नंद कुमार पटेल और उनके बेटे के शव मिले. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 26 मई 2013

नंद कुमार पटेल और उनके बेटे के शव मिले.

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नंद कुमार पटेल और उनके बेटे दिनेश पटेल की हत्या कर दी है. नंद कुमार और उनके बेटे दिनेश पटेल के शव घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर मिले.उनके बारे में कहा जा रहा था कि नक्सली उन्हें अगवा कर ले गए हैं.

बस्तर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर सुरक्षाकर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शव भी बरामद किए गए.
नक्सली हमले में अब तक 27 लोगों के मरने की खबर है. शवों को घटनास्थल से निकालने का काम जारी है. सैकड़ों सुरक्षाकर्मी तलाशी अभियान में जुटे हुए हैं.पुलिस महानिदशेक रामनिवास ने हमले में 32 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है. नंद कुमार पटेल का शव मिलने के बाद शोक की लहर दौड़ गई है. हमले के विरोध में राजधानी रायपुर स्वत: बंद है.

राजधानी में कांग्रेस भवन और अन्य राजनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों ने कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर बड़ा हमला किया जिसमें नंद कुमार,दिनेश पटेल,महेंद्र कर्मा और उदय मुदलियार समेत 27 लोगों की मौत हो गई और 32 लोग घायल हो गए.घायलों में पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल और विधायक कवासी लखमा भी हैं. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में भारी बारिश के कारण तलाशी अभियान में दिक्कत आ रही है.

सूत्रों के अनुसार कई नेता अभी भी नक्सलियों के कब्जे में हैं. उन्हें छोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ने आग्रह किया है.
कांग्रेसी नेताओं पर हुए हमले से नाराज प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आला नेताओं के साथ छत्तीसगढ़ जाएंगे. साथ ही वह मुख्यमंत्री रमन सिंह से भी घटना पर बातचीत करेंगे. छत्तीसगढ़ में जिस स्थान पर नक्सली हमले में वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेंद्र कर्मा समेत कई लोग मारे गए, वहां नक्सलियों की धरपकड़ एवं तलाशी तथा उस स्थान को नियंत्रण में लेने के लिए कोबरा कमांडो समेत 600 से अधिक सीआरपीएफ जवान भेजे गए हैं.

केंद्र ने इन सीआरपीएफ जवानों को न केवल उस क्षेत्र को नियंत्रण में लेने के लिए बल्कि तलाशी अभियान एवं बचाव अभियान के लिए भी भेजा है क्योंकि ऐसा संदेह है कि कुछ लोग समीप के जंगलों में छिपे हो सकते हैं.
राज्य में नक्सल विरोधी अभियानों के लिए तैनात बल के शीर्ष अधिकारी घटनास्थल का रविवार को दौरा करेंगे.सीआरपीएफ ने भी राज्य में अपनी सभी चौकियों को घातक हमले के बाद हाई अलर्ट पर रहने को कहा है.

कोई टिप्पणी नहीं: