दिल्ली : डीयू छात्रा की हत्या पूर्व नियोजित थी : आरोप पत्र - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026

दिल्ली : डीयू छात्रा की हत्या पूर्व नियोजित थी : आरोप पत्र

Du-student-murder
नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में डीयू की एक छात्रा की हत्या के आरोपी 27 वर्षीय व्यक्ति ने वारदात की कथित तौर पर साजिश रची थी और उसने हमले से दो दिन पहले एक ऑनलाइन मंच से चाकू खरीदा था। पुलिस द्वारा दायर आरोप पत्र में यह जानकारी दी गई है।आरोपपत्र के अनुसार, आरोपी के एक मित्र ने उसे पीड़िता के घर का पता लगाने में मदद की और बाद में उसे शरण भी दी।  तीस हजारी अदालत में दाखिल 350 से अधिक पृष्ठों के आरोप पत्र में कहा गया है कि आरोपी इमरान खान ने 24 अगस्त को चाकू खरीदा था और 26 अगस्त को 21 वर्षीय ‘फैशन कंटेंट क्रिएटर’ तथा दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की छात्रा मुस्कान शर्मा पर हमला किया था। पुलिस ने मामले में दिग्विजय सिंह को सह-आरोपी बताया है। आरोप है कि उसने खान को शर्मा के घर का पता लगाने में मदद की, हत्या के दौरान आस पास इंतजार किया और बाद में उसके फरार होने में भी सहायता की। मामले की पड़ताल के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। 

 

आरोप पत्र के अनुसार, खान अक्सर शर्मा से संपर्क करता था और उसे यह जानकारी रहती थी कि वह घर पर कब अकेली होगी। शर्मा 26 अगस्त को ओल्ड महावीर नगर स्थित अपने घर में अकेली थी, तभी खान उससे मिलने पहुंचा।  इसके बाद उसने कथित तौर पर उसका गला घोंटा और सीने तथा पेट में तीन बार चाकू मारा। पुलिस के अनुसार, घटना का खुलासा करीब एक घंटे बाद तब हुआ जब घरेलू सहायिका ने शर्मा को खून से लथपथ पड़ा देखा।  पुलिस ने बताया कि खान और शर्मा लगभग दो वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और करीब डेढ़ वर्ष तक उनके बीच प्रेम संबंध था। शर्मा एक स्थानीय जिम जाती थी, जहां खान काम कर चुका था। आरोप पत्र के अनुसार, खान शर्मा पर संबंध जारी रखने का कथित तौर पर दबाव बना रहा था, जबकि वह इससे इनकार कर रही थी।  आरोप पत्र में यह भी कहा गया है कि खान ने शर्मा के मोबाइल फोन से डेटा और चैट आदि हटा दिए थे। पुलिस ने ऐसे संदेशों के साक्ष्य बरामद किए हैं जिनमें उसने कथित तौर पर उसे धमकाया था।  जांचकर्ताओं ने कई स्थानों से सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए हैं, जिनमें एक होटल, रेस्तरां और शर्मा के घर के आस पास के इलाके शामिल हैं, जहां जुलाई और अगस्त के बीच खान और शर्मा कथित तौर पर मिले थे।

कोई टिप्पणी नहीं: