मधुबनी : जिला स्तरीय युवा उत्सव–2026 का आयोजन 28 अक्टूबर को - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 14 अक्टूबर 2026

मधुबनी : जिला स्तरीय युवा उत्सव–2026 का आयोजन 28 अक्टूबर को

  • पात्र एवं इच्छुक युवाओं से इस आयोजन मे भाग लेने तथा अपनी कला एवं प्रतिभा का परिचय देने का आह्वान 

youth-festival-madhubani
मधुबनी, 14 अक्टूबर, (रजनीश के झा) । जिला प्रशासन तथा कला संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 28 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे से जिला स्तरीय युवा उत्सव–2026 का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य जिले के युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना, लोक संस्कृति एवं कला को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं में रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक अभिरुचि का विकास करना है। उत्सव के अंतर्गत विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें जिले के पात्र युवा प्रतिभागी भाग ले सकेंगे।


आयोजन स्थल एवं प्रतियोगिताओं का विवरण

जिला स्तरीय युवा उत्सव के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन दो स्थलों पर किया जाएगा। नगर भवन, मधुबनी में उद्घाटन समारोह के साथ समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। वहीं, आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, मधुबनी में चित्रकला एवं कविता लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।


प्रतियोगितावार दिशा-निर्देश निम्नवत् हैं—

1. समूह लोकनृत्य प्रतियोगिता: इस प्रतियोगिता में प्रत्येक दल में 7 मुख्य कलाकार एवं 3 सहयोगी कलाकार सहित कुल 10 सदस्य भाग ले सकेंगे। प्रस्तुति की अवधि 5 से 8 मिनट निर्धारित है।

2. समूह लोकगीत प्रतियोगिता: प्रत्येक दल में 7 मुख्य कलाकार एवं 3 सहयोगी कलाकार सहित कुल 10 सदस्य भाग ले सकेंगे। प्रस्तुति की अवधि 5 से 8 मिनट होगी।

3. नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता: इस प्रतियोगिता में अधिकतम 10 मुख्य कलाकार भाग ले सकेंगे। प्रत्येक प्रस्तुति के लिए अधिकतम 7 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। नुक्कड़ नाटक का थीम विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा से संबंधित होगी l 

4. चित्रकला प्रतियोगिता: यह प्रतियोगिता आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, मधुबनी में आयोजित होगी। यह व्यक्तिगत प्रतियोगिता होगी तथा प्रतिभागियों को चित्रकला के लिए 5 घंटे का समय निर्धारित है।

5. कविता लेखन प्रतियोगिता: यह प्रतियोगिता भी आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, मधुबनी में आयोजित होगी। यह व्यक्तिगत प्रतियोगिता होगी तथा कविता लेखन के लिए 90 मिनट का समय निर्धारित किया गया है।


आयु सीमा एवं पात्रता

जिला स्तरीय युवा उत्सव–2026 में भाग लेने के लिए प्रतिभागी की आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। निर्धारित पात्रता के अनुसार दिनांक 18 अगस्त 1997 से 17 अगस्त 2011 के बीच जन्मे युवा प्रतिभागी इसमें भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी का मधुबनी जिले का निवासी होना अथवा मधुबनी जिले के किसी विद्यालय या महाविद्यालय में अध्ययनरत होना आवश्यक है। जिले के शैक्षणिक संस्थान में अध्ययनरत प्रतिभागियों को संस्थान का पहचान-पत्र एवं निर्धारित स्व-घोषणा-पत्र प्रस्तुत करना होगा।


आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेज

प्रतिभागियों के लिए MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। आवेदन के साथ आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र अथवा मैट्रिक प्रमाण-पत्र में से कोई एक जन्मतिथि संबंधी प्रमाण तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो संलग्न करना आवश्यक है। आवेदन प्राप्त करने एवं जमा करने के लिए प्रतिभागी कार्यालय अवधि में वॉटसन स्कूल स्थित खेल भवन के भूतल पर बने काउंटर से संपर्क कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए कार्यालय के संपर्क नंबर 9931747796 पर संपर्क किया जा सकता है।


विजेताओं का चयन एवं राज्य स्तरीय युवा उत्सव

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन निर्धारित नियमों एवं निर्णायक मंडल के निर्णय के अनुसार किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव–2026 में भाग लेने हेतु चयनित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की  है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर इस सांस्कृतिक आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लें तथा अपनी प्रतिभा के माध्यम से जिले की कला, संस्कृति एवं गौरव को आगे बढ़ाएँ।

कोई टिप्पणी नहीं: