दिल्ली : विपक्षी नेताओं ही नहीं, कार्यकर्ताओं में भी दिखी एकजुटता - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 1 नवंबर 2026

दिल्ली : विपक्षी नेताओं ही नहीं, कार्यकर्ताओं में भी दिखी एकजुटता

opposition-unite-ramleela-maidan
नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार को ‘वोट चोरी’ के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘महारैली’ में विपक्षी एकजुटता की झलक सिर्फ मंच पर मौजूद नेताओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि मैदान में जुटे विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं के बीच भी आपसी तालमेल और उत्साह दिखाई दिया। अलग-अलग रंगों के झंडे थामे कार्यकर्ता एक साथ ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाते नजर आए। ढोल-नगाड़ों की थाप और नारों के बीच विभिन्न राज्यों से पहुंचे समर्थकों ने रैली को साझा विरोध का स्वरूप दिया। 


देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे समर्थकों की भारी भीड़ से मैदान और आसपास की सड़कें भर गईं। रैली का आयोजन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर किया गया था। रैली में शामिल होने के लिए शनिवार रात से ही विभिन्न राज्यों से लोगों का दिल्ली पहुंचना शुरू हो गया था। रविवार सुबह तक रामलीला मैदान और उसके आसपास की सड़कों, चौराहों तथा फ्लाईओवर पर समर्थकों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों के हाथों में तिरंगे, बैनर और पोस्टर थे। विपक्षी से जुड़े आयोजकों ने दावा किया कि रैली में 10 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया, हालांकि पुलिस अधिकारियों का शनिवार को अनुमान था कि 50 हजार के आसपास लोग शामिल होंगे। रैली से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, राजद नेता तेजस्वी यादव और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले समेत विभिन्न विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेताओं ने मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला। 


मार्च में नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला, पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत, माकपा नेता एम ए बेबी, भाकपा नेता डी राजा, भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य तथा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन सहित करीब 20 दलों के नेता शामिल हुए। नेता खुले वाहनों में सवार होकर मार्च में शामिल हुए। सड़क के दोनों ओर समर्थकों की भीड़ थी। भीड़ के कारण नेताओं को रामलीला मैदान पहुंचने में करीब ढाई घंटे लगे। मंच पर पहुंचने के बाद विपक्षी नेताओं ने एक साथ हाथ उठाकर समर्थकों का अभिवादन किया। रैली में राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ साधु-संतों, युवाओं, छात्रों, महिलाओं, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी भागीदारी देखने को मिली। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे लोग भी आकर्षण का केंद्र रहे। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और डफली की थाप पर नाचते-गाते हुए विरोध जताया। कुछ स्थानों पर कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों और कार्टून वाले बैनरों के जरिए चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतें उठाईं। कर्नाटक से आए कुछ प्रदर्शनकारी कई मीटर लंबा कपड़े का बैनर लेकर पहुंचे थे, जिस पर उनके दावे के मुताबिक मतदाता सूची से हटाए गए लोगों के नाम लिखे थे। रैली के दौरान कुछ ऑटो और टैक्सी चालकों ने लोगों को नि:शुल्क रामलीला मैदान तक पहुंचाया। रैली से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया मंचों पर भी साझा किए गए।

कोई टिप्पणी नहीं: