केंद्रीय कानून मंत्री कपिल सिब्बल ने शनिवार को कहा कि खेलों में भ्रष्टाचार से निबटने के लिए सरकार जल्द ही एक नया कानून बनाएगी। सिब्बल ने पत्रकारों से कहा, "खेलों में गलत आचरणों से निबटने के लिए हमने एक नया कानून बनाने का निर्णय लिया है। भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के अंतर्गत अब तक खेलों में अनुचित व्यवहार के लिए किसी तरह के अपराध का जिक्र नहीं है, इसलिए आप किसी को दंडित नहीं कर सकते।"
सिब्बल ने बताया कि केंद्र सरकार ने इस मामले पर महान्यायवादी जी. ई. वाहनवती से राय-मशविरा किया है। सिब्बल ने कहा, "उन्होंने हमें सलाह दी कि केंद्र सरकार राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेलों में अनुचित व्यवहार पर लगाम लगाने के लिए एक कानून बना सकती है। नए कानून का मसौदा तीन से चार दिनों में तैयार कर लिया जाएगा।"
उन्होंने कहा कि आईपीसी में संशोधन कर खेलों में अनुचित व्यवहार के लिए एक नए अपराध को परिभाषित किया जा सकता है, लेकिन अलग से एक कानून का निर्माण करना कहीं बेहतर होगा। सिब्बल ने बताया कि नया कानून सिर्फ क्रिकेट पर ही नहीं, बल्कि सभी खेलों पर लागू होगा। सिब्बल ने कहा कि इस कानून के अंतर्गत खेलों से जुड़े सभी लोगों- खिलाड़ियों, सट्टेबाजों, टीम मालिकों आदि को लाया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें