सीहोर : आईपीएल के खिलाड़ी अक्षत और अनिकेत वर्मा बीएसआई मैदान पर दिखा रहे दम - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 4 नवंबर 2026

सीहोर : आईपीएल के खिलाड़ी अक्षत और अनिकेत वर्मा बीएसआई मैदान पर दिखा रहे दम

भोपाल लेपर्ड ने इंदौर सीनियर को 33 रन से और एजीसीए ने केप भोपाल को 44 रन से हराया, राहुल चंदौरोल और शाश्वत भदौरिया की तूफानी पारियां

Sehore-cricket
सीहोर। शहर के बीएसआई क्रिकेट मैदान पर एकलव्य क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित सैकेंड एकलव्य टी-20 लीग क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के चौथे दिन भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के तहत खेले गए दो मुकाबलों में भोपाल लेपर्ड ने निखिल क्रिकेट इंदौर सीनियर को 33 रन से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में एजीसीए ने केप भोपाल को 44 रन से हराकर जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में राहुल चंदौरोल और दूसरे मुकाबले में शाश्वत भदौरिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। पहले मुकाबले में भोपाल लेपर्ड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से राहुल चंदौरोल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 44 गेंदों पर 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 83 रन बनाए। वहीं अंकुश सिंह ने 33 और कमल त्रिपाठी ने 26 रन का योगदान दिया। इंदौर सीनियर की ओर से अक्षय सिंह और पवन ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि हर्षवर्धन, अभिषेक पाठक, आर्य पटेल और अनुराग को 1-1 विकेट मिला। 220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी निखिल क्रिकेट इंदौर सीनियर की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 186 रन ही बना सकी। टीम की ओर से हर्षवर्धन ने 63 और अभिषेक ने 46 रन की पारी खेली। इस तरह भोपाल लेपर्ड ने 33 रन से मुकाबला अपने नाम किया।


शाश्वत भदौरिया ने 93 रन बनाकर एजीसीए को दिलाई जीत

दिन के दूसरे मुकाबले में एजीसीए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 204 रन बनाए। टीम की ओर से शाश्वत भदौरिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि दिव्यांश साहु ने 47 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केप भोपाल की टीम 19.2 ओवर में 160 रन पर सिमट गई। एजीसीए ने यह मुकाबला 44 रन से जीत लिया।


आईपीएल में खेलने वाले अक्षत और अनिकेत वर्मा भी प्रतियोगिता का हिस्सा

प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि इस लीग में मध्यप्रदेश के कई प्रतिभाशाली और स्टार खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलने वाले अनिकेत वर्मा भी शामिल हैं। अनिकेत घरेलू क्रिकेट में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं और उन्होंने भोपाल में रहकर क्रिकेट का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इसके अलावा अक्षत रघुवंशी भी आईपीएल में खेल चुके हैं। मध्यप्रदेश लीग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके कई युवा खिलाड़ी भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। इन खिलाड़ियों को बीएसआई मैदान पर खेलते देख क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है।


खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत

मैच के दौरान एकलव्य क्रिकेट अकादमी के कोच अतुल कुशवाहा, मध्यप्रदेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बृजेश तोमर, डीएसपी विजेन्द्र मस्कुले, एसोसिएशन के सचिव अतुल तिवारी, वीरु वर्मा, वरिष्ठ खिलाड़ी महेन्द्र शर्मा, मनोज दीक्षित मामा, मदन कुशवाहा, गौरव पिचोनिया और चेतन मेवाड़ा सहित अन्य अतिथियों ने भोपाल लेपर्ड के राहुल चंदौरोल और एजीसीए के शाश्वत भदौरिया को शानदार प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया।

कोई टिप्पणी नहीं: