जुलाई में मिली प्रारंभिक रिपोर्ट
न्यास के अनुसार, आईआईटी मद्रास की विशेषज्ञ टीम धाम का स्थलीय निरीक्षण कर चुकी है। टीम ने जुलाई 2026 में अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। इसमें प्राकृतिक पत्थर और लकड़ी पर पर्यावरणीय प्रभावों के कारण होने वाले क्षरण का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट में संरक्षण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित सामग्री का सूक्ष्म विश्लेषण और आवश्यक तकनीकी जांच कराने की जरूरत बताई गई है। इस जांच का उद्देश्य शिखर की वास्तविक स्थिति का आकलन कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप संरक्षण की उपयुक्त कार्ययोजना तैयार करना है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, बिना आवश्यक परीक्षण और विशेषज्ञों के परामर्श के संरक्षण कार्य आगे बढ़ाने के बजाय मूल संरचना की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
नवंबर में दोबारा होगा निरीक्षण
इसी क्रम में आईआईटी मद्रास की विशेषज्ञ टीम नवंबर 2026 में मुख्य मंदिर परिसर का दोबारा निरीक्षण करेगी। इस निरीक्षण और आवश्यक तकनीकी परीक्षणों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसमें मंदिर की संरचनात्मक सुरक्षा के साथ उसकी धार्मिक, ऐतिहासिक और पुरातात्त्विक महत्ता को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक उपायों की संस्तुति की जाएगी। मंदिर न्यास ने कहा है कि वह मंदिर की प्राचीन संरचना, धार्मिक गरिमा और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। शिखर के संरक्षण एवं मरम्मत से संबंधित कार्यवाही विशेषज्ञों के तकनीकी परामर्श और वैज्ञानिक पद्धति के अनुरूप की जा रही है, ताकि मूल संरचना की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए आवश्यक कार्य संपन्न कराया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें