मुंबई, 22 नवंबर, बहुचर्चित शीना बोरा हत्या मामले में पीटर मुखर्जी के पुत्र राहुल मुखर्जी ने आज केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को इस हत्या से जुड़े कुछ दस्तावेज सौंपे तथा कहा कि शीना अपनी मां इंद्राणी मुखर्जी को ब्लैकमेल कर रही थी। राहुल ने शीना द्वारा किराये पर लिये गये मकान के कागजात के अलावा कई अन्य दस्तावेज सीबीआई को सौंपे। उन्होंने सीबीआई कार्यालय के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शीना तीन कमरों वाले फ्लैट की मांग को लेकर अपनी मां इंद्राणी मुखर्जी को ब्लैकमेल कर रही थी। उन्होंने कहा कि शीना की हत्या में मेरे पिता सीधे तौर पर शामिल नहीं है। जांच एजेंसी ने इस हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पिछले दो दिन से लगातार राहुल से पूछताछ की है।
राहुल ने कहा कि उनके पिता पर लगाये गये आरोप चौंकानेवाले हैं। उनके पिता निर्दोष हैं तथा उनको इस मामले में फंसाया गया है। राहुल ने कहा कि उसके पास इंद्राणी तथा पीटर के बीच फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग है। सीबीआई ने गत गुरुवार को पीटर के साथ राहुल से कई घंटे तक पूछताछ की गई थी तथा उसके बाद उसे छोड़ दिया गया था। सीबीआई ने राहुल से पूछताछ के लिए कल भी बुलाया था। गौरतलब है कि राहुल तथा शीना के बीच करीबी संबंध थे तथा दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन इंद्राणी इससे सहमत नहीं थी। दोनों अलग-अलग फ्लैटों में रहते थे। शीना के अचानक गायब होने के बाद राहुल ने पीटर से उसके बारे में पूछा तब इंद्राणी की तरह पीटर ने भी कहा कि वह अमेरिक चली गई है। उसके बाद राहुल ने पीटर तथा इंद्राणी के बीच टेलीफोन पर हुए बातचीत को रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। उल्लेखनीय है कि इंद्राणी, उसके पूर्व पति संजीव तथा ड्राइवर श्यामवर राय ने 24 अप्रैल 2012 को शीना की गला दबाकर हत्या कर दी तथा सबूत को मिटाने के लिए उसकी लाश को रायगढ के जंगल में जला दिया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें