नीलकंठ में पहाड़ी दरकी,कई वाहन मलबे में दबे
देहरादून, 1 अगस्त (निस)। भारी बारिश से लोगों की फजीहत होती जा रही है। तीर्थनगरी ऋषिकेश स्थित नीलकंठ मंदिर के समीप पहाड़ी दरकने से जिला पंचायत की पार्किंग व टेक्सी स्टैंड में एक दर्जन से अधिक वाहन मलबे में दब गए। लगातार बारिश के चलते ऋषिकेश व आसपास के क्षेत्र में जनजीवन अस्तव्यस्त होता जा रहा है। बीन नदी में भारी उफान आने से यमकेश्वर के डांडामंडल क्षेत्र के करीब 82 गांवों का संपर्क राजधानी देहरादून से टूट गया है। कांवड़ मेला शुरू होने के साथ ही बीन नदी में आया उफान कांवड़ यात्रियों के लिए भी परेशानी का सबब बन गया है। नगर व आसपास क्षेत्रों में सड़कों पर जल भराव से परेशानी बढ़ रही है। नीलकंठ मंदिर में पार्किंगस्थल पर आए मलबे से करीब दस मोटर साइकिल और एक पीएसी का ट्रक दब गया। इसे निकालने के प्रयास में प्रशासन की टीम ने पूरा दमखम लगाया। हालांकि मलबे से किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं पंहुचा है।
कालसी-चकराता मार्ग बंद होने से फजीहत
देहरादून, 1 अगस्त (निस)। लगातार हो रही बारिश से कालसी-चकराता मार्ग पर पहाड़ी के बार-बार दरकने से लोगों की फजीहत बढ़ रही है। एक बार फिर से इस मार्ग पर जजरेड़ के पास भारी मलबा आ गया। इससे सड़क पर काफी लोग फंसे हुए हैं। चकराता-कालसी मार्ग पर जजरेड़ के पास हर दिन भूस्खलन होने से यहां सड़क बार-बार अवरुद्ध हो रही है। गत रात से भारी मलबा आने से यह मार्ग अवरुद्ध पड़ा है। वहीं लोक निर्माण विभाग के कर्मी सड़क से मलबा हटाने में जुटे हैं। चकराता के दूरस्थ क्षेत्र के अधिकांश स्कूलों के शिक्षक भी विकासनगर, हर्बटपुर, देहरादून आदि स्थानों से हर दिन अपडाउन करते हैं। वहीं चकराता के ग्रामीण क्षेत्रों के किसान अपने उत्पादों को लेकर विकासनगर मंडी पहुंचते हैं। सड़क बंद होने से सब्जी उत्पादकों के साथ ही स्कूलों के शिक्षक भी रास्ते में फंसे हुए हैं।
सावन के साथ कांवड यात्रा शुरू
देहरादून, 1 अगस्त (निस)। सावन की शुरूआत के साथ ही कांवड़ यात्रा भी शुरू हो गई है। हरिद्वार, ऋषिकेश में गंगाजल लेने के लिए कांवडि़यों का हुजुम सड़कों पर नजर आने लगा है। वहीं उत्तरकाशी में गंगाजल लेने के लिए कांवडि़ए गोमुख पहुंच रहे हैं। शनिवार सुबह से पंचक भी शुरू हो गए हैं। पंचक शुरू होते ही अधिकांश कांवडि़यों की संख्या पिछले साल की अपेक्षा कुछ कम ही है। पंचक में लकड़ी का सामान खरीदना वर्जित होने के कारण कांवड़ खरीदने से कांवडि़ए परहेज भी कर रहे हैं। ऐसे कांवडि़ए अब पंचक के बाद ही वापसी करेंगे। इस दौरान केवल वे ही कांवडिय़े वापसी कर रहे हैं, जिन्होंने पंचक से पहले कांवड़ उठा ली है। पंचक के चलते शुरूआती पांच दिनों में हरिद्वार आने वाले कांवडिय़ों की संख्या कम ही रहेगी। माना जा रहा है कि पांच अगस्त के बाद कांवडिय़ों की संख्या में दोगुनी वृद्धि होगी। इसी दौरान लाखों की संख्या में शिवभक्त जल लेकर अपने गंतव्यों को वापसी करेंगे। वहीं नौ अगस्त के बाद हरिद्वार में पुलिस का पीक टाइम भी शुरू होगा। ऋषिकेश से आगे नीलकंठ मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए भी कांवडि़यों की भीड़ उमड़ रही है। साथ ही ऋषिकेश के गंगा घाटों में भी कावडि़यों की भीड़ लगी है। वहीं उत्तरकाशी में वन विभाग की अनुमति लेकर गंगा जल लाने को कांवडि़ए गोमुख भी जा रहे हैं। दून के टपकेश्वर धाम में भी जलाभिषेक को कांवडिए पहंुचे।
एटीएम की डिटेल लेने के बाद खाते से उड़ा दिए 32 हजार
देहरादून, 1 अगस्त (निस)। विकासनगर क्षेत्र में एक युवक मोबाइल फोन से धोखाधड़ी का शिकार हो गया। ठग ने उसके एटीएम की डिटेल लेने के बाद खाते से 32 हजार की राशि उड़ा दी। कोतवाली क्षेत्र के बिलकीवाला गांव निवासी विकास पुत्र भगवान सिंह ने इस संबंध में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए उसने उसका एटीएम नंबर व कोड पूछ लिया। उसने बताया कि एक ही दिन ठग ने उसके खाते से बत्तीस हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विकास की फोन से काल के आधार पर नंबर की जांच शुरू कर दी है।
डाक्टरों ने बाहर से दवाई लिखी तो खैर नहीं
- -सीएमएस ने चिकित्सकों को जारी की चेतावनी
देहरादून, 1 अगस्त (निस)। अस्पताल से बाहर की दवा लिखने वाले चिकित्सकों के खिलाफ दून अस्पताल प्रशासन सख्त हो गया है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस असवाल ने चिकित्सकों को इस संबंध में चेतावनी जारी कर दी। उन्होंने कहा कि यदि बाहर से जांच व दवा लिखी तो सख्त कार्रवाई होगी। वर्ष 2014 व 2015 के तुलनात्मक विश्लेषण के अनुसार दून अस्पताल में मरीज बढ़े हैं। वहीं पैथोलॉजी जांच तकरीबन आठ हजार घट गई। सीएमएस का कहना है कि इससे प्रतीत हो रहा है कि मरीजों से बाहर से जांच कराई जा रही है। सीएमएस का कहना है कि यदि ऐसा मामला पकड़ में आता है कि बाहर से जांच कराने का सुझाव देने वाले चिकित्सक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दून अस्पताल में पैथोलॉजी में अब चैबीस घंटे काम होगा। इसके लिए मुख्यमंत्री ने पूर्व में निर्देश दिए थे। इस पर अमल की तैयारी अस्पताल प्रशासन कर रहा है।
महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की
देहरादून, 1 अगस्त (निस)। सेवला कलां माजरा में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, महिला के मायके वालों ने इसे हत्या करार दिया है। बीती रात को बाथरूम में आकाश वर्मा की पत्नी सुषमा वर्मा का शव लटका मिला। ससुराल वाले इसे आत्महत्या बता रहे हैं। वहीं मायके वाले इसे हत्या बता रहे हैं। ससुराल पक्ष के लोग पुलिस को बिना बताये महंत इंद्रेश हाॅस्पिटल से शव को ले गए। बताया जा रहा है कि ढाई साल पहले सुषमा की शादी हुई थी। उसका पति आकाश राजपुर रोड स्थित किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता है। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा भी किया।
फर्जी तरीके से जमीन बेचने के आरोपी को किया गिरफ्तार
देहरादून, 1 अगस्त (निस)। पुलिस ने फरार चल रहे फर्जी तरीके से जमीन बेचने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि एनआरआइ संदीप कॉल अमेरिका में इंजीनियर है। मूल रूप से वह देहरादून के राजेंद्रनगर के निवासी हैं। उसकी देहरादून में जमीन है। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर तेजेंद्र सिंह पुत्र दलजीत सिंह निवासी 187 सुधार, अकालगढ़ थाना सुधार, जिला लुधियाना (पंजाब) ने फर्जी पॉवर ऑफ अटॉर्नी बनाकर उसे बेच दिया था। तेजेंद्र एक साल से फरार चल रहा था। आज पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी तेजेंद्र ने रुड़की के मोहम्दपुर निवासी मनीष कुमार और मेरठ के दौराला निवासी अशोक कुमार के साथ मिलकर जमीन बेची थी। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।
राज्य में रुक-रुककर हो रही बारिश
देहरादून, 1 अगस्त (निस)। उत्तराखंड में बीती रात से मौसम का मिजाज बदल गया। गढ़वाल और कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने भी अगले 36 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, बदरीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और हेमकुंड यात्रा सुचारु है, जबकि गंगोत्री हाईवे धरासू बैंड के नालू पानी के पास बंद। अभी पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। बीती रात से राज्य में बारिश हो रही है। प्रदेश के दूरस्थ इलाकों में अभी भी कई जगह संपर्क मार्ग बाधित होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केदारनाथ में बीती रात से बारिश हो रही है, लेकिन कुछ देर बाद मौसम साफ होने पर यात्रियों को सोनप्रयाग से केदारनाथ रवाना किया गया। हवाई सेवाएं भी सुचारू रहीं। बदरीनाथ क्षेत्र में भी बारिश हो रही है। वहीं, बारिश से ऋषिकेश के नीलकंठ क्षेत्र में मलबा आने से कई वाहन दब गए, जबकि विकासनगर में कालसी-चकराता मार्ग जजरेडा के पहाड़ी से मलबा आने से बाधित हो गया है। इसके अलावा कुमाऊं के नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर में भी वर्षा का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 36 घंटों में पहाड़ी इलाकों, विशेषकर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, चमोली, पौड़ी और देहरादून में अपेक्षाकृत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए चेतावनी भी जारी की है। वहीं, रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगल चट्टी के पास पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से सैनिक कॉलोनी देहरादून निवासी अवतार सिंह (33 वर्ष) की मौत हो गई।
सेवा बहाली की मांग को लेकर ओवरहेड टैंक पर डटे हैं रमसाकर्मी
देहरादून, 1 अगस्त (निस)। सेवा बहाली की मांग को लेकर पांच राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (रमसा) कर्मी 82 घंटे से पवेलियन मैदान स्थित पानी की टंकी पर डटे हुए हैं। पुलिस-प्रशासन ने समझाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन प्रशासन की तमाम कोशिशें नाकाम रहीं, जबकि साथी प्रदर्शनकारी टंकी के समीप ही धरना दे रहे हैं। वहीं, टंकी पर चढ़े एक रमसा कर्मी की हालत बिगड़ गई है। केंद्र सरकार द्वारा बजट में कटौती के चलते माध्यमिक स्कूलों में उपनल से तैनात 1863 प्रयोगशाला व कार्यालय सहायकों को हटाया गया था। जिसके विरोध में प्रयोगशाला व कार्यालय सहायक संगठन रमसा के 1863 कर्मी बजट व बहाली की मांग को लेकर अन्दोलरत हैं। गत मंगलवार को पांच रमसाकर्मी टंकी पर चढ़ गए थे। इस बीच विभागीय अधिकारी, शासन, सीएम और शिक्षा मंत्री तक समायोजन का आश्वासन दे चुके हैं, लेकिन हुआ कुछ भी नहीं। रमसाकर्मी कह रहे हैं कि अब मुख्यमंत्री लिखित परीक्षा की बात कर रहे हैं। बहुद्देशीय कार्मिकों के रूप में तैनाती की भी चर्चा सुनने को मिल रही है, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। वहीं, 82 घंटे से टंकी पर डटे हुए हैं। कर्मियों ने कहा कि यदि पूर्व के पदों पर समायोजन किया जाता है तो इस स्थिति में रमसा संगठन कैबिनेट के लिए गए सरकार के फैसले का स्वागत करते है। शनिवार को पूर्व विधायक बिशन सिंह चुफाल कर्मियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। उधर, कर्मियों ने कहा कि यदि शीघ्र ही मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो आगे आंदोलन तेज होगा।
औलख को मौ. शाहिद का लिंक अधिकारी नामित
देहरादून, 1 अगस्त (निस)। संयुक्त सचिव कार्मिक अतर सिंह ने बताया कि शासन द्वारा जनहित में सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सैनिक कल्याण तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास डा. भूपिन्दर कौर औलख को सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विकास निगम तथा प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम मौ. शाहिद के 27 जुलाई, 2015 से 05 अगस्त, 2015 तक उपार्जित अवकाश की अवधि में सचिव अल्पसंख्यक कल्याण के दायित्वों के निर्वाह्न हेतु लिंक अधिकारी नामित किया गया है।
राज्यपाल ने की राष्ट्रपति से भेंट
देहरादून, 1 अगस्त (निस)। उत्तराखण्ड के राज्यपाल डा0 कृष्ण कांत पाल ने आज अपरान्ह में भारत के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से शिष्टाचार भेंट की। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान राज्यपाल ने राष्ट्रपति को उत्तराखण्ड के विभिन्न विषयों के संदर्भ में जानकारी दी। राज्यपाल ने उन्हें, 03 से 07 अगस्त, के मध्य राजभवन में आयोजित होने जा रहे ‘टापर्स कानक्लेव’ के विषय मंे भी बताया। राज्यपाल का, 02 अगस्त, रविवार को अपरान्ह में राजभवन देहरादून पहुँचने का कार्यक्रम है।
सीएम 25 प्रतिशत वेतन देंगे राहत कोष में
देहरादून, 1 अगस्त (निस)। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपने वेतन से 25 प्रतिशत धनराशि कटौती कर मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री श्री रावत ने मुख्य सचिव को दूरभाष पर निर्देश दिये है कि मुख्यमंत्री के रूप में मिलने वाले वेतन से 25 प्रतिशत धनराशि की कटौती कर ली जाय। इसके साथ ही उनकी फ्लीट से एक वाहन को और कम कर दिया जाय। मुख्यमंत्री श्री रावत ने यह भी निर्देश दिये है कि मंत्रीगणों और दायित्वधारियों के वेतन व मानदेय में से भी 10 प्रतिशत धनराशि की कटौती कर ली जाय। जिसे मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री रावत ने मुख्य सचिव को यह भी निर्देश दिये है कि भविष्य में मुख्यमंत्री, मा.मंत्रीगण, दायित्वधारियों एवं अधिकारियों द्वारा यदि आवश्यक होने पर हवाई यात्रा की जाती है, तो वह केवल इकोनाॅमिक क्लास में ही की जाय। मुख्य सचिव को यह भी निर्देश दिये गये है कि देहरादून में बनने वाले फ्लाई ओवर का निर्माण में हर हाल में 26 जनवरी, 2016 तक पूर्ण कर लिया जाय, ताकि 26 जनवरी, 2016 तक यह फ्लाई ओवर जनता को समर्पित किये जा सके। यह जानकारी मुख्यमंत्री के मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र कुमार द्वारा दी गई है।
खान बस्ति मे ढहा मकान, एक ही परिवार के तीन लोग घायल
विकासनगर, 1 अगस्त (निस)। राजस्व क्षेत्र कालसी के व्यास नहरी की खान बस्ति मे एक गरीब परिवार पर उस समय दुखों का पहाड टूट पडा, जब मूसलाधार बारिश के कारण उनके मकान का एक बडा हिस्स भरभरा कर गिर पडा। घटना के कारण मलवे मे दब जाने के कारण परिवार के तीन लोग घायल हो गये जिन्हे उपचार के लिए दो लोगो को कालसी के सामुदायिक केन्द्र मे भर्ती कराया गया वही एक घायल की स्थिति गम्भीर होने के कारण उसे सामुदायिक केन्द्र विकासनगर के लिए रैफर कर दिया गया। देर रात हुए हादसे से परिवार के लोग सहमे हुए है, वही गाॅव मे खबर लगते ही लोगो मे अफरा तफरी का माहौल है। पीडित परिवार के मुखिंया हाफिज का कहना है कि गरीब होने के कारण उनकी सुध लेने वाला कोई नही है, घर के ढहने से सर पर छत से महरुम हो चुके परिवार ने कालसी तहसील प्रशासन से मदद की गुहार लगायी है। कालसी के उपजिलाधिकारी अशोक कुमार पाण्डे का कहना है कि कानूनगांे को जाॅच कर उच्ति व्यवस्था बनाने के निर्देश दे दिये गये है साथ ही उनका कहना है कि दैविय आपदा मानको के तहत श्रेणी क्रमवार पीडित परिवार को मुआवजे की राशि प्रदान की जायेगी।
नगरपालिका की अध्यक्ष पद की जंग को भाजपा ने बताया जीत
विकासनगर, 1 अगस्त (निस)। पछवादून की विकासनगर नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए लम्बे समय से चली आ रही खीचतान आखिरकार शुक्रवार को समाप्त हो ही गयी। हाईकोर्ट के आदेश के बाद ढकरानी स्थित कोर्ट परिसर मे अध्यक्ष पद के लिए जनता द्वारा डाले गये मतों की दूबारा गिनती का कार्य किया गया। कार्ट परिसर मे देर रात साढे आठ बजे आये फैसले मे एडीजे कोर्ट के जज मौ0 सुलतान ने फैसला सुनाते हुए कहा कि अध्यक्ष पद के लिए कंाग्रेस पार्टी के उम्मीदवार नीरज अग्रवाल व भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हरफूल महावर को समान वोट जनता ने दिए। जज ने अपने फैसले को सुनाते हुए कहा कि चुनाव मे खामियों को देखते हुए यह चुनाव निरस्त किये जाते है, व तीन माह मे दुबारा चुनाव करने के आदेश भी र्कोअ मे जज के द्वारा दिये गये। इसी बात को लेकर भाजपा कार्यकताओं के द्वारा विकासनगर के एक होटल मे प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। वार्ता के दौरान भाजपा के कद्दावर नेता मुन्ना सिह चैहान ने कहा कि कोर्ट के द्वारा चुनाव को रद्द किया जाना भाजपा की एक बडी जीत है। कांग्रेस ने विकासनगर की जनता के साथ धोखा किया है, साथ ही यह भी साफ है कि चुनाव के दौरान सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया गया है। जिस प्रकार अवैध तरीके से प्रत्याशी को जीताने का काम कांगे्रस ने किया है इसके लिए उन्हें विकासनगर की जनता से माफी माॅगनी चाहिए। चैहान ने कार्ट का भी धन्यवाद किया और कहा कि सामन्य तय ऐसे मामलों मे पाॅच साल से ज्यादा का समय लग जाता है, पर कोर्ट के द्वारा असाधारण रुप से एक रिकार्ड समय मे याचिका पर निर्णय दिया जाना लोगो की लोकतंत्र मे आस्था को और मजबूत करेगा। वार्ता मे भाजपा के वकील सुरेश गुप्ता का कहना था कि याचिका मे लगाये गये सभी आरोप जाॅच मे सही पाये गये। इस निर्णय से लोगो का न्याय पालिका मे विश्वास और मजबूत होगा। कार्ट का आदेश प्राप्त हाने के बाद उस पर मनथन किया जायेगा व जरुरत पडी तो उच्च न्यायालय की शरण ली जायेगी। वार्ता के दौरान पुर्व विधायक कुलदीप कुमार, सूरत सिह, संदीप मोंगा, हरफूल महावर, संजय गुप्ता, विरेन्द्र सिंह (बाॅबी),पीयूष गुप्ता आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
सरकार बेरोजगारों के साथ कर रही धोखा:अजय भट्ट
देहरादून, 1 अगस्त (निस)। नेता प्रतिपक्ष, श्री अजय भट्ट ने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न संस्थाओं के बेरोजगारों के साथ सरासर धोखा किया जा रहा है, प्रदेष में रमसा कर्मचारी तीन दिन से पवेलियन ग्राउड़ में पानी की टंकी में चढ़े हुए है किन्तु सरकार को उनकी सुध लेने की आज तक कोई जरूरत महसूस नहीं हुई जबकि कई रमसा कर्मचारियों का स्वास्थ्य भी लगातार खराब हो रहा है। श्री भट्ट ने कहा कि प्रदेष के मुख्यमंत्री जी द्वारा रमसा कर्मचारियों को डराया जा रहा है कि पहले तो मैं सोच रहा था कि उनके लिए कैबिनेट में प्रस्ताव लाऊॅ किन्तु अब मैं इनके प्रकरण को एक महीने और लटकाऊॅगा बयान को सत्ता का नषा और घमण्ड करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेष के सर्वोच्च पद पर आसीन होने के बाद इस तरह की बयानबाजी कर कर्मचारियों को उनके अधिकारों के खिलाफ लड़ाई लड़ने के डराना मुख्यमंत्री पद के अनुरूप षोभा नहीं देता है। उन्होंने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि हर बात केन्द्र सरकार की ओर को मोड़कर अपनी जिम्मेदारियों से इतिश्री न कर प्रदेष सरकार जल्द रमसा कर्मचारियों के बारे में कोई ठोस निर्णय ले। श्री भट्ट ने कहा कि उन्होंने बार-बार सरकार को आगाह किया है कि यदि सरकार प्रदेष हित में कार्य नहीं कर सकती है तो अपने पद से इस्तीफा दे। उन्होंने कहा कि आये दिन प्रदेष की कैबिनेट जो राजधानी में मात्र 500 रू0 के खर्च में हो सकती है उसी में सभी निर्णय लिये जा सकते हैं किन्तु सरकार ने कैबिनेट को भी अपने पिकनिक में जोड़कर प्रदेष के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार सीधे-सीधे बताये कि आये जगहों पर कैबिनेट करके प्रदेष की जनता को क्या फायदा हो रहा है जो निर्णय सरकार जनता को बेवकूफ बनाकर चारों ओर पिकनिक मनाकर लेने की बात कह रही है वे निर्णय तो राजधानी में भी लिये जा सकते हैं। श्री भट्ट ने कहा कि चारों ओर से करोड़ों-अरबों रू0 के घोटालों को छिपाने के लिए सरकार आये दिन इस तरह के नौटंकी कर रही है। उन्होंने कहा कि हमने पूर्व में ही कह दिया है कि स्टिंग प्रकरण की जाॅच सी0बी0आई0 से नीचे नहीं हो सकती है किन्तु सरकार ने प्रमुख सचिव को जाॅच ऐसे सौंपी जैसे कि सरकार नियम-कानून जानती ही नहीं होगी और प्रमुख सचिव को सरकार की आॅखें खोलनी पड़ी हैं कि मैं जाॅच करूॅ तो करूॅ किस चीज की। श्री भट्ट ने कहा कि अब सरकार को चाहिए कि षीघ्र स्टिंग प्रकरण की जाॅच सी0बी0आई0 को देते हुए सबसे पहले मुख्यमंत्री अपने पद से इस्तीफा दें जाॅच आने के बाद साबित हो सके कि इतना बड़ा घोटाला हुआ किसकी सह पर।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें