा ने की जमानत की अर्जी दाखिल.


2जी मामले में आरोपी ए राजा ने 15 महीने के बाद जमानत की अर्जी दाखिल की है। पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा ने जमानत के लिए दिल्ली की एक अदालत का रुख किया। राजा पर 2जी मामले में मुकदमा चल रहा है। ए राजा फरवरी 2011 से तिहाड़ जेल में हैं। 

सुप्रीम कोर्ट ने आज पूर्व केंद्रीय दूरसंचार सचिव सिद्धार्थ बेहुरा को बुधवार को जमानत दे दी। बेहुरा 2जी घोटाले में कथित संलिप्तता के लिए फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। न्यायमूर्ति जीएस सिंघवी की अध्यक्षता वाली पीठ ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस आदेश को भी रद्द कर दिया, जिसमें न्यायालय ने अखबार में प्रकाशित रपटों को स्वत: संज्ञान में लेते हुए विशेष न्यायाधीश की अदालत द्वारा आरके चंदोलिया को दी गई जमानत रद्द कर दी थी।

हाईकोर्ट के आदेश का क्रियान्वयन नहीं हो पाया था, क्योंकि चंदोलिया आदेश के प्रभावी होने से पहले ही रिहा हो चुके थे। कोर्ट ने कहा कि बेहुरा पांच लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की जमानत पर रिहा किए जाएंगे।

सोमवार, 7 मई 2012

भाजपा और जदयू नेता लोजपा में शामिल.


बिहार में पार्टियों में पाला बदलने के सिलसिले को जारी रखते हुए सत्तारुढ़ जदयू और भाजपा के नेताओं ने आज रामविलास पासवान नीत लोजपा की सदस्यता ग्रहण की। 

लोजपा के महासचिव सत्यानंद शर्मा और प्रधान महासचिव राघवेंद्र सिंह कुशवाहा ने भाजपा और जदयू को छोड़कर लोजपा का दामन थामने वाले 30 सदस्यों का स्वागत किया। जदयू के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के महासचिव गुरभेज सिंह गांधी और भाजपा के नेता रंजीत सिंह के नेतृत्व में दोनों दलों के नेता लोजपा में शामिल हुए। इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि अल्पसंख्यकों का भाजपा और जदयू से मोहभंग होता जा रहा है। इसलिए बडी संख्या में लोग दोनों पार्टियों को छोड रहे हैं।

रविवार, 6 मई 2012

वसुंधरा के 40 समर्थक विधायकों का इस्तीफा.


भारतीय जनता पार्टी के करीब 40 विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष वसुंधरा राजे को आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की मांग को लेकर रविवार को अपने इस्तीफे राजे को सौपें।
    
राजे के नजदीकी विधायक ने जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी के करीब विधायकों ने आगामी विधानसभा चुनाव में राजे को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की मांग को लेकर अपने इस्तीफे नेता प्रतिपक्ष को सौपे हैं। उन्होने कहा कि इस्तीफे सौपने वालों में मैं स्वंय, किरण माहेश्वरी, राजपाल सिंह शेखावत, मोहन लाल गुप्ता, राधेश्याम गंगानगर, अब्दुल सगीर खां, प्रभु लाल सैनी शामिल है। विधायकों के अलावा पार्टी प्रकोष्ठ किसान मोर्चा के पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष भी इस मुहिम में शामिल हैं।