- 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न आयोजन, जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर, स्कूल में बच्चों के बीच केक कटिंग और 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम
जन्मदिवस पर होगा रक्तदान शिविर
नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 17 सितंबर को होगी। जन्मदिवस के अवसर पर सुबह 11 बजे शासकीय अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में भव्य रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें नगरवासी एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर रक्तदान करेंगे। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध कराना किसी के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए अधिक से अधिक युवाओं और नागरिकों से रक्तदान शिविर में सहभागिता करने का आग्रह किया गया है।
स्कूली बच्चों के बीच काटा जाएगा केक
इसके बाद दोपहर 12 बजे गंज क्षेत्र स्थित ग्वालटोली के शासकीय स्कूल में सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम में सीहोर विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, संगठन के वरिष्ठजन एवं पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर स्कूली बच्चों के बीच केक काटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी जाएंगी। बच्चों के साथ जन्मदिवस मनाने के इस कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सहभागिता और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया जाएगा।
'आशीर्वाद का दीया' अभियान में घर-घर जलेगा दीप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 'आशीर्वाद का दीयाÓ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। नगर मंडल अध्यक्ष ने नगरवासियों से आग्रह किया है कि 17 सितंबर की शाम 7 से 8 बजे के बीच अपने-अपने घरों पर एक दीया जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आशीर्वाद प्रदान करें। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आम नागरिकों की सहभागिता से पूरे नगर में एक साथ आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक घर में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की जाएगी।
कोतवाली चौराहे से निकलेगा सामूहिक कार्यक्रम
'आशीर्वाद का दीयाÓ कार्यक्रम के तहत शाम 7 बजे कोतवाली चौराहे पर सामूहिक रूप से नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता, संगठन के वरिष्ठजन एवं पदाधिकारी एकत्रित होंगे। कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय एवं भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा की विशेष उपस्थिति रहेगी। इसके बाद सभी लोग नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मनकामेश्वर मंदिर पहुंचेंगे। यहां सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर पूरे मंदिर परिसर को दीपों से सजाया जाएगा। धार्मिक आस्था और जनसहभागिता से जुड़ा यह आयोजन नगर में आकर्षण का केंद्र रहेगा।
एक माह तक चलेंगे विभिन्न कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा, सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। नगर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और नागरिकों की सहभागिता से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उनके जन्मदिवस को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता के संकल्प के साथ मनाने का प्रयास किया जा रहा है।
नगरवासियों से की कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने नगरवासियों एवं भारतीय जनता पार्टी के सभी सम्मानित कार्यकर्ता बंधुओं से अपील की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सेवा एवं सामाजिक सरोकार की इस मुहिम में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि रक्तदान से लेकर स्कूली बच्चों के बीच जन्मदिवस मनाने और घर-घर दीप जलाने तक प्रत्येक कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और सकारात्मकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रमों में सहभागिता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को यादगार बनाने का आह्वान किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें