नयी दिल्ली 17 जून, दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को दो महीने की सबसे बड़ी बढ़त दर्ज करने के बाद आज दोनों कीमती धातुओं में उससे भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। वे बुधवार के स्तर से भी नीचे लुढ़क गये। ऐसा वैश्विक बाजारों में गुरुवार को कीमतों में जबरदस्त उथल-पुथल के कारण हुआ। गुरुवार को वैश्विक स्तर पर बड़ी गिरावट के कारण स्थानीय बाजार में आज सोना 600 रुपये टूटकर 29,650 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। गत दिवस इसमें 580 रुपये की तेजी दर्ज की गई थी। चाँदी हाजिर भी कल की 1020 रुपये की तेजी के बाद आज 1220 रुपये उतर गई। लंदन में गुरुवार को एक समय अगस्त 2014 के बाद के उच्चतम स्तर 1315.55 डॉलर प्रति औंस को छूने के बाद सोना हाजिर आखिरकार लगभग एक प्रतिशत लुढ़ककर 1281.40 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ।
हालाँकि, आज यह 3.45 डॉलर चढ़कर 1284.90 डॉलर प्रति औंस पर रहा, लेकिन दिल्ली सर्राफा बाजार में कल की गिरावट हावी रही। अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा गुरुवार को करीब एक प्रतिशत की बढ़त में रहा था। आज यह 10.6 डॉलर फिसलकर 1287.8 डॉलर प्रति औंस बोला गया। कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक के बाद बुधवार को जारी बयान से गुरुवार को आरंभिक कारोबार में सोने-चाँदी में तेजी आई थी। लेकिन, यूरोपीय संघ में बने रहने की समर्थक सांसद की ब्रिटेन में हत्या के बाद स्थिति बदल गई। यूरोपीय संघ से बाहर होने का अभियान कमजोर पड़ गया जिससे दोनों कीमती धातुओं पर दबाव पड़ा। अागामी 23 जून को होने वाले जनमत संग्रह में यदि ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से बाहर होने के पक्ष में मत जाता है तो इससे पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर दुष्प्रभाव पड़ेगा और सुरक्षित निवेश मानी जाने वाली पीली धातु में तेजी आ सकती है। लंदन में गत दिवस 0.32 डॉलर लुढ़कने के बाद आज चाँदी हाजिर 0.17 डॉलर मजबूत होकर 17.360 डॉलर प्रति औंस बोली गई।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें