देश में फिलहाल गर्मी से कोई राहत नहीं - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 6 जून 2019

देश में फिलहाल गर्मी से कोई राहत नहीं

hot-continue-in-india
नयी दिल्ली, छह जून, भारत के विभिन्न हिस्सों में बृहस्पतिवार को भी गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। हालांकि हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई और अधिकतम तापमान 3-7 डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लू का कहर लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को शहर के कुछ हिस्सों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के स्तर को छू गया। पूरा शहर भयंकर गर्मी की चपेट में है। मई के अंतिम हफ्ते में दिल्ली में गर्मी बढ़ने के साथ ही लू चलना शुरू हो गया था । हालांकि एक जून से उत्तर पश्चिम भारत में पूर्व और दक्षिण-पूर्व की ओर से आ रही हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट आई है। राजधानी की सफदरजंग वेधशाला ने उच्चतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। आर्द्रता का स्तर 19 से 66 प्रतिशत के बीच रहा। पालम, दिल्ली रिज और आयानगर के मौसम केन्द्रों पर अधिकतम तापमान क्रमशः 45.3, 45.2 और 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मानसून के राष्ट्रीय राजधानी में आगमन में दो-तीन दिन की देरी की संभावना जतायी है। हालांकि शहर में बारिश के सामान्य रहने का अनुमान है। विभाग ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में कल के मुकाबले एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट के बावजूद लू चलने से भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि कोटा में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 46.5, बाड़मेर में 45.3, बीकानेर में 45.2, जयपुर में 45, अजमेर—श्रीगंगानगर में 44.7—44.7, जैसलमेर—जोधपुर में 44.6—44.6, डबोक में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस से लेकर 33.1 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा के अधिकतर भागों में बृहस्पतिवार को भी लू में कोई कमी नहीं आयी। हरियाणा के नारनौल में चिलचिलाती गर्मी बनी रही और पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर मौसम शुष्क बना रहा। झांसी 47.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जबकि बांदा और आगरा में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश हुई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। राज्य में सबसे गर्म स्थान उना रहा और सबसे कम तापमान किलोंग में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार रात में हुई हल्की बारिश के बाद ओडिशा में तापमान कुछ डिग्री सेल्सियस नीचे गया। राज्य में सबसे ज्यादा तापमान सम्बलपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं तेलंगाना के अदिलाबाद में सबसे ज्यादा तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दूर-दराज के क्षेत्रों में लू चलने की चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश, कर्नाटक और केरल के कई दूर-दराज इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं: