प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को पाकिस्तान की सियासी पार्टी पीएमएल-एन के प्रमुख नवाज शरीफ को बधाई दी। इस पार्टी की सत्ता में वापसी होने जा रही है। प्रधानमंत्री ने उन्हें पड़ोसी मुल्क की नई सरकार के साथ मिलकर काम करने की भारत की इच्छा से अवगत कराया। उन्होंने शरीफ को भारत आने का न्योता भी दिया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्विटर पर लिखा, "प्रधानमंत्री ने नवाज शरीफ और उनकी पार्टी को पाकिस्तान के आम चुनाव में मिली शानदार जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने आतंकवादियों की धमकी के बावजूद हिम्मत दिखाते हुए बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए पाकिस्तान के लोग और राजनीतिक दलों को भी बधाई दी।"
एक अन्य ट्वीट में कहा गया, "प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान की नई सरकार के साथ मिलकर काम करने की भारत इच्छा से अवगत कराया और उम्मीद जताई कि अब दोनों देशों के बीच संबंध को बेहतर बनाने की प्रक्रिया का नया अध्याय शुरू होगा।"
गौरतलब है कि नवाज शरीफ की पार्टी 14 साल बाद सत्ता में लौटने वाली है। नेशनल एसेम्बली के चुनाव में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल) ने अन्य प्रतिद्वंद्वियों पर भारी बढ़त बना ली है। शनिवार को पड़ोसी देश के 18 करोड़ मतदाताओं में से 60 फीसदी ने तालिबान की धमकियों के बावजूद मतदान किया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें