योग गूरु बाबा रामदेव ने भ्रष्टाचार और काले धन के मुद्दे पर दिल्ली के रामलीला मैदान में अनशन शुरू कर दिया है. अनशन की शुरूआत शनिवार की सुबह सात बजे से हुई. अनशन की शुरूआत करने से पहले सुबह पांच बजे के आस पास ही बाबा रामदेव मंच पर आ गए और पांच से सात बजे तक उन्होंने अपने समर्थकों को योग सिखाया.
देश के कोने-कोने से दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचे बाबा रामदेव के हज़ारों समर्थक भी उनके साथ अनशन में हिस्सा ले रहें हैं. पहले बाबा रामदेव ने कहा था कि सात-आठ हज़ार लोग उनके साथ अनशन करेंगे, लेकिन रामलीला मैदान से मिल रही ख़बरों के मुताबिक़ उनके समर्थकों की संख्या इससे बहुत ज़्यादा है. एक अनुमान के अनुसार इस वक़्त तीस से चालीस हज़ार लोग रामलीला मैदान में मौजूद हैं, और लोगों के आने का सिलसिला जारी है. कई लोग अपने बिस्तर, तकिया, और खाने-पीने के सामान के साथ रामलीला मैदान पहुंचे हैं. इतनी तादाद में लोगों के आने के कारण सुरक्षा जांच को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं.
रामदेव ने अपने समर्थकों से कहा है कि जो दिल्ली नहीं आ सकते हैं, वे जहां हैं वहीं से अनशन करें. शुक्रवार शाम को अपने हज़ारों समर्थकों और मीडिया से बात करते हुए रामदेव ने कहा था, "जबतक हमारे मूद्दे पूरी तरह से सौ प्रतिशत प्रमाणिकता के साथ, वैधानिक तरीक़े से नहीं मानी जाएंगी, हमारा अनशन जारी रहेगा." साथ ही बाबा रामदेव ने सरकार को ये कहते हुए खुली चूनौती भी दी कि वो अपने कार्यक्रम को किसी भी सूरत में हिंसक नहीं होने देंगे "लेकिन यदि उन्हें दबाने और कुचलने की कोशिश की गई तो ठीक नहीं होगा." "ना आजतक रामदेव को कोई दबा पाया है. ना ख़रीद पाया है." उन्होंने दावा किया कि भारत का 400 लाख करोड़ काला धन विदेशों में ग़ैरक़ानूनी तरह से जमा किया गया है और इसे जल्द से जल्द वापस लाने की कारवाई शुरू की जानी ज़रूरी है.
शुक्रवार को रामदेव और केंद्र सरकार के बीच बातचीत विफल हो गई. दिल्ली के एक पाँच सितारा होटल में मनमोहन सिंह सरकार के दो प्रतिनिधि मंत्रियों कपिल सिबल और सुबोध कांत सहाय के साथ हुई बैठक से निकलने के बाद बाबा रामदेव सीधे महात्मा गाँधी के समाधि स्थल राजघाट चले गए जहाँ से वो बाद में कार्यक्रम स्थल रामलीला मैदान पहुँचे. बैठक मे शामिल केंद्रीय संचार मंत्री कपिल सिबल ने पहले कहा था कि इस तरह के मुद्दों पर फ़ैसला एक दिन में नहीं तलाशा जा सकता है. ऐसे मुद्दों के दूरगामी परिणाम होते हैं. कपिल सिबल ने दावा किया, "हमने कई बातें उनके सामने रखी हैं जिनमें कई मुद्दों पर सहमति है." सरकार और अपने बीच सहमति की बात बाबा रामदेव ने भी दिन में कही थी. हालांकि उन्होंने तब भी कहा था कि उनका सत्याग्रह जारी रहेगा.
जब कुछ हलकों में ये ख़बर आनी शूरू हुई थी कि रामदेव एक सांकेतिक भूख हड़ताल ही करेंगे क्योंकि सरकार के साथ उनका समझौता हो गया है तो ये सवाल भी उठा था कि क्या रामदेव का अब पीछे हटना उनके समर्थकों को भाएगा. लोगों का कहना है कि उनके समर्थकों के कई जत्थे कई दिनों से दिल्ली के रामलीला मैदान में जमे हैं, लोगों ने अनशन कार्यक्रम के लिए दान दिए है. जानकार कहते हैं कि रामदेव पर राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ यानि आरएसएस और उससे जूड़ी संस्थाओं का भी दबाव हो सकता है जिन्होंने खुलकर उनका समर्थन किया है.
अन्ना हज़ारे और उनके क़रीबी लोग भी बाबा रामदेव के साथ खड़े होने की बात कह रहे हैं. इस तरह के मुद्दों पर फ़ैसला एक दिन में नहीं तलाशा जा सकता है. ऐसे मुद्दों के दूरगामी परिणाम होते हैं. हमने कई बातें उनके सामने रखी हैं जिनमें कई मुद्दों पर सहमति है. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अन्ना हज़ारे अपनी कोच्चि यात्रा अधूरी छोड़कर दिल्ली पहुँच रहे हैं और वो सभी रविवार को रामलीला मैदान जाएंगे. मशहूर वकील और सामाजिक कार्यक्रता प्रशांत भूषण ने कहा कि वो रामदेव की ज़्यादातर मांगों से सहमत हैं क्योंकि उनकी ज़्यादातर मांगे भ्रष्टाचार के विरोध से संबंधित हैं.
पिछले दिनों ये कहा जा रहा था कि रामदेव को सरकार जिस तरह इतनी अहमियत दे रही है और उन्हें मिल रहे जनता के इतने बड़े समर्थन से अन्ना हज़ारे और उनका गुट कुछ ज़्यादा खुश नहीं हैं. हालांकि जब बाबा रामदेव के भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अनशन की बात शुरू ही हुई थी तो कुछ हलक़ो में ये भी कहा गया था कि आरएसएस इसके सहारे भारतीय जनता पार्टी की गिरती साख को सहारा देने की कोशिश में है. शूरू से ही बाबा रामदेव के ख़िलाफ़ झंडा बुलंद किए कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने फिर कहा है, "बाबा रामदेव योगिक क्रियाएं सिखाए तो हमें कोई आपत्ति नहीं है. लेकिन अगर उन्हें राजनीति करनी है तो खुलकर मैदान में आएं."
दिग्विजय सिंह ने कहा कि ये पूरा कार्यक्रम आरएसएस ने योजनाबद्ध तरीक़े से किया है और सारी तैयारी में उन्हीं के लोग आगे-आगे रहते हैं. संघ प्रवक्ता राम माधव ने माना है कि संस्था ने अपने लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने की सलाह दी है

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें