नीतीश के स्वागत में नरेन्द्र मोदी का पोस्टर ! - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 10 मई 2013

नीतीश के स्वागत में नरेन्द्र मोदी का पोस्टर !


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भले ही गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर मुखालफत करते हों, परंतु उनके विरोध के बावजूद उनके कार्यक्रमों में मोदी के पोस्टर छा रहे हैं और वह भी बकायदा मोदी को 'अगला प्रधानमंत्री' बताते हुए। मुख्यमंत्री सेवा यात्रा के दौरान जब गया जिला पहुंचे तो उनके स्वागत में मोदी का पोस्टर पहले से ही चस्पा था। इन पोस्टरों में मोदी को भावी प्रधानमंत्री के रूप में दिखाया गया है। ऐसा नहीं है कि यह केवल गया में सेवा यात्रा के दौरान देखने को मिल रहा है। इससे पहले गोपालगंज में भी यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री को इसी तरह का नजारा देखने को मिला था। ऐसा नहीं है कि यह पोस्टर पूरे क्षेत्र में लगाए जा रहे हैं। नीतीश सेवा यात्रा के दौरान जिन मार्गो से गुजरने वाले हैं, वहीं-वहीं ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं। 

पोस्टर में लिखा है 'नमो नमो, जन जन की आवाज और 2014 में नरेंद्र मोदी की सरकार'। ये नीतीश की सेवा यात्रा वाले पोस्टर के नजदीक ही चिपकाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि नीतीश की मोदी से नाराजगी एक विज्ञापन के कारण ही शुरू हुई थी। बिहार में आई कोसी की बाढ़ में गुजरात सरकार की मदद के बाद एक समाचार पत्र में नीतीश और मोदी को एक साथ दिखाने वाला विज्ञापन प्रकाशित किया गया था, जिसके बाद नीतीश ने मोदी से दूरी बनानी शुरू कर दी थी। उस समय इस विज्ञापन को लेकर नीतीश की नाराजगी खुले तौर पर सबके सामने आ गई थी। उन्होंने गुजरात सरकार से मिली मदद लौटाने की बात तक कही थी।

एक बार फिर मोदी को भावी प्रधानमंत्री बताने वाले पोस्टर ने दोनों दलों के बीच तल्खी बढ़ा दी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भले ही इसे हल्के में ले रहे हों, लेकिन जनता दल-युनाइटेड (जदयु) के नेता इसे गलत मान रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय कहते हैं, "ये पोस्टर मोदी के प्रति कार्यकर्ताओं की भावनाओं को उजागर करता है। हमें इसमें कुछ गलत नहीं लगता। लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात कहने का हक है।" पांडेय हालांकि यह भी कहते हैं कि ये पोस्टर प्रदेश कमिटी या जिला कमिटी द्वारा नहीं लगाए गए हैं। 

उधर, जदयु के एक नेता कहते हैं कि ये पोस्टर भड़काऊ और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाया जा रहा है। भाजपा का एक धड़ा जदयु के खिलाफ है, जो ऐसे पोस्टर लगवा रहा है। नेता कहते हैं कि पार्टी इन पोस्टरों पर गौर कर रही है लेकिन अभी कुछ कहना नहीं चाहती। उल्लेखनीय है कि नीतीश एक मई से राज्य में सेवा यात्रा पर निकले हैं।

1 टिप्पणी:

Shikha Kaushik ने कहा…

sarthak prastuti hetu aabhar