सीहोर : सर्व ब्राह्मण समाज के परिचय सम्मेलन में बेझिझक होकर दिया युवक-युवतियों ने अपना परिचय - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 15 जनवरी 2025

सीहोर : सर्व ब्राह्मण समाज के परिचय सम्मेलन में बेझिझक होकर दिया युवक-युवतियों ने अपना परिचय

  • - 450 से अधिक युवक-युवतियों की आई थीं प्रविष्ठियां, मध्यप्रदेश के अलावा हरियाणा से भी आए थे समाजजन
  • - वर्तमान समय में एकता बेहद जरूरी, ऐसे आयोजन संगठित करते हैं: पंडित प्रदीप मिश्रा

Brahman-samaj-sehore
सीहोर। आज के समय में संगठित रहना समय की जरूरत है। इसके लिए पहल होना आवश्यक है। सीहोर में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा परिचय सम्मेलन के आयोजन की पहल की गई ये गौरवान्वित करने वाला आयोजन है। यहां पर सर्व ब्राह्मण समाज के लोगों ने एक मंच पर एकत्रित होकर जहां एकता का परिचय दिया गया है, वहीं संगठित समाज की परिभाषा को और ज्यादा मजबूत किया है। ऐसे आयोजन समाज को संगठित करने के लिए बेहद जरूरी है। ये बातें मुख्य अतिथि प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने कही। वे सीहोर के यशराज गार्डन में सर्व ब्राह्मण एकता मंच सीहोर द्वारा आयोजित सर्व ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस दौरान यहां उपस्थित लोगों ने भी उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर संरक्षक सदस्यों एवं पदाधिकारियो द्वारा स्मारिका का विमोचन मंच पर किया। इस दौरान समाजसेवी अखिलेश राय आदि शामिल थे। परिचय सम्मेलन में 450 से अधिक युवक-युवतियों की प्रविष्ठियां प्राप्त हुईं थीं। इस दौरान सभी ने मंच पर उपस्थित होकर बेझिझक अपना परिचय दिया। परिचय सम्मेलन में मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, शाजापुर, विदिशा सहित अन्य शहरों एवं हरियाणा से भी ब्राह्मण समाज के लोग पहुंचे थे। इससे पहले कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत भगवान श्रीपरशुराम, मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। इस दौरान श्रीगणेश वंदना भी हुई।


मंच पर पहुंचकर दिया परिचय -

सर्व ब्राह्मण एकता मंच द्वारा आयोजित परिचय सम्मेलन के लिए करीब 450 युवक-युवतियों की प्रविष्ठियां प्राप्त हुईं थी। इस दौरान करीब 150 युवतियां एवं 300 युवकों की प्रविष्ठियां आईं थीं। सभी ने एक-एक करके मंच पर पहुंचकर अपना परिचय दिया। परिचय के दौरान युवक-युवतियों ने अपना नाम, शिक्षा के साथ-साथ अपने दिल की इच्छाएं भी जाहिर की, ताकि उन्हें उनका भावी जीवनसाथ वैसा मिल सके। एक युवक ने शादी के बाद संयुक्त परिवार के साथ रहने की अपनी इच्छा बताई, तो वहीं कई युवकों ने खुद का स्वरोजगार होना बताया। कई युवक ऐसे भी थे, जो शासकीय सेवा, आईटी कंपनी सहित अन्य जगह नौकरियां कर रहे हैं। इसी तरह युवतियों ने भी अपना परिचय बेझिझक होकर दिया।


सम्मेलन में वितरित की गईं बुकलेट-

सर्व ब्राह्मण एकता मंच द्वारा सम्मेलन के लिए आई प्रविष्ठियों की एक बुकलेट भी छपवाई गई, जो सम्मेलन में वितरित की गई। इसमें युवक-युवतियों के परिचय, पारिवारिक पृष्ठभूमि, गौत्र सहित अन्य जानकारियां हैं। इसके अलावा बुकलेट में सीहोर के प्रसिद्ध कथावाचक, महिला शक्ति, युवा शक्ति सहित अन्य जानकारियां भी हैं।


तिलक लगाकर किया आंगतुकों का स्वागत-

परिचय सम्मेलन में शामिल होने के लिए आए अतिथियों सहित समाजजनों का गेट पर महिला शक्ति द्वारा तिलक लगाकार स्वागत, सत्कार किया गया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र भी पहनाया गया। अंत में परिचय सम्मेलन में सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए अध्यक्ष पंडित राजेश मोहन शर्मा एवं महामंत्री रमाकांत समाधिया का आभार व्यक्त किया। 

कोई टिप्पणी नहीं: