केंद्र और राज्य सरकार पर हमला करते हुए भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव वरुण गांधी ने गुरुवार को कहा कि देश में आज के युवा दिशाहीन हो रहे है क्योकि इसका बड़ा कारण है बेरोजगारी। हमारी केन्द्र व प्रदेश की सरकार आज के युवाओं को कोई रोजगार नहीं दे पा रही है। सुल्तानपुर के खुर्शीद क्लब मैदान में आयोजित स्वाभिमान रैली को संबोधित करते हुए वरुण ने कहा कि कांग्रेस नीत केंद्र सरकार और समाजवादी पार्टी की प्रदेश सरकार युवाओं को कोई रोजगार नहीं दे पा रही है। बेरोजगारी भत्ता देकर और लैपटाप देकर मूर्ख बना रही है जबकि आज युवाओं को रोजगार की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि मैं आपसे वादा करता हूं कि अगर हमारी सरकार केन्द्र में आती है तो सबसे पहला काम युवाओं को रोजगार देने का होगा। सुल्तानपुर से लोकसभा चुनाव लड़ने का संकेत देते हुए वरुण ने कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अगर चाहता है तो मै आपकी सेवा करता रहूंगा। जैसे मेरे पिता ने यहां से आपका प्यार पाया था उसी तरह मैं भी अपका स्नेह चाहता हूं।
इस दौरान रैली में मौजूद भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि केन्द्र सरकार को देश की जनता से कुछ लेना-देना नहीं है। उनका केवल एक ही काम है भ्रष्टाचार और महंगाई को बढ़ाना। आज सारा देश असुरक्षा के घेरे में खड़ा है। एक तरफ चीन आंखें दिखा रहा है तो दूसरी तरफ पाकिस्तानी आतंकवादियों का देश में बोल-बाला है। उन्होंने कहा कि अगर आगामी लोकसभा चुनाव में देश की जनता ने भाजपा का साथ दिया तो हर खेत को पानी, हर हाथ को काम देना हमारी प्राथमिकता होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें