बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से जनता दल (यूनाइटेड) के अलग होने को विश्वासघात बताते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा मंगलवार को आहूत एक दिवसीय बिहार बंद का सुबह से ही प्रभाव दिखने लगा है। भाजपा इसे विश्वासघात दिवस के रूप में मना रही है।
राज्य के विभिन्न इलाकों में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं और बंद को सफल बनाने में लगे हैं। जहानाबाद जिले में बंद समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 83 और 110 को अवरुद्ध कर दिया, जबकि भागलपुर के कहलगांव में सभी चौक-चौराहों को जाम कर दिया गया है। सीवान-छपरा और सीवान-गोपालगंज मार्ग को अवरुद्ध कर भाजपा कार्यकर्ता बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
बंद के कारण आवागमन प्रभावित हो गया है। भाजपा द्वारा रेल परिवहन को बंद से मुक्त रखने के बावजूद नालंदा के बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर बंद समर्थक हंगामा करते नजर आए तथा वहां रेलमार्ग अवरुद्ध कर दिया, जबकि पटना में सुबह से ही बंद का व्यापक प्रभाव देखा जा रहा है। मुजफ्फरपुर, भागलपुर, सासाराम, मुंगेर में भी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। इधर, बंद को देखते हुए राजधानी सहित पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पटना के सभी चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें