महिलाओं से संबंधित प्रकरणों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई करें: श्रीमती उपमा राय
- महिला आयोग की संयुक्त बैंच ने की सुनवाई
टीकमगढ़, 19 जून 2013 । म0प्र0 राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती उपमा राय ने पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे महिलाओं से संबंधित प्रकरणों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई करें । उन्होंने कहा महिलायें थानों में शिकायत दर्ज कराने में परेशान न हों तथा उनकी शिकायत पर तत्परता से कार्रवाई हो इसका विशेष ध्यान रखा जाये। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि आपसी झगड़े जैसे छोटे विवाद आपसी सामंजस्य से ही हल कर लिये जायें । उन्होंने कहा समाज में शांति और सद्भाव के लिए परस्पर सद्व्यवहार जरूरी है । श्रीमती राय ने आज राज्य महिला आयोग की संयुक्त बैंच की सुनवाई के दौरान ये विचार व्यक्त किये । इस अवसर पर आयोग की सदस्य श्रीमती स्नेहलता उपाध्याय एवं अधिकारी तथा संबंधित लोग उपस्थित रहे । इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की संयुक्त बैंच ने पूर्व निर्धारित प्रकरणों तथा आज आयोग के समक्ष आयें प्रकरणों में सुनवाई की । बैंच द्वारा प्रकरणों में उपस्थित पक्षों को सुनकर संबंधितों को निर्देश दिये गये । समाचार लिखे जाने तक बैंच द्वारा सुनवाई जारी थी।
कटे-फटे होठों एवं तालू का निःशुल्क आॅपरेशन आज
टीकमगढ़, 19 जून 2013 । जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्री राजीव सिंह ने बताया है कि सी.एच.एल.अपोलो, इंदौर के चिकित्सकों द्वारा टीकमगढ़ में कटे-फटे होठों एवं तालू का निःशुल्क आॅपरेशन किया जायेगा । उन्होंने बताया कि यह आॅपरेशन 20,21 एवं 22 जून 2013 को डाॅ.बी.के.राय अस्पताल में किया जाना है । इस संबंध में पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सिंह से उनके मोबाईल नंबर 9425136317 पर या जनसेवा केन्द्र में दूरभाष क्र. 07683-242242 पर संपर्क किया जा सकता है । जिन बच्चों को यह समस्या है उनके माता-पिता या अभिभावक डाॅ.बी.के.राय अस्पताल, जिला चिकित्सालय के पास, टीकमगढ़ में सीधे भी संपर्क कर सकते हैं ।
शिक्षा ऋण मेला 22 को
टीकमगढ़, 19 जून 2013 । मुख्य प्रबंधक जिला आग्रणि बैंक टीकमगढ़ ने बताया कि संस्थागत वित्त, भोपाल के निर्देशानुसार संयुक्त बैंकर्स द्वारा शिक्षा ऋण मेला 22 जून 2013 को आयोजित किया गया है । यह मेला जिला पंचायत सभा गृह टीकमगढ़ में प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रखा गया हैं । समस्त छात्र/छात्रओं से अपील की गई है कि जो उच्च शिक्षा/तकनीकि शिक्षा में आगे पढ़ना चाहते है वे मेले का लाभ उठायें ।
स्वरोजगार हेतु आवेदन आमंत्रित अंतिम तिथि आज
टीकमगढ़, 19 जून 2013 । उद्यमिता विकास केन्द्र टीकमगढ़, के जिला समन्वयक ने बताया कि उद्योग संचालनालय, म.प्र. शासन के प्रवर्तन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र के द्वारा छः सप्ताह का उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है । इस प्रशिक्षण में टीकमगढ़ जिले में लग सकने वाले उद्योग एवं व्यवसाय की सम्पूर्ण जानकारी उद्यमिता विकास केन्द्र के वरिष्ठ प्रशिक्षकों द्वारा प्रमुखता से दी जायेगी । इस प्रशिक्षण में विशेष रूप से विभिन्न उद्योगों की जानकारी दी जायेगी तथा मार्केटिंग, परियोजना परिचय, व्यवासयिक मार्गदर्शन पर विस्तृत जानकारी दी जायेगी । इस प्रशिक्षण के पश्चात् सफल प्रशिक्षणार्थियों का प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, रानी दुर्गावती अनुसूचित जाति, जनजाति स्वरोजगार योजना, दीनदयाल रोजगार योजना, स्वर्ण जयंती शहरी स्वरोजगार योजना एवं विभिन्न योजनाओं से ऋण प्रकरण तैयार कर संबंधित विभागों में भेजा जायेगा एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों से इस प्रशिक्षण में परिचय कराया जायेगा । प्रशिक्षण हेतु कुल स्थान 30 है, जिसमें प्रशिक्षणार्थियों का चयन लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के पश्चात् किया जायेगा । आवेदन हेतु शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 8वीं पास होना चाहिए । इस हेतु 20 जून 2013 तक आवेदन पत्र उद्यमित विकास केन्द्र म.प्र. (सेडमैप) ईदगाह मार्केट के पास, सिविल लाइन, टीकमगढ़ एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र टीकमगढ़ में प्रातः 11 बजे से अपराहन 4 बजे तक जमा कर सकते हैं ।
नवोदय की 9वीं प्रवेश परीक्षा 23 को
टीकमगढ़, 19 जून 2013 । जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 9वीं की प्रवेश परीक्षा 23 जून को होगी । प्राचार्य श्री क.ेक.े कटियार ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए 299 फार्म पात्र पाए गए हैं । स्कूल में कक्षा 9वीं में 8 सीटें खाली हैं । जिसमें 4 छात्र और 4 छात्राओं के प्रवेश होंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा में बैठने वाले सभी छात्र-छात्राएँ आगामी 20 जून तक स्कूल के कार्यालयीन समय में अपने प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
आज की औसत वर्षा
टीकमगढ़, 19 जून 2013 । अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज जिले की औसत वर्षा 34.7 मि.मी. दर्ज की गयी है । प्राप्त जानकारी के अनुसार आज वर्षामापी केन्द्र टीकमगढ़ में 11 मि.मी., बल्देवगढ़ में 2 मि.मी., जतारा में 12 मि.मी., पलेरा में 18 मि.मी., निवाड़ी में 148 मि.मी., पृथ्वीपुर में 13 तथा ओरछा में 39 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है । इसी प्रकार एक जून 13 से आज तक जिले में 79.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें वर्षामापी केन्द्र टीकमगढ़ में 89 मि.मी., बल्देवगढ़ में 33 मि.मी., जतारा में 47 मि.मी., पलेरा में 93 मि.मी., निवाड़ी में 210.6 मि.मी., पृथ्वीपुर में 37 मि.मी. तथा ओरछा में 49 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है ।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें