नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर में कथित तौर पर लिखे गए ‘उमर खालिद को रिहा करो’ और ‘नक्सलबाड़ी जिंदाबाद’ जैसे नारों पर रविवार को आपत्ति जताई तथा विश्वविद्यालय प्रशासन से इन्हें लिखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने इससे पूर्व आरोप लगाया था कि जेएनयू परिसर की दीवारों पर इन नारों समेत आपत्तिजनक राजनीतिक नारे लिखे गए हैं। एबीवीपी ने वामपंथी छात्र संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं पर परिसर की दीवारों को विरूपित करने का भी आरोप लगाया और दावा किया कि विनायक दामोदर सावरकर के चित्र के पास आपत्तिजनक टिप्पणियां भी लिखी गईं। ये आरोप जामिया मिल्लिया इस्लामिया परिसर में इसी तरह के नारे कथित तौर पर लिखे जाने के कुछ दिन बाद सामने आए हैं। जामिया में छात्रसंघ को बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज हो गए हैं, जिसके बाद अधिकारियों ने अगले आदेश तक ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का फैसला किया है। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जामिया मिल्लिया इस्लामिया (जेएमआई) के बाद अब (जेएनयू) की दीवारों पर भी ‘उमर खालिद को रिहा करो’ और ‘नक्सलबाड़ी जिंदाबाद’ जैसे नारे लिखे गए हैं। वीर सावरकर के चित्र पर आपत्तिजनक बातें लिखे जाने की शिकायत भी सामने आई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि अब कांग्रेस, कम्युनिस्ट और चरमपंथी तत्वों का देश-विरोधी गिरोह शैक्षणिक संस्थानों को निशाना बना रहा है।’’ विहिप के प्रवक्ता ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान ज्ञान और संवाद के केंद्र बने रहने चाहिए, न कि भड़काऊ नारेबाजी और राष्ट्रीय हस्तियों के कथित अपमान के स्थल। उन्होंने कहा, ‘‘शैक्षणिक संस्थान ज्ञान और संवाद के केंद्र हैं, न कि भड़काऊ नारेबाजी और महान हस्तियों के अपमान की जगह। प्रशासन को जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।’’
रविवार, 25 अक्टूबर 2026
Home
देश
दिल्ली : विहिप ने जेएनयू में नारों पर जताई आपत्ति, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
दिल्ली : विहिप ने जेएनयू में नारों पर जताई आपत्ति, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
Tags
# देश
Share This
About आर्यावर्त डेस्क
देश
Labels:
देश
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें