दिल्ली : उच्चतम न्यायालय ने राजपाल यादव से संबंधित चेक-बाउंस मामले में मध्यस्थ नियुक्त किया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 21 अक्टूबर 2026

दिल्ली : उच्चतम न्यायालय ने राजपाल यादव से संबंधित चेक-बाउंस मामले में मध्यस्थ नियुक्त किया

rajpal-yadav-case
नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने अभिनेता राजपाल यादव से जुड़े चेक बाउंस मामले को सुलझाने के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति नजमी वजीरी को मध्यस्थ नियुक्त किया है। यह कानूनी विवाद 2010 में हुए एक वित्तीय समझौते से जुड़ा है। इसके तहत राजपाल यादव ने अपने निर्देशन में पहली फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से पांच करोड़ रुपये लिए थे। कंपनी ने आरोप लगाया कि 2013 में यादव ने फिल्म के लिए ली गई पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता का भुगतान करने के लिए 1.05 करोड़ रुपये के सात चेक दिए थे, जो बाउंस हो गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, 2012 में दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते में कहा गया था कि यादव, उनकी पत्नी और उनकी कंपनी ब्याज समेत लगभग 11 करोड़ रुपये चुकाने पर सहमत हुए थे। मामले की सुनवाई के दौरान उच्चतम न्यायालय ने इस बात पर गौर किया कि अभिनेता ने उसकी रजिस्ट्री में दो करोड़ रुपये जमा कराए हैं। 


मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची की पीठ ने कहा, “दोनों पक्षों की ओर से संक्षेप में उठाए गए मुद्दों को देखते हुए हमें लगता है कि इस मामले को मध्यस्थता के जरिए आपसी सहमति से सुलझाया जा सकता है।” पीठ ने 15 अक्टूबर के अपने आदेश में कहा, “मामले से जुड़े मुद्दों की जटिलता को देखते हुए, हम दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति नजमी वजीरी को एकमात्र मध्यस्थ नियुक्त करते हैं।” पीठ ने दोनों पक्षों को मध्यस्थ से संपर्क करने और पेशी की तारीख तय करने का निर्देश दिया। पीठ ने कहा कि मध्यस्थ दोनों पक्षों को व्यक्तिगत रूप से या ऑनलाइन पेश होने के लिए कह सकते हैं। पीठ ने कहा, “मध्यस्थ दोनों पक्षों से बातचीत करके अपनी फीस तय करेंगे।” उच्चतम न्यायालय ने निचली अदालत को यादव का पासपोर्ट लौटाने का भी निर्देश दिया, ताकि वह अपने पेशेवर काम जारी रख सकें। हालांकि, इसके लिए निचली अदालत कुछ शर्तें तय कर सकती है। अदालत ने कहा कि यादव इन शर्तों का पालन करने के बाद ही विदेश यात्रा कर सकेंगे। विदेश से लौटने पर उन्हें निचली अदालत को इसकी जानकारी देनी होगी। पीठ ने कहा, “मध्यस्थता की रिपोर्ट मिलने के तुरंत बाद मामले को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाए।” उच्चतम न्यायालय में सुनवाई के दौरान यादव के वकील ने बताया कि अभिनेता ने अदालत के पिछले निर्देशों का पालन करते हुए दो करोड़ रुपये जमा करा दिए हैं। उन्होंने अदालत से अनुरोध किया कि सात चेक बाउंस मामलों में दोषसिद्धि और तीन महीने की सजा को चुनौती देने वाली उनकी याचिका पर गुण-दोष के आधार पर सुनवाई की जाए।

कोई टिप्पणी नहीं: