हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और 1,000 से अधिक पर्यटक भूस्खलन की वजह से सांगला घाटी का अन्य स्थानों से सम्पर्क कट जाने से यहां फंस गए हैं। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। लगातार हो रही बारिश की वजह से इलाके में जबरदस्त भूस्खलन हुआ है जिससे किन्नौर जिले में स्थित घाटी की तरफ जाने वाली सड़क अवरुद्ध हो गई है। उपायुक्त जे.एम. पठानिया ने कहा, "सांगला घाटी की तरफ जाने वाली सड़क तथा अन्य महत्वपूर्ण सड़कों को खोलने का काम जारी है। 1,000 से अधिक पर्यटक मुख्यत: सांगला इलाके में फंसे हुए हैं।"
उन्होंने बताया कि इस जिले का 60 फीसदी से अधिक हिस्सा बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुआ है और इसको देखते हुए चेतावनी जारी कर दी गई है। पूह के कुछ इलाकों में हिमपात की खबर है। 23 जून को मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर यहां का दौरा कर रहे मुख्यमंत्री सांगला गांव में फंसे हुए हैं। पठानिया ने बताया कि किन्नौर से सटी चीन की सीमा की तरफ जाने वाली हिंदुस्तान-तिब्बत सड़क कई जगहों पर अवरुद्ध हो गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें