नरेंद्र मोदी अयोध्या जा सकते हैं. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 18 जून 2013

नरेंद्र मोदी अयोध्या जा सकते हैं.

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर वैसे ही सियासी भूचाल मचा हुआ है, ऐसे में खबर आ रही है कि मोदी इसी सप्ताह अयोध्या आ सकते हैं और विवादित स्थल पर पूजा भी कर सकते हैं. मोदी के इस कदम को बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है. विश्व हिंदू परिषद के उत्तर प्रदेश के प्रवक्ता शरद शर्मा ने कहा कि मोदी की अगुवाई के लिए विहिप नेता अशोक सिंघल, प्रवीण तोगड़िया, गोरखपुर से सांसद योगी आदित्य नाथ और योगगुरू बाबा रामदेव मंगलवार को यहां पहुंच जाएंगे.

शर्मा ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री बुधवार या शुक्रवार को अयोध्या की यात्रा कर सकते हैं. वह राम मंदिर भी जाएंगे. उन्होंने बताया कि विहिप ने 1990 के दशक में राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका अदा करने वाले हिंदू संतों की बैठक भी बुलाई है. विहिप नेता ने कहा, ‘अयोध्या की धरती से मोदी का उनके पार्टी के लोगों और मतदाताओं को संदेश आगामी चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा.’ मोदी अयोध्या में अनेक संतों से भी भेंट करेंगे जिनमें राम जन्मभूमि न्यास ट्रस्ट के महंत नृत्य गोपाल दास भी हैं.

अयोध्या में विवादित ढांचे के विध्वंस के बाद मोदी की यह पहली यात्रा है. सूत्रों के अनुसार मोदी 1998 में लालकृष्ण आडवाणी के साथ अयोध्या आये थे लेकिन वह मंदिर नहीं गये थे. विहिप नेता ने कहा, ‘मोदी का अयोध्या आना इस बात का संकेत है कि हिंदुत्ववादी ताकतें आम चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर उनके नाम पर गंभीरता से विचार कर रहीं हैं.’ इस बात के भी संकेत हैं कि पिछले लोकसभा चुनावों में राम मंदिर के मुद्दे पर जोर नहीं देने वाली बीजेपी इस विषय को इस बार उठाएगी.

गुजरात के मुख्‍यमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दिल्ली पहुंच रहे हैं. मोदी योजना आयोग जाएंगे और गुजरात के वार्षिक योजना 2013-14 को अंतिम रूप देंगे. खबरें आ रही हैं कि दिल्ली में मोदी लाल कृष्ण आडवाणी से भी मुलाकात करेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं: