..हमसे ना हो सका सौदा जमीर का : नीतीश - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 20 जून 2013

..हमसे ना हो सका सौदा जमीर का : नीतीश


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को बिहार विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके नेताओं पर जमकर निशाना साधा। नीतीश ने समावेशी नीति की वकालत की और स्पष्ट किया कि यह देश कॉरपोरेट जगत से उड़ाई गई हवा से नहीं चलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अब तक जिस सच का प्रदर्शन सार्वजनिक रूप से नहीं कर पा रही थी, उसे आज उसने सदन में प्रदर्शित कर दिया। मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि बिहार भाजपा में बाहरी तत्वों का प्रवेश होने लगा था, जिससे गठबंधन चलाना संभव नहीं था। हम पर सिद्घांतों को थोपे जाने की कोशिशें होने लगी थीं। 

नीतीश ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमारा देश और समाज विविधताओं से भरा है। यहां समावेशी नीति की जरूरत है। यही हमारा सिद्घांत है, और नीति भी है। इससे हम अलग नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि हमने बहुत पहले ही भाजपा से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में स्पष्ट करने के लिए कहा था, परंतु हर समय इस मुद्दे को टाल दिया गया।  उन्होंने कहा कि जब हम भाजपा गठबंधन में शामिल हुए थे, तब अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी का जमाना था। उस समय जद(यू) ने सभी विवादास्पद मुद्दों पर अपना नजरिया स्पष्ट कर दिया था। परंतु अब भाजपा नए युग में उन मुद्दों से पीछे हटने लगी थी, जिसके कारण मजबूरी में गठबंधन से अलग होने का फैसला करना पड़ा। 

मुख्यमंत्री ने परोक्ष रूप से गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना करते हुए कहा कि आज देश कॉरपोरेट जगत की ओर से उड़ाई गई हवा से नहीं चलेगा। देश सभी को साथ लेकर चलने वाली नीति से आगे बढ़ेगा। अगर आज समावेशी हवा को रोका गया, तो देश बिखर जाएगा। उन्होंने कहा कि आज लोग समझ रहे हैं कि किसी खास व्यक्ति के पक्ष में देश में हवा चल रही है, परंतु यह भ्रम है।  नीतीश ने अपनी भावनाओं को जाहिर करने के लिए एक शेर का सहारा लिया : 'आया तो बार-बार संदेश अमीर का, हमसे ना हो सका सौदा जमीर का'।

कोई टिप्पणी नहीं: