भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता तरुण विजय ने रविवार को कहा कि भारत और चीन को आपसी संबंध और विश्वास का स्तर हर हाल में सुधारना चाहिए। चीनी प्रधानमंत्री ली केकियांग के रविवार को भारत पहुंचने के बाद विजय ने संवाददाताओं से कहा, "हमें निश्चित तौर पर ली का स्वागत करना चाहिए, जिन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभालने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भारत को चुना। इस तरह की यात्रा से दोनों देशों के बीच संदेह दूर होंगे और विश्वास बहाल हो सकेंगे।"
उन्होंने कहा, "दोनों देशों के बीच विश्वास का स्तर बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि मित्रता ईमानदार और दीर्घकालिक हो सके।"विजय ने कहा, "प्रधानमंत्री ली को निश्चित तौर पर द्विपक्षीय सहयोग एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को बढ़ावा देने, दोनों देशों के बीच युवाओं की आवाजाही को बढ़ावा देने, सीमा विवाद का हल ढूंढ़ने तथा भारत-चीन के बीच व्यापार असंतुलन दूर करने के लिए कदम उठाने चाहिए।"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें