- भगवान श्री राम की पावन कथा मानव कल्याण के मार्ग को प्रशस्त करती है : पंडित राहुल व्यास
.jpg)
सीहोर। भगवान श्री राम की पावन कथा मानव कल्याण के मार्ग को प्रशस्त करती है। श्रीराम कथा समाज में परस्पर अविश्वास, पारस्परिक द्वेष सहित अन्य समस्याओं का समाधान करते हुए परमार्थिक कर्तव्यों का बोध कराकर मनुष्य को दृढ़ बनाती है। भगवान परीक्षा व समीक्षा का नहीं बल्कि प्रतीक्षा का विषय हैं। जीवन में जब भी अवसर मिले श्रीराम कथा का रसपान अवश्य करना चाहिए। उक्त विचार शहर के जगदीश मंदिर में जारी प्रत्येक मंगलवार को सुंदरकांड के द्वारा यहां पर मौजूद कथा वाचक पंडित राहुल व्यास ने कहे। उन्होंने यहां पर सुंदरकांड में शामिल होने आए क्षेत्रवासियों को संबोधित करते बताया कि आगामी 15 जून से शहर के प्राचीन जगदीश मंदिर में सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ किया जा रहा है। जिसकी तैयारियां आरंभ हो गई है। कथा का शुभारंभ 15 जून को शाम छह बजे शहर के बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर से किया गया जाएगा। वहीं कथा रात्रि सात बजे से प्रतिदिन आरंभ की जाएगी। पहले दिन भगवान श्रीराम की कथा का महत्व बताया जाएगा। इस मौके पर परमार समाज की ओर से पूर्व अध्यक्ष तुलसीराम पटेल ने कथा वाचक पंडित राहुल व्यास का सम्मान किया। सम्मान करने वालों में जगदीश मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष अनार सिंह परमार, चल समारोह अध्यक्ष हरीश परमार, शिव परमार मुरली, विष्णु परमार रोलूखेड़ी, मनोज दीक्षित मामा, जेपी परमार, बंधन बैंक की ओर से आशीष माहेश्वरी, धर्मेन्द्र माहेश्वरी आदि शामिल थे।
प्रत्येक मंगलवार को संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन
इस संबंध में जानकारी देते हुए चल समारोह के पूर्व अध्यक्ष विष्णु परमार रोलूखेड़ी ने बताया कि लंबे समय से शहर के छावनी स्थित प्राचीन जगदीश मंदिर में परमार समाज के तत्वाधान में शहर सहित आस-पास के मानस मंडल के सहयोग से प्रत्येक मंगलवार को संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन और आरती के पश्चात भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर करीब 300 लोगों को भोजन प्रसादी का वितरण किया जाता है। इसके अलावा आगामी जुलाई माह में निकाली जाने वाली रथ यात्रा को लेकर तैयारियां की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें