आर्यावर्त में समाचार और आलेख प्रकाशन के लिए सीधे संपादक को editor.aaryaavart@gmail.com पर मेल करें.

खेतिहर किसानों के मसीहा ब्रहमेश्वर मुखिया की गोली मारकर ह्त्या.

विविध लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
विविध लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 16 मई 2012

रुपया अब तक के न्यूनतम स्तर पर.


रुपये में रिकॉर्ड कमजोरी और खराब वैश्विक संकेतों की वजह से बाजारों का हौसला टूटा। सेंसेक्स 298 अंक गिरकर 16030 और निफ्टी 84 अंक गिरकर 4858 पर बंद हुए। 

पूंजी प्रवाह में बढ़ोतरी और यूरो क्षेत्र के संकट के बीच भारतीय शेयर बाजार आज चार महीने में पहली बार 16,000 के स्तर के नीचे चला गया था। साथ ही रुपया भी 54.46 के अब तक के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया।

रुपए की विनिमय दर में गिरावट के मद्देनजर आर्थिक वृद्धि में नरमी को लेकर चिंता से विदेशी फंडों द्वारा भारी बिकवाली के कारण बंबई स्टाक एक्सचेंज का बेंचमार्क सेंसेक्स आज दोपहर के कारोबारी सत्र में 16,000 के न्यूनतम स्तर के नीचे चला गया। 12 मार्च के बाद यह पहला मौका है जब सेंसेक्स 16,000 के नीचे गया है। डालर के मुकाबले रुपए के न्यूनतम स्तर 54.46 पर पहुंचने के कारण बिकवाली का दबाव बना।   

नाथुला के रास्ते भारत चीन व्यापार 21 मई से.


केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के विदेश व्यापार महानिदेशालय ने सिक्किम में नाथुला के रास्ते भारत-चीन सीमा व्यापार के लिए आयात और निर्यात की जाने वाली वस्तुओं की सूची में संशोधन कर सात और वस्तुओं को शामिल किया. इन वस्तुओं के शामिल होने के साथ ही सिक्किम में नाथुला के रास्ते भारत-चीन सीमा व्यापार के लिए आयात और निर्यात की जाने वाली वस्तुओं की संख्या 36 हो गई. जो कि इसके पहले यह संख्या 29 ही थी. इस संशोधन के साथ ही सिक्किम के व्यापारी चीन से 15 वस्तुओं के स्थान पर 20 वस्तुओं का आयात और 36 वस्तुओं का चीन को निर्यात कर सकेंगें.  

नाथुला के रास्ते इस बार का भारत-चीन सीमा व्यापार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 1 मई 2012 को शुरू होना था, परन्तु उस दिन भारी बर्फबारी के कारण शुरू नहीं हो सका. अब यह 21 मई 2012 से शुरू किया जाना है. सीमा व्यापार प्रतिवर्ष पहली मई से तीस नवंबर तक होता है. इस रास्ते से होने वाला सदियों पुराना व्यापार जुलाई 2006 में दूसरी बार शुरू हुआ था. वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध के चलते उस समय यह अचानक बंद हो गया था. नाथुला भारत-चीन सीमा व्यापार के तीन स्थलों में से एक है. दोनों देशों के बीच हिमाचल प्रदेश में शिवकिला और उत्तराखंड में लिपुलेक के रास्ते भी सीमा व्यापार होता है.

सोमवार, 14 मई 2012

नोएडा एक्सटेंशन मामले में याचिका खारिज.


नोएडा एक्सटेंशन जमीन मामले में किसानों को बड़ा झटका लगा है। वहीं फ्लैट बुक कराने वालों के लिए राहत की खबर है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जमीन अधिग्रहण के फैसले पर किसानों की पुनर्विचार याचिका खारिज कर दी है। हाईकोर्ट ने अधिग्रहण पर 2011 का फैसला बरकरार रखा है। किसानों  को 

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मुआवजा बढ़ाने का फैसला बरकरार रखा है, जबकि किसानों ने जमीन का अधिग्रहण रद्द करने की मांग की थी। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 63 गांव के किसानों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर की थी। अब अदालत के फैसले से नोएडा एक्सटेंशन में निर्माण कार्य फिर से शुरू हो सकता है।

शुक्रवार, 11 मई 2012

उत्तर पूर्व में भूकंप के झटके.


उत्तर पूर्व भारत के कई इलाकों में शुक्रवार शाम को भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र असम के तेजपुर में था। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.4 बताई जा रही है। भूकंप से नुकसान किसी बड़े नुकसान की या मौत की खबरें नहीं हैं, लेकिन दो लोगों के घायल होने की खबर मिली है। 

गुवाहाटी, शिलौंग , कोलकाता जैसे शहरों में भूकंप के झटकों से घबराहट फैल गई। लोग घरों से बाहर निकल आए। 10 से 15 सेकंड तक ये झटके महसूस किए गए।

गुवाहाटी से करीब 200 किलोमीटर दूर राहान नाम के शहर में एक घर गिरने की खबर मिली है। उस घटना में दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। गुवाहाटी के दो मॉल में दरारें आ गईं। लोग घबराहट से बाहर निकल आए। कई और घरों में दरार आने की खबर है।

लश्करके पांच आतंकी घुसे.

 
जारी आतंकी अलर्ट में कुछ ऐसे लोगों की पहचान आतंकवादियों के रूप में की गई है, जिनमें से लाहौर के दो कारोबारी और एक सुरक्षागार्ड है. केंद्रीय गृह सचिव आर के सिंह ने कहा कि जो  अलर्ट जारी किया गया है, वह पक्की सूचना पर आधारित है लेकिन उन्होंने अलर्ट की विषयवस्तु और फोटो के बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. 

विश्वसनीय सूचना के आधार पर खुफिया एजेंसी ने महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा सहित कई राज्यों को चेतावनी दी है कि पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तय्यबा के पांच आतंकवादी भारत में घुस गए हैं और वह पेट्रोलियम संस्थानों सहित महत्वपूर्ण इमारतों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे हैं. खुफिया एजेंसी की ओर से जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने पांच में से तीन आतंकवादियों के फोटो जारी किए. 

गृहमंत्री पी. चिदंबरम और गृह सचिव आर के सिंह ने भी मुख्यमंत्रियों के हाल के सम्मेलन में विवादास्पद एनसीटीसी के गठन की वकालत करते हुए ऐसा जिक्र किया था. मुंबई के एक अखबार द्वारा फोटो सहित अलर्ट के बारे में खबर दिए जाने के बाद पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया था कि यह तीनों इस समय लाहौर में रह रहे हैं, जिनमें से दो कारोबारी और एक सुरक्षागार्ड है. पाकिस्तानी मीडिया खबरों के मुताबिक कारोबारियों की पहचान अतीफ और महताब बट के रूप में की गई जबकि गार्ड की पहचान बाबर के रूप में की गई है. मीडिया खबरों में कहा गया कि दोनों कारोबारियों ने फोटो जारी होने के बाद स्थानीय पुलिस थाने से संपर्क कर सुरक्षा मांगी है.

बृहस्पतिवार, 10 मई 2012

15 मई से हवाई यात्रा महंगी होगी


दिल्ली से विमान यात्रा महंगी हो जाएगी. मंगलवार से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने-जाने वाले यात्रियों को ऊंचा उपयोग विकास शुल्क देना होगा.  हवाईअड्डा आर्थिक नियामक प्राधिकरण ने 25 अप्रैल को यूडीएफ सहित हवाई अड्डा शुल्क में दो साल के लिए 346 प्रतिशत की भारी वृद्धि का फैसला किया था. 

एयरलाइन कंपनियों ने इसका विरोध करते हुए कहा है कि इसका सबसे ज्यादा बोझ उन पर और विमान यात्रियों पर पड़ेगा. आधिकारिक सूत्रों ने बताया, ‘एरा के फैसले को सरकार ने स्वीकार कर लिया है और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने अब उसे अधिसूचित कर दिया है.’

15 मई से यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ने वाले यात्रियों को 5,000 किलोमीटर से अधिक के लिए 1,068 रुपये का यूडीएफ चुकाना होगा. वहीं आईजीआई हवाई अड्डे पर आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को 881.10 रुपये अदा करने होंगे. 2,000 से 5,000 किलोमीटर की यात्रा करने वाले मुसाफिरों को 845.50 रुपये अदा करने होंगे. यहां अंतरराष्ट्रीय उड़ान से आने वाले यात्रियों के लिए शुल्क दर 699.17 रुपये होगी. 2,000 किलोमीटर से कम की यात्रा करने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को प्रस्थान के लिए 534 और आगमन के लिए 436 रुपये का यूडीएफ देना होगा.

घरेलू उड़ानों के लिए प्रस्थान करने वाले यात्रियों को 500 किलोमीटर से अधिक के लिए 462.80 रुपये और आगमन वाले यात्रियों को 391.60 रुपये का यूडीएफ अदा करना होगा. वहीं 500 किलोमीटर से कम की यात्रा के लिए यह दर क्रमश: 231.40 रुपये और 195.80 रुपये होगी. यह पहला अवसर है कि हवाईअड्डे पर आगमन करने वाले यात्रियों पर भी यूडीएफ लगाया जाएगा.

एरा के आदेश के अनुसार, यूडीएफ की दरें 15 मई से लागू होंगी और अगले साल इनमें और इजाफा होगा.
समझा जाता है कि इससे टिकट दरों में भी इजाफा होगा. यह इस बात पर निर्भर करेगा कि एयरलाइन विभिन्न हवाई अड्डा शुल्कों मसलन लैंडिंग, पार्किंग, नेविगेशन और कामन यूजर टर्मिनल में बढ़ोतरी का कितना बोझ यात्रियों पर डालती हैं. एयरलाइन कंपनियों के वैश्विक संगठन अंतरराष्ट्रीय वायु परिवहन संघ ने कहा था कि हवाईअड्डा शुल्कों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली दुनिया का सबसे महंगा हवाईअड्डा बन जाएगा. 

बुधवार, 9 मई 2012

11 मई से शुरू होगी आरुषि मामले का मुकदमा.


राजेश और नूपुर तलवार की बेटी आरुषि और उनके घरेलू नौकर हेमराज की हुई हत्या के मामले में गाजियाबाद की सेशन कोर्ट में 11 मई से औपचारिक मुकदमा शुरू होगा।  विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसजेएम) प्रीति सिंह ने बुधवार को यह कहते हुए केस डिस्ट्रिक्ट एवं सेशन जज भारत भूषण की अदालत में भेज दिया कि उनके पास हत्या के मामले में केस चलाने के लिए आईपीसी के तहत आवश्यक शक्ति नहीं है। 

एसजेएम सिंह ने डेंटिस्ट कपल के इस आग्रह को खारिज कर दिया कि मामले में अभी केस नहीं चलाया जा सकता क्योंकि उन्हें अभी अभियोजन ने सभी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए हैं। कोर्ट सीबीआई की इस दलील से सहमत नजर आई कि वे सिर्फ मुकदमे में देरी कराने की कोशिश कर रहे हैं। 

अभियोजन द्वारा सभी दस्तावेज मुहैया कराए जाने के तलवार दंपती के आग्रह का विरोध करते हुए सीबीआई ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की इस व्यवस्था के अनुरूप उन्हें प्रासंगिक दस्तावेज पहले ही दिए जा चुके हैं कि वे सीबीआई द्वारा अदालत में दायर सभी दस्तावेजों को पाने के हकदार नहीं हैं। सीबीआई के वकील ने कहा कि एजेंसी ने कुल 153 गवाहों से जिरह की है और उनमें से 90 के बयान तलवार दंपती को पहले ही उपलबध कराए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 23 तस्वीरें भी उपलब्ध कराई गईं जिन पर एजेंसी अपने मुकदमे के लिए निर्भर है। अदालत ने हालांकि, तलवार दंपती को सभी दस्तावेजों के निरीक्षण की अनुमति दे दी। सुनवाई के दौरान नूपुर और उनके पति राजेश तलवार दोनों ही मौजूद थे। नूपुर को बाद में डासना जेल ले जाया गया।

नूपुर की पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई आज.


आरुषि-हेमराज मर्डर केस में बुधवार को नूपुर तलवार की पुनर्विचार याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। नूपुर तलवार की आज सीबीआई कोर्ट में पेशी है जिसमें नूपुर को ट्रायल के लिए सेशंस कोर्ट भेजें या नहीं इस पर भी सुनवाई होगी। 

नूपुर तलवार गाजियाबाद की अदालत के आदेश के बाद न्यायिक हिरासत में हैं। इस वक्त वह गाजियाबाद की डासना जेल में हैं। सुनवाई के दौरान अदालत में नुपूर के वकील ने कहा कि उनकी मुवक्किल के खिलाफ कोई प्रमाण नहीं हैं और उनके विज्ञान आधारित परीक्षणों जैसे लाई डिटेक्शन और पॉलीग्राफ टेस्ट में भी उनके खिलाफ कुछ नहीं पाया गया।

वकील के अनुसार, घटना स्थल पर मिले उंगलियों के निशान भी नूपुर की उंगलियों के निशान से मेल नहीं खाते। उन्होंने तर्क दिया कि नूपुर के पति और सह आरोपी राजेश तलवार को जमानत दी जा चुकी है इसलिए उन्हें भी समानता के आधार पर जमानत दी जानी चाहिए। वकील ने यह भी कहा कि नूपुर एक महिला हैं और इसलिए भी उन्हें जमानत दी जानी चाहिए। बहरहाल, सीबीआई के अधिवक्ता ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि राजेश तलवार को नियमित जमानत नहीं मिली है बल्कि उनकी जमानत की समीक्षा की जा रही है। इसलिए समानता का सवाल ही नहीं उठता।

मंगलवार, 8 मई 2012

नक्सलियों ने की पुलिस अधिकारी की हत्या.


ओडिशा में मंगलवार को संदिग्ध नक्सलियों ने अगवा किए गए पुलिस अधिकारी की हत्या कर दी। इससे पहले उप पुलिस महानिरीक्षक सौमेंद्र प्रियदर्शी ने बताया था कि सहायक सब इंस्पेक्टर क्रुपारम मांझी को नुआपाड़ा जिले के बुधास गांव के नजदीक अगवा किया गया।

सूत्रों के अनुसार, कुछ ही घंटे बाद गोलियों से छलनी उनका शव पाया गया। उनके हाथ एवं पैर बंधे थे। मांझी को अर्धसैनिक बलों के शिविर से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर अगवा किया गया था।

सोमवार, 7 मई 2012

प्लास्टिक के पूर्ण प्रतिबन्ध पर विचार


सर्वोच्च न्यायालय ने सोमवार को कहा कि वह इस बात पर विचार करेगा कि मवेशियों और पर्यावरण के हितों को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए या नहीं।

न्यायमूर्ति जी. एस. सिंघवी की अध्यक्षता वाली सर्वोच्च न्यायालय की पीठ ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान यह बात कही। याचिका में पशुओं की स्थिति पर न्यायालय का ध्यान आकर्षित किया गया है, जो कथित रूप से अपने भोजन के साथ प्लास्टिक भी निगल रहे हैं। 

याचिका करुणा सोसाइटी फॉर एनिमल एंड नेचर ने दायर की है। याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने केंद्र एवं राज्य सरकारों और प्लास्टिक निर्माताओं को नोटिस जारी किए। न्यायालय ने सुझाव दिया कि या तो प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध होना चाहिए या निर्माताओं को इस्तेमाल किए गए प्लास्टिक को चुनकर उसका पुनर्चक्रण करना चाहिए।

सोने पर बढ़ाई गई एक्‍साइज ड्यूटी हटी.


वित्‍त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने लोकसभा में वित्‍त विधेयक पर चर्चा के दौरान लोगों को राहत देने का ऐलान किया। प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री पर प्रस्‍तावित एक फीसदी टीडीएस हटा दिया गया है। सोने पर बढ़ाई गई एक्‍साइज ड्यूटी हटाने का भी ऐलान किया गया है। अब पांच लाख रुपये तक की जूलरी खरीदने पर एक्‍साइज ड्यूटी नहीं लगेगी। पहले यह सीमा 2 लाख रुपये तक थी।  

इस साल का आम बजट पेश करते हुए वित्‍त मंत्री ने ब्रांडेड और अनब्रांडेड जूलरी पर एक फीसदी एक्‍साइज ड्यूटी लगाने का प्रस्‍ताव किया था। हालांकि सरकार के इस प्रस्‍ताव का देशभर में गहना व्‍यापारियों ने विरोध किया था। जौहरियों ने 20 दिनों तक हड़ताल भी की थी। अब प्रणब दा ने ऐलान किया कि गहना व्‍यापारियों की मांगों को देखते हुए गहने पर लगाई गई एक्‍ससाइज ड्यूटी हटाने का फैसला किया गया है। यहीं नहीं, अब तक इस पर वसूली गई एक्‍साइज ड्यूटी रिफंड भी होगी।

बजट में 50 लाख रुपये से अधिक प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री पर एक फीसदी टीडीएस का प्रस्‍ताव भी किया गया था। इसे इस साल अगस्‍त से लागू होना था। यदि ऐसा होता तो प्रॉपर्टी खरीदना-बेचना और महंगा हो जाता। लेकिन वित्‍त मंत्री ने वित्‍त विधेयक पर चर्चा के दौरान टीडीएस का प्रस्‍ताव वापस लेने का ऐलान किया। इसके साथ ही सरकार ने विवादास्पद जीएएआर में संशोधन का भी प्रस्‍ताव करते हुए इसे एक साल के लिए टाल दिया है। इसे 2013-14 से लागू होना था।  
  

हत्या के आरोप में ए.के. शुक्ला गिरफ्तार.


सीबीआई ने लखनऊ के पूर्व मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी एके शुक्ला को उनके पूर्ववर्ती विनोद के आर्य की अक्टूबर 2010 में हुई हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बताया कि शुक्ला को यहां कल रात आर्य की हत्या की आपराधिक साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। सीबीआई के मुताबिक, हत्या के पीछे कथित वजह राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन में धन की अनियमितता के खुलासे का डर था। 
    
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ऐसे संकेत सामने आ रहे थे कि शुक्ला एक अन्य सीएमओ बी पी सिंह की हत्या में भी कथित तौर पर शामिल हो सकते हैं। एजेंसी ने दावा किया कि सबूत इस बात की ओर इशारा करते हैं कि उप मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी वाई एस सचान भी आर्य की हत्या की साजिश में कथित तौर पर शामिल थे। सचान की जेल के भीतर हुई हत्या से काफी सनसनी मची थी।
    
शुक्ला को पिछले साल सीबीआई ने एनआरएचएम घोटाले के सिलिसिले में गिरफ्तार किया था लेकिन इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने उन्हें जमानत दे दी। अदालत ने 27 जुलाई को सीबीआई को दो सीएमओ की हत्या और एनआरएचएम के क्रियान्वयन में अनियमितता की जांच करने का निर्देश दिया था।

रविवार, 6 मई 2012

टाटा एशिया की 10 अच्छी कंपनियों में शामिल .


टाटा समूह इकलौती भारतीय कंपनी है जिसे नेतृत्व के लिहाज से एशिया की 10 सबसे अच्छी कंपनियों की सूची में शामिल किया गया है। यह सूची प्रबंधन परामर्श क्षेत्र की प्रमुख कंपनी हे ग्रुप ने तैयार की है। टाटा समूह ने एशिया की सबसे अच्छी 10 कंपनियों में पांचवां स्थान प्राप्त किया है और इस सूची में सबसे ऊपर सैमसंग समूह का नाम है जिसके बाद टोयोटा मोटर और यूनिलीवर दूसरे व तीसरे स्थान पर है।

इस रपट में कहा गया कि अन्वेषण की वजह से टाटा समूह को एशिया की प्रमुख कंपनियों में जगह बनाने में मदद मिली। इस रपट में टाटा की नैनो परियोजना का जिक्र महत्वपूर्ण खोज के तौर पर किया गया है।
इस रपट में एशिया की दस अन्य कंपनियों में नेस्ले, आईबीएम कार्प, सोनी कार्प, प्राक्टर एंड गैंबल, कोका कोला और पेट्रोनास शामिल है। 

शनिवार, 5 मई 2012

चंद्रमा रविवार को पृथ्वी के सबसे निकट होगा.


चंद्रमा रविवार को पृथ्वी के सबसे निकट होगा और यह अपेक्षाकृत बड़ा नजर आएगा। सुपरमून नामक यह परिघटना इस साल बुद्धपूर्णिमा के अवसर पर होगी। छह मई को रात में 09 बजकर पांच मिनट पर पृथ्वी और चंद्रमा के बीच की दूरी घटकर 356955 किलोमीटर होगी, जो इस साल सबसे समीप होगा। चंद्रमा का कोणीय आकार 0.5515 डिग्री होगा।


मुंबई स्थित नेहरू तारा घर के निदेशक अरविंद परांजपे ने बताया कि यह देखना बेहद रोचक होगा कि छह मई को सूर्योदय से कुछ मिनट पहले चंद्रमा पश्चिमी क्षितिज पर डूबेगा और उसी शाम सूर्यास्त के एक घंटे के बाद उसका उदय होगा। इस साल 28 नवंबर को चंद्रमा पथ्वी से सबसे अधिक दूरी पर होगा और दोनों के बीच की दूरी 4,06,349 किलोमीटर होगी। इस तरह से छह मई की पूर्णिमा 28 नवंबर की पूर्णिमा से करीब 11 प्रतिशत बड़ी होगी।

शुक्रवार, 4 मई 2012

रिलायंस इंडस्ट्रीज पर 6600 करोड़ का जुर्माना.


केंद्र सरकार ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए उस पर करीब 6600 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है ।  पेट्रोलियम मंत्रालय ने बुधवार को देर शाम रिलायंस इंडस्ट्रीज को नोटिस भेजा। नोटिस में कहा गया है कि कंपनी ने प्रॉडक्शन शेयरिंग कॉन्ट्रैक्ट (पीएससी) का उल्लंघन किया है। कंपनी ने मंजूरीशुदा प्लान में जितने कुएं खोदने का वादा किया था, जान-बूझकर उससे कम कुएं खोदे। कंपनी का कहना है कि प्रॉडक्शन में कमी की वजह अप्रत्याशित भूगर्भीय दिक्कतें हैं। आंकड़ों से यह साबित हुआ है कि ज्यादा कुएं खोदने का कोई फायदा नहीं होगा। कंपनी की इस दलील को पेट्रोलियम मंत्रालय ने सिरे से खारिज कर दिया है।

मंत्रालय ने कड़े शब्दों वाले इस नोटिस में लिखा है, 'आपको बताया जा रहा है कि आप पीएससी की अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने में नाकाम रहे हैं और आपने यह काम जानबूझकर किया है, जिससे सरकार और देश की जनता का बहुत नुकसान हुआ है। आपने काफी समय तक पीएससी की शर्तों के हिसाब से काम नहीं किया और बार-बार पीएससी टारगेट हासिल करने में नाकाम रहे हैं।'

पेट्रोलियम मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस मामले में टिप्पणी करने से इनकार किया है जबकि कंपनी ने ई-मेल से पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया है। एक्सप्लोरेशन इंडस्ट्री के अधिकारियों का कहना है कि मंत्रालय के कदम से इस सेक्टर में इनवेस्टमेंट को धक्का लगेगा। ओएनजीसी और जीएसपीसी जैसी कंपनियों को रिलायंस के डी6 ब्लॉक से सटे अपने-अपने ब्लॉक में गैस फील्ड के डिवेलपमेंट भी ऐसी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज और सरकार के बीच तब से छत्तीस का आंकड़ा चल रहा है, जब से जयपाल रेड्डी मुरली देवड़ा की जगह पेट्रोलियम मंत्री बने हैं। कंपनी को अप्रूवल्स मिलने में देर हो रही है। कंपनी के आला अफसरों को सरकारी अधिकारियों से मुलाकात के लिए महीनों का इंतजार करना पड़ रहा है। इसके अलावा प्रस्तावित कोल बेड मीथेन के लिए कंपनी के प्राइसिंग फॉर्मूले को लंबे समय से मंजूरी नहीं मिली है।

कंपनी पर लगे 1.235 अरब डॉलर के जुर्माने के 2 हिस्से हैं। पहला 45.7 करोड़ डॉलर का जुर्माना 2010-11 के दौरान कम प्रॉडक्शन होने, जबकि 77.8 करोड़ रुपए का दूसरा जुर्माना 2011-12 में प्रॉडक्शन और घटने की वजह से लगा है। इस फाइनैंशल ईयर में गैस प्रॉडक्शन और घटने के आसार हैं। 

अन्ना के खिलाफ याचिका खारिज


लोकपाल  आन्दोलन  के दौरान कथित तौर पर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे और उनके दो सहयोगियों पर कार्रवाई के लिए सरकार को निर्देश देने की मांग करने वाली एक याचिका शुक्रवार को सर्वोच्च न्यायालय ने खारिज कर दी. चेन्नई के एल.के. वेंकट की ओर से दाखिल याचिका को खारिज करते हुए न्यायमूर्ति बी. एस. चौहान की अध्यक्षता वाली सर्वोच्च न्यायालय की पीठ ने कहा, 'आप प्रचार चाहते हैं. राष्ट्रीय ध्वज का कोई अपमान नहीं हुआ.' 

न्यायालय ने कहा कि यदि याचिकाकर्ता ने अन्ना, किरण बेदी और अरविंद केजरीवाल पर कार्रवाई करने के अनुरोध पर जोर दिया तो उसके खिलाफ एक लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया जाएगा. याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका में टीम अन्ना द्वारा दिल्ली, मुंबई और चेन्नई में किए गए विरोध प्रदर्शनों का हवाला दिया था. 

IIT की प्रवेश परीक्षा में गलत प्रश्न पूछे गए.


भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की प्रवेश परीक्षा के लिए गरीब बच्चों को प्रशिक्षण देने वाले प्रतिष्ठित संस्थान सुपर 30 के संस्थापक और गणितज्ञ आनंद कुमार ने इस वर्ष आईआईटी की प्रवेश परीक्षा में फिर गलत प्रश्न पूछे जाने पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष तीन ऐसे प्रश्न पूछे गये, जो गलत हैं।

आनंद ने बताया कि परीक्षा के तुरंत बाद ही यह बात सामने आ गई थी कि तीन प्रश्न गलत पूछे गये हैं और जब वेबसाइट पर प्रश्नों के उत्तर दिए गए तो यह और भी स्पष्ट हो गया। इसके बाद भी आईआईटी गलती स्वीकारने की बजाय औसत अंक (एवरेज मार्किंग) करने की बात कर रहा है। वे कहते हैं कि आईआईटी की वेबसाइट पर दिये गये प्रश्नों के उत्तर में रसायन शास्त्र और गणित के हल प्रश्नों के नीचे लिख दिया गया है कि इस प्रश्न के लिए शून्य नंबर दिए जाएंगे। इसी तरह भौतिकी के छठे प्रश्न के दो विकल्पों को सही कहा गया है।
आनंद ने कहा आईआईटी के प्रोफेसर पिछले कई वषरे से प्रश्नों को हल करने और प्रश्न पूछने में लापरवाही बरत रहे हैं। दो वर्ष पूर्व भी हिन्दी माध्यम से परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को कम अंक देने की बात सामने आई थी जबकि पिछले वर्ष प्रवेश परीक्षा में 18 अंक के प्रश्न गलत पूछे गये थे। इसमें भी औसत अंक दिये गये जिससे मेधावी छात्रों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था।  वे कहते हैं कि ऐसे में जहां आईआईटी की विश्वसनीयता घटी है वहीं छात्रों का विश्वास भी डगमगाया है। छात्र गलत प्रश्नों को हल करने में अधिक समय लगा देते हैं।

बृहस्पतिवार, 3 मई 2012

जमशेदपुर से युवा लापता, मदद करें.

 दीपक  कुमार झा



 दीपक  कुमार झा, पिता श्री अशोक  कुमार झा , उम्र - 26 वर्ष, लम्बाई  5 फीट 9 इंच  रंग  सांवला, दिनांक 26  अप्रैल  से अपने जमशेदपुर निवास  स्थान   से  करीब  10 बजे रात्री  से  लापता है . दीपक  की दीमागी  हालत  ठीक  नहीं है . आखिरी बार उसे भागलपुर रेलवे स्टेशन पर देखा गया . जमशेदपुर थाना में इसकी रपट  लिखवा दी गयी है . कृपया दीपक  कुमार  से सम्बंधित  कोई भी जानकारी या सूचना मिलने  पर उनके पिता श्री अशोक जी से नीचे  लिखे नंबर  पर  संपर्क  करें। 

फ़ोन : 9162893979

थाना के रपट की कॉपी 





बुधवार, 2 मई 2012

नूपुर तलवार ने फैसले की समीक्षा करने को कहा.


नोएडा में आरूषि-हेमराज हत्याकांड में जमानत के लिए नूपुर तलवार ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया. न्यायिक हिरासत में चल रही नूपुर ने उच्चतम न्यायालय के समक्ष लंबित याचिका में फिर से जमानत याचिका दायर कर उच्चतम न्यायालय से अपने फैसले की समीक्षा करने को कहा है.

उच्चतम न्यायालय ने उनके एवं उनके पति राजेश तलवार के खिलाफ आपराधिक अभियोजन चलाने को मंजूरी दी थी. तलवार के वकील ने स्पष्ट किया कि गाजियाबाद अदालत के आज के फैसले को उन्होंने चुनौती नहीं दी. जिसने आरूषि की मां को जमानत देने से इंकार कर दिया. उनके वकील ने कहा, वास्तव में लंबित समीक्षा याचिका में जमानत के लिए याचिका दायर की गई है. जिसे सुनवाई के लिए शुक्रवार को सूचीबद्ध किए जाने की संभावना है.

उच्चतम न्यायालय ने 15 मार्च को दंपति की याचिका पर खुली अदालत में सुनवाई करने का निर्णय किया था.
दंपति ने छह जनवरी को उच्चतम न्यायालय के फैसले की समीक्षा करने को कहा जिसमें इसने हत्या में दंपति के खिलाफ सुनवाई को मंजूरी दी थी और उनके खिलाफ आपराधिक कार्यवाही को नामंजूर करने की याचिका को खारिज कर दिया था. इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा उन्हें सुरक्षा देने से मना करने के बाद गाजियाबाद की सीबीआई की विशेष अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किया. इसके बाद नूपुर ने जमानत और गिरफ्तारी से बचने के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था. बहरहाल उच्चतम न्यायालय ने 27 अप्रैल को उसे निर्देश दिया कि गाजियाबाद की निचली अदालत में वह 30 अप्रैल को आत्मसमर्पण करे. सीबीआई अदालत द्वारा उसकी याचिका खारिज होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. 


वोडाफोन अपनी कॉल दरें बढ़ा सकता है.


मुख दूरसंचार ऑपरेटर वोडाफोन इंडिया ने मंगलवार को मुंबई सर्कल में अपनी कॉल दरों में 20 प्रतिशत की भारी वृद्धि की है। संभावना है कि अन्य जगहों पर भी कॉल दरें बढ़ाई जा सकती हैं। यह इस बात का संकेत है कि सस्ती कॉल दरों का दौर जल्द समाप्त होने वाला है।

पोस्ट पेड ग्राहकों को भेजे एसएमएस में कंपनी ने कहा है कि स्थानीय और एसटीडी कॉल की दरें अब 1.2 पैसे प्रति सेकंड होंगी। नई दरें मई के बिल से लागू होंगी। इस बारे में वोडाफोन के एक अधिकारी ने टिप्पणी से इनकार करते हुए कहा कि हम दर ढांचे पर टिप्पणी नहीं करते।