राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने रविवार को जनता दल (युनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन टूट जाने को तलाक की संज्ञा देते हुए कहा कि इस बेमेल विवाह का तलाक हो गया। उन्होंने कहा कि केवल उन्हें सत्ता से दूर करने के लिए यह बेमेल प्रेम विवाह हुआ था। पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने नीतीश पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीतीश के अहंकार के कारण गठबंधन टूटा है। उन्होंने नीतीश के मोदी के विरोध को दिखावा बताते हुए कहा कि ऐसा केवल मुस्लिमों के वोट पाने के लिए किया जा रहा है। अगर सच में वे मुस्लिम के इतने हितैषी थे तो 2002 में दंगा के बाद जब रामविलास पासवान ने इस्तीफा दे दिया था तब उन्होंने केन्द्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा क्यों नहीं दिया।
लालू ने अपने चिर परिचित अंदाज में कहा कि सौ-सौ चूहा खाकर बिल्ली चले हज को। उन्होंने कहा कि अपवित्र गठबंधन में अब तलाक हो चुका है, अब प्रतिदिन इस गठबंधन का नया खुलासा होगा। उन्होंने कहा कि अब जनता दोनों दलों को पहचान गई है और महाराजगंज के उपचुनाव के परिणाम ने इसके संकेत भी दे दिए हैं। इस कारण आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में मतदाता इन पार्टियों को सबक सिखायेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें