भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार रवि किशन ने आने वाली फिल्म 'इश्क' में खलनायक का किरदार निभाया है। अपने किरदार के लिए उन्होंने घनी और लम्बी मूछें रखी हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म के प्रदर्शित होने के बाद मेरा किरदार लोकप्रिय हो या न हो, मेरी मूछें जरूर लोकप्रिय होंगी। रवि किशन (41) मंगलवार को फिल्म की प्रथम झलक जारी करने के अवसर पर मौजूद थे। उन्होंने कहा, "पूरा श्रेय फिल्म के निर्देशक मनीष तिवारी को जाता है। वह चाहते थे कि मेरी मूछें इतनी लम्बी हों कि मेरे कानों को छू जाएं। इस पर काफी बहस भी हुई पर वह मूछों को लेकर अपने फैसले पर अटल थे।"
उन्होंने कहा, "यह पूरी तरह से निर्देशक का विचार था। अपने बारे में कुछ कह नहीं सकता लेकिन फिल्म प्रदर्शित होने के बाद मेरी मूछें जरूर लोकप्रिय होंगी।" फिल्म 'इश्क' विलियम शेक्सपियर के लोकप्रिय नाटक 'रोमियो एंड जूलियट' का हिंदी फिल्म रूपांतरण है। बनारस की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म में अभिनेता प्रतीक और नवोदित अभिनेत्री अमयरा दस्तूर मुख्य भूमिकाओं में हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें