- दूसरे चरण में 30 खिलाड़ियों को दो टीमों में बांटकर कराया 40-40 ओवर का अभ्यास मैच, एमपीसीए पर्यवेक्षक पुनित चतुर्वेदी की मौजूदगी में होगी चयन प्रक्रिया
40-40 ओवर के मुकाबले में दिखाया खेल कौशल
रविवार को रेड टीम और ब्लू टीम के बीच 40-40 ओवर का अभ्यास मैच खेला गया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण क्षमता का प्रदर्शन किया। चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों की तकनीक के साथ-साथ अनुशासन, फिटनेस, खेल भावना और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता पर भी नजर रखी। इस अवसर पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अतुल तिवारी और कोषाध्यक्ष वीरु वर्मा सहित वरिष्ठ खिलाड़ी एवं पदाधिकारियों ने मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
आज होगा निर्णायक सिलेक्शन मैच
चयन प्रक्रिया के अगले चरण में सोमवार सुबह 9:30 बजे सिलेक्शन मैच आयोजित किया जाएगा। इसमें एमपीसीए के पदाधिकारी पुनित चतुर्वेदी पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके बाद आगामी प्रक्रिया में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया जाएगा। प्रशिक्षण एवं अभ्यास मैचों के दौरान सीनियर कोच खिलाड़ियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के साथ क्रिकेट की तकनीकी बारीकियों का प्रशिक्षण भी देंगे। अभ्यास मैचों के माध्यम से खिलाड़ियों की वास्तविक खेल क्षमता, प्रदर्शन, अनुशासन और टीम भावना को परखा जाएगा।
एमपीसीए और बीडीसीए के चयनकर्ता करेंगे प्रदर्शन का आकलन
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि पूरी चयन प्रक्रिया एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं विधायक सुदेश राय तथा सचिव अतुल तिवारी के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है। प्रशिक्षण एवं अभ्यास मैचों के बाद एमपीसीए एवं बीडीसीए के पर्यवेक्षकों और चयनकर्ताओं द्वारा खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया के आधार पर 16 सदस्यीय जिला अंडर-15 टीम का गठन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को आगामी अंतरजिला स्तरीय प्रतियोगिता में भोपाल संभाग का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। चयन प्रक्रिया के दौरान जिला क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ खिलाड़ी वीरू वर्मा, जिला खेल अधिकारी अताउल्ला खान, आशीष शर्मा, चेतन मेवाड़ा, अतुल त्रिवेदी सहित अन्य अनुभवी सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा अक्षय दुबाने, कमलेश पारोचे, आशीष मेवाड़ा, अभिषेक परसाई, मोहनिश त्रिवेदी, मदन कुशवाहा, अतुल कुशवाहा, गौरव पिचोनिया, आदर्श राय सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ खिलाड़ी भी चयन प्रक्रिया में सहयोग करते नजर आए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें