जिले के सभी ग्राम, नगर केन्द्रों में बैठकें सम्पन्न
छतरपुर/भारतीय जनता पार्टी द्वारा बनाये गये जिले के सभी ग्राम और नगर केन्द्रों में बैठकें सम्पन्न हुयी। इन बैठकों में केन्द्र से संबंधित सभी प्रकार की जानकारी एकत्रित करके उसे संगठन द्वारा निर्धारित प्रपत्रों में संग्रहित किया गया। केन्द्र के पालक संयोजकों सहित सभी पदाधिकारियों में इन बैठकों में हिस्सा लिया। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप खरे मन्टू ने बताया कि विभाग संगठन मंत्री बिहारी सिंह सोलंकी और भाजपा जिला अध्यक्ष डाॅ0 घासीराम पटेल के मार्गदर्शन में जिले के सभी ग्राम और नगर केन्द्रों पर बैठकें सम्पन्न हुईं। इन बैठकों में जिला पदाधिकारियों, जन प्रतिनिधियों, मण्डल पदाधिकारियों, पालक संयोजकों, सहित केन्द्र में निवासरत् प्रमुख पदाधिकारियों ने हिस्सा लेकर संगठन द्वारा चाही गई जानकारी निर्धारित प्रपत्रों में संग्रहित की। यह बैठकें आगामी 31 मई को होने वाले ग्वालियर के प्रदेश स्तरीय पालक और संयोजकों के सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सम्पन्न हुई।
जिला भाजपा ने की मुख्यमंत्री जी के स्वागत की अपील
छतरपुर/आज रविवार 26 मई 2013 प्रातः 11 बजे उत्कृष्ट क्र. 1 के खेल परिसर में अटल ज्योति अभियान की शुरूआत करने पधार रहे प्रदेश के मुखिया माननीय शिवराज सिंह चैहान की का स्वागत करने की जिला भारतीय जनता पार्टी ने अपील की है। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप खरे मन्टू ने बताया कि इस मौके को ऐतिहासिक क्षण बताते हुये भाजपा जिला अध्यक्ष डाॅ0 घासीराम पटेल ने कहा कि आज से हमारे जिले के विकास की राह और सुगम हो जाएगी। जिले को चैबीसों घण्टे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में आज का दिन हमेशा याद किया जाएगा और यह संभव हो सका है कि प्रदेश के यशवस्वी मुख्यमंत्री माननीय शिवराज सिंह चैहान के दृण निश्चिय और पिछड़ेपन को दूर करने के संकल्प के कारण। श्री पटेल ने सभी से आग्रह करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार और माननीय मुख्यमंत्री महोदय द्वारा सदैव ही जिले के विकास में भरपूर योगदान दिया गया है। हम सभी को इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुॅचकर विकास पुरूष माननीय शिवराज सिंह जी चैहान का हृदय से स्वागत करना है। श्री पटेल के साथ-साथ समस्त पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी इस मौके पर स्वागत की अपील की।
मतदाता सूची में आॅन लाइन जुड़ सकेंगे नाम
छतरपुर/25 मई/कोई भी पात्र मतदाता अपने घर बैठे अपना व अपने परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकता है। इसके लिये उसे भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर आॅनलाइन वोटर रजिस्ट्रेशन सुविधा का उपयोग करना होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आॅनलाइन फार्म भरने की सुविधा के साथ व्यक्ति अपने डाक्यूमेन्ट एवं फोटो भी अपलोड कर सकते हैं। अब कोई भी व्यक्ति घर या आफिस में इंटरनेट की सुविधा का उपयोग कर निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर आॅनलाइन फार्म भरकर एवं संबंधित डाक्यूमेन्ट अपलोड कर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसी प्रकार फार्म 6, 6ए, 7, 8, 8ए इत्यादि वेेबसाइट पर आॅनलाइन भरे जा सकते हैं।
फोटो निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण हेतु कार्यक्रम जारी
छतरपुर/25 मई/भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटो निर्वाचक नामावली 2013 के लिये विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार फोटो निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन आगामी 7 जून को किया जायेगा। इसके बाद दावे आपत्ति प्रस्तुत करने की अवधि 7 जून से 22 जून तक निर्धारित की गई है। फोटो निर्वाचक नामावली के संबंधित भाग, अनुभाग का ग्राम सभा, स्थानीय निकाय तथा रीजनल वेलफेयर एसोशियेशन की बैठकों आदि में वाचन तथा नामों का सत्यापन 11 जून तथा 14 जून को किया जायेगा। दावे आपत्तियां प्राप्त करने हेतु राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेन्ट के साथ विशेष अभियान के लिये 9 जून एवं 16 जून की तिथियां निर्धारित की गई हैं। दावे एवं आपत्तियों का निराकरण हेतु 4 जुलाई की तिथि निर्धारित की गई है। डाटाबेस को अपडेट करना, फोटोग्राफस को समाहित करना, कन्ट्रोल टेबिल को अपडेट करना तथा पूरक सूची की तैयारी एवं मुद्रण की तिथि 19 जुलाई निर्धारित की गई है। फोटो निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 24 जुलाई 2013 को किया जायेगा। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जे के श्रीवास्तव ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2013 की अर्हता तिथि के अनुसार पात्र मतदाताओं के नाम फोटोयुक्त मतदाता सूची में जोड़े जा सकेंगे। अतः जो व्यक्ति 1 जनवरी 2103 को 18 वर्ष के हे गये हैं, वे फार्म नम्बर 6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। जिनके नाम पूर्व से ही मतदाता सूची में हैं तथा उनका मतदान केन्द्र या विधानसभा या जिला इत्यादि बदल गया है तो भी नवीन स्थान पर नाम जुड़वा सकते हैं। पुराने स्थान से नाम हटाने हेतु फार्म नं. 7 भरना होगा। आयोग के निर्देशानुसार दावे आपत्तियों के आवेदन संबंधित मतदान केन्द्र पर प्राप्त किये जायेंगे। पात्र मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ा जायेगा तथा अपात्र व मृतक मतदादाओं के नाम काटे जायेंगे। मतदाता सूची को त्रुटि रहित बनाने के लिये राजनैतिक दलों एवं आम जनता के सहयोग की अपील की गई है।
अधिकारी कर्मचारी कर सकेंगे मतदाता सूची का अवलोकन
छतरपुर/25 मई/जिले के अधिकारियों कर्मचारियों को मतदाता सुविधा केन्द्रों पर मतदाता सूचियों के अवलोकन की सुविधा प्रदान की गई है। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जे के श्रीवास्तव ने निर्देशित किया है कि शासकीय सेवा के ऐसे समस्त अधिकारी कर्मचारी जिन्हें अपने मतदान केन्द्र एवं मतदाता सूची में नाम होने की जानकारी न हो वे मतदाता सुविधा केन्द्र पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यदि नाम नहीं है तो वह मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की कार्यवाही पूर्ण कर लें ताकि उनको ड्यूटी के दौरान जानकारी प्राप्त करने में कोई असुविधा न हो।
निर्वाचनों के दौरान पेड न्यूज पर नियंत्रण के निर्देश
छतरपुर/25 मई/भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचनों के दौरान पेड न्यूज पर नियंत्रण रखने के लिये दिशा निर्देश जारी किये गये हैं। साथ ही आयोग द्वारा पेड न्यूज के संबंध में कार्यवाही हेतु मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मानीटरिंग कमेटी गठित करने के निर्देश दिये गये हैं। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं निर्वाचन कार्य में संलग्न अधिकारियों को जिले में निर्वाचन के दौरान पेड न्यूज पर नियंत्रण के लिए आवश्यक निर्देश जारी किये हैं।
पुत्री के सैन्य सेवा में जाने पर 10 हजार की सम्मान निधि
छतरपुर/25 मई/राज्य शासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि मध्यप्रदेश के स्थाई निवासी केवल ऐसे माता पिता जिनकी पुत्री सैन्य सेवा में भर्ती होती है, तो उनको 10 हजार रूपये की सम्मान निधि प्रतिवर्ष स्वीकृत की जायेगी। कलेक्टर श्री राजेश बहुगुणा ने बताया कि प्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा पूर्व में यह निर्देश प्रसारित किये गये थे कि मध्यप्रदेश के स्थाई निवासी माता पिता जो अपने पुत्र-पुत्रियों को सैन्य सेवा में भर्ती कराते हैं, तो उनको सम्मान निधि की राशि में वृद्धि कर 10 हजार रूपये प्रतिवर्ष की जाये। इस आदेश पर पुर्नविचार करते हुये उक्त निर्णय लिया गया है।
नगर परिषद गढ़ीमलहरा में 27 मई को अवकाश घोषित
छतरपुर/25 मई/नगर परिषद गढ़ीमलहरा के अध्यक्ष को अपने पद से वापस बुलाये जाने के संबंध में मतदान 27 मई को सम्पन्न होगा। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा नगर परिषद गढ़ीमलहरा क्षेत्रान्तर्गत मतदान दिनांक 27 मई को अवकाश घोषित कर दिया है, ताकि सभी मतदाता अपने मतों का उपयोग कर सकें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें