मंगलवार से एशिया कप शुरू !! - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 14 जून 2010

मंगलवार से एशिया कप शुरू !!


भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पास श्रीलंका में मंगलवार से शुरू हो रहे एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में आईसीसी वनडे रैंकिंग में अपनी बादशाहत वापस पाने का मौका रहेगा। भारतीय टीम इस दौरान वनडे रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंचने की कोशिश करेगी। धोनी वनडे रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के माइक हसी और दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स के बाद तीसरे स्थान पर हैं। भारतीय कप्तान फिलहाल हसी से आठ और डिविलियर्स से दो रेटिंग अंक पीछे हैं।


एशिया कप में बेहतरीन प्रदर्शन धोनी को फिर से नंबर वन बना सकता है। दूसरी ओर, जिम्बाब्वे में तीन मैच हारने के कारण भारत वनडे रैंकिंग में तीसरे स्थान पर आ चुका है। एशिया कप में वह बांग्लादेश और पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले दोनों मैच जीतकर नंबर दो बन सकता है। वर्तमान में वनडे टीम रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया पहले और दक्षिण अफ्रीका दूसरे स्थान पर है।


कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में मजबूत भारतीय टीम श्रीलंका के दांबुला में 15 जून से होने वाले एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में तिरंगा फहराने के लक्ष्य के साथ आज श्रीलंका पहुंच गई। टीम इंडिया के आठ सदस्य दो दिन के शिविर के लिए चेन्नई में इकट्ठा हुए थे जिसका एक दिन वर्षा के कारण धुल गया था।


चेपक स्टेडियम में नेट अभ्यास के बाद कप्तान धोनी ने प्रेस कांफ्रेंस में विश्वास व्यक्त किया था कि भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करेगी। भारतीय टीम के छह सदस्य सुरेश रैना, रोहित शर्मा, विराट कोहली, रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, अशोक डिंडा और प्रज्ञान ओझा जिम्बाब्वे दौरे का विजयी अंत करने के बाद सोमवार को मुंबई पहुंचेंगे और वहीं से सीधे श्रीलंका के लिए रवाना हो जाएंगे।


रवानगी से पहले एशिया कप की तैयारियों के बारे में कप्तान धोनी ने कहा कि यह हमारे लिए महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है खासकर यह देखते हुए कि हम लंबे समय अंतराल के बाद एकदिवसीय टूर्नामेंट खेलने जा रहे हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि वैसे हर अंतरराष्ट्रीय सीरीज काफी महत्वपूर्ण होती है।


भारतीय कप्तान ने इस बात पर थोड़ा अफसोस जताया कि यहां के बारिश वाले मौसम के कारण टीम को पूरा अभ्यास नहीं मिल पाया था लेकिन उन्हें साथ ही इस बात की खुशी है कि एशिया कप जैसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में टीम पूरी ताकत के साथ जा रही है। धोनी ने कहा हम अपनी पूरी मजबूत टीम के साथ खेलेंगे। हालांकि दांबुला में खेलना आसान नहीं होगा लेकिन टीम का हर साथी जोश से भरा है और सभी श्रीलंका में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब हैं।


भारतीय कप्तान ने इन बातों को सिरे से खारिज कर दिया कि जिम्बाब्वे त्रिकोणीय सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन का उस टीम के सदस्यों के मनोबल पर प्रतिकूल असर होगा। धोनी ने कहा मुझे नहीं लगता कि उनका मनोबल गिरा हुआ होगा। मैं उम्मीद करता हूं कि वे ऊंचे आत्मविश्वास के साथ जिम्बाब्वे से श्रीलंका पहुंचेंगे।


टीम कांबिनेशन के बारे में पूछने पर धोनी ने कहा अभी यह बता पाना बहुत मुश्किल है कि हमारा बल्लेबाजी और गेंदबाजी में क्या कांबिनेशन होगा। हमें पहले वहां की परिस्थितियों और विकेट को देखना होगा जिसके बाद ही हम कोई फैसला कर पाएंगे कि टीम में किस तरह का तालमेल रखना है। एशिया कप को 2011 विश्वकप की तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए धोनी ने कहा हमें हाल में प्रयोग करने का मौका मिला था और हमने कुछ नए खिलाड़ियों को आजमाया भी है लेकिन


जैसे ही आपके पास एक संतुलित टीम बन जाएगी तो आप उन्हीं के साथ खेलना चाहेंगे जब तक कि कोई चोटिल न हो जाए। कप्तान ने साथ ही कहा कि टीम में ऐसे खिलाड़ियों को रखा जाना बहुत जरूरी है जिन्होंने काफी वनडे मैच खेले हों, कम से कम 100 से ज्यादा।