तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने वाले पवन कुमार बंसल और अश्विनी कुमार के 'चेहरे पर कीचड़' है। तूणमूल सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सौगत रॉय ने कहा कि दोनों के इस्तीफे कुछ विलंब से आए। रॉय ने कहा कि उनकी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ है और पार्टी ने दोनों मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने कहा, "दोनों ने आखिरकार इस्तीफा दिया मगर थोड़ा विलंब से, जब उनकी जमकर किरकिरी हुई और उनके चेहरे पर कीचड़ पड़ गए।"
ज्ञात हो कि बंसल और अश्विनी कुमार शुक्रवार की रात अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं।
रेल मंत्री बंसल पर आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति को रेलवे बोर्ड का सदस्य नियुक्त करने का भरोसा दिया था और इसके एवज में उनके भांजे ने उस व्यक्ति से रिश्वत ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बंसल के भांजे को कथित तौर पर रंगे हाथ गिरफ्तार किया। वहीं अश्विनी कुमार की किरकिरी इस वजह से हुई कि उन्होंने कोयला ब्लॉक आवंटन मामले की सीबीआई जांच रिपोर्ट में फेरबदल की, जिसे सर्वोच्च न्यायालय ने अनुचित करार दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें