लालू की परिवर्तन रैली के लिए गांधी मैदान तैयार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 15 मई 2013

लालू की परिवर्तन रैली के लिए गांधी मैदान तैयार


राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की बुधवार को होने वाली परिवर्तन रैली के लिए पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान पूरी तरह तैयार है। मंच को ग्रामीण संस्कृति की झलक देने के लिए फूस का इस्तेमाल किया गया है तथा यहां मधुबनी पेंटिंग की कलाकारी भी नजर आ रही है। रैली को लेकर पूरे पटना में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इधर, पूरा पटना राजद के हरे रंग के पोस्टर, बैनरों और झंडे से पट गया है। दोपहर एक बजे प्रारम्भ होने वाली इस रैली के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बीच पटना के सभी निजी विद्यालय भी बंद कर दिए गए हैं। 

राजद के महासचिव रामकृपाल यादव ने बुधवार को बताया कि रैली एक बजे प्रारम्भ होगी जबकि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद करीब तीन बजे लोगों को सम्बोधित करेंगे। लालू ने भी मंगलवार देर रात गांधी मैदान जाकर तैयारियों का जायजा लिया जबकि उनकी बड़ी पुत्री मीसा भारती और उनके दोनों पुत्र तेजस्वी और तेज प्रताप भी रैली की तैयारियों में जुटे हैं। इधर, रैली में भाग लेने वाले लोगों की भीड़ मंगलवार शाम से ही पटना पहुंचने लगी है।

लालू का कहना है कि रैली के माध्यम से बिहार में सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 10 लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटने की सम्भावना है। लालू स्वयं कह चुके हैं कि यह पूर्व में की गई सभी रैलियों का रिकार्ड तोड़ेगी। रैली तैयारी समिति के संयोजक इलियास हुसैन बताया कि रैली के लिए बनाए गए मंच पर 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। मंच के एक ओर लालू और राबड़ी देवी का 50 फुट का कटआउट लगाया गया है, जो आकर्षण का मुख्य केन्द्र बना हुआ है। राज्य के विभिन्न 

इलाके के लोगों के इस कार्यक्रम में शामिल होने की सम्भावना के बीच 13 रेलगाड़ियों में सीटें आरक्षित की गई हैं तथा बसों की भी व्यवस्था की गई है।पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज के अनुसार, रैली को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर 3,000 से अधिक पुलिस जवानों सहित 500 अधिकारियों की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रैली में आने वाले भारी वाहनो को शहर के बाहर ही रोक दिया जा रहा है। छोटे वाहनों को भी गांधी मदान तक आने की इजाजत नहीं होगी। 

शहर में कुल 85 ड्राप गेट बनाए गए हैं तथ 10 पुलिस उपाधीक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया गया है। 

कोई टिप्पणी नहीं: