यूपी में 2027 की सियासी जंग अब साफ तौर पर “काम बनाम सवाल” के मोड़ पर आ खड़ी हुई है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी कानून-व्यवस्था की सख्ती, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और लाखों करोड़ के निवेश प्रस्तावों के आधार पर हैट्रिक का दावा कर रही है। वहीं अखिलेश यादव बेरोजगारी, किसान संकट और महंगाई को चुनाव का केंद्र बनाकर जनादेश बदलने की कोशिश में हैं, जबकि मायावती ब्राह्मण-मुस्लिम-दलित समीकरण के सहारे चुपचाप चुनावी गणित साध रही हैं। जमीन पर तस्वीर मिश्रित है, शहरों में सुरक्षा और ढांचे में सुधार का एहसास है, तो गांवों में योजनाओं का लाभ भी दिखता है; लेकिन रोजगार, आय और खर्च के बीच बढ़ती खाई जनता की सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है। यही वजह है कि इस बार चुनाव केवल विकास के दावों पर नहीं, बल्कि “जेब और जीवन” के अनुभव पर तय होगा। असली खेल सीटों का नहीं, वोटों के बंटवारे का है, और यही बंटवारा 2027 में सत्ता की दिशा तय कर सकता है. मतलब साफ है योगी आदित्यनाथ के ‘कानून-व्यवस्था $ इंफ्रास्ट्रक्चर’ मॉडल की परीक्षा, अखिलेश यादव का ‘रोजगार-सामाजिक न्याय’ नैरेटिव और मायावती की ‘सोशल इंजीनियरिंग’, गांव-शहर के मूड, खर्च की सच्चाई और वोट के गणित के बीच किस ओर झुकेगा यूपी? ये बड़ा सवाल है...
कहा जा सकता है यूपी का चुनाव तीन परतों में बटा है, पहली परत (समर्थन) : कानून-व्यवस्था से संतुष्ट, लाभार्थी योजनाओं से जुड़ा वर्ग, दूसरी परत (संशय) : विकास दिखता है, पर रोजगार नहीं, महंगाई से परेशान. तीसरी परत (विरोध) : स्थानीय मुद्दे, राजनीतिक असंतोष. चुनाव का नतीजा इस बात पर निर्भर करेगा कि कौन-सी परत भारी पड़ती है। ऐसे में बड़ा सवाल तो यही है, क्या “सुरक्षा” का मुद्दा “रोजगार” पर भारी पड़ेगा? क्या “विकास” का असर “महंगाई” को दबा पाएगा? क्या विपक्ष एकजुट हो पाएगा या बिखराव जारी रहेगा? मतलब साफ है उत्तर प्रदेश का 2027 चुनाव अब केवल नीतियों का नहीं, बल्कि अनुभव का चुनाव बन चुका है। जनता ने बदलाव देखा है लेकिन अपेक्षाएं और बढ़ी हैं. एक तरफ योगी आदित्यनाथ का “मजबूत शासन” है, तो दूसरी ओर अखिलेश यादव और मायावती के जरिए विकल्प की तलाश। यानी यूपी में अब फैसला नारों से नहीं, अनुभव से होगा, जिसने जीवन आसान किया, वही 2027 में सत्ता का रास्ता पाएगा।
जनमत की धड़कन : “काम दिखा, पर कमाई कहां?”
लखनऊ के इंदिरानगर में एक निजी कंपनी में काम करने वाले युवक कहते हैं, “सड़कें बढ़िया हो गई हैं, सफाई भी है, लेकिन सैलरी वही है, खर्चा बढ़ गया।” मेरठ के एक किसान का जवाब अलग नहीं, “बिजली आती है, सड़क भी बनी है, लेकिन फसल का दाम और लागत का हिसाब अभी भी उलझा है।” वाराणसी में घाट किनारे बैठे बुजुर्ग कहते हैं, “डर कम हुआ है, पर दाम ज्यादा हो गए हैं।” मतलब साफ है सुरक्षा और ढांचा बेहतर महसूस हो रहा है, लेकिन जेब का दबाव बढ़ा है. यही दो ध्रुव 2027 के चुनाव का असली संतुलन तय करेंगे।कानून-व्यवस्था : ‘डर से भरोसा’, कितना और किसके लिए?
योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल की सबसे बड़ी पहचान कानून-व्यवस्था रही है। कार्रवाई का पैमाना (सरकारी दावों के आधार पर) : माफिया संपत्ति जब्ती/ध्वस्तीकरण : हजारों करोड़ रुपये की संपत्तियां, पुलिस कार्रवाई/एनकाउंटर : 10,000$ से अधिक घटनाएं (2017 के बाद), गैंगस्टर एक्ट/एनएसए : बड़े पैमाने पर अपराधियों पर शिकंजा. शहरों में इसका असर साफ दिखता है, रात में बाजार खुले, महिलाओं की आवाजाही बढ़ी. संगठित अपराध की पकड़ कमजोर. लेकिन गांवों और कस्बों में सवाल भी उठते हैं, “क्या हर जगह कार्रवाई समान है?” “क्या छोटे अपराधों में भी सख्ती उतनी ही है?” कानून-व्यवस्था अब केवल मुद्दा नहीं, बल्कि राजनीतिक ब्रांड बन चुकी है।
विकास की कहानी : करोड़ों से लाख करोड़ तक
योगी सरकार ने विकास को बड़े पैमाने पर “दिखने वाला” बनाया है, ऐसा विकास जो फोटो में आए, सड़क पर दिखे और निवेश के आंकड़ों में चमके। इंफ्रास्ट्रक्चर (अनुमानित निवेश) : एक्सप्रेसवे (पूर्वांचल, बुंदेलखंड, गंगा)ः 1.5 लाख करोड़$ शहरी विकास/स्मार्ट सिटी : 40,000 करोड़$ एयरपोर्ट परियोजनाएं (जेवर सहित) : 30,000 करोड़$ डिफेंस कॉरिडोर : 20,000 करोड़$ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे प्रोजेक्ट यूपी की नई पहचान बन रहे हैं। निवेश का दावा : ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिए 35 लाख करोड़$ के एमओयूएस. सरकार का तर्क : “ढांचा बनेगा तो उद्योग आएंगे, उद्योग आएंगे तो रोजगार बनेगा.” जनता का सवाल : “उद्योग कब आएंगे, नौकरी कब मिलेगी?” लाभार्थी वर्ग : साइलेंट लेकिन निर्णायक. मुफ्त राशन, आवास योजना, उज्ज्वला, शौचालय, बिजली. इन योजनाओं ने ग्रामीण और गरीब वर्ग में सरकार की पैठ मजबूत की है। गांव में एक महिला का सरल जवाब, “राशन मिल रहा है, घर मिला है, हम उसी को वोट देंगे जो काम दे रहा है।” यही वर्ग 2027 में “साइलेंट गेमचेंजर” बन सकता है।सपा का नैरेटिव : ‘विकास नहीं, रोजगार चाहिए’
अखिलेश यादव की राजनीति अब 2012 जैसी नहीं रही। इस बार फोकस साफ है - बेरोजगारी, किसान, महंगाई, सामाजिक न्याय. सपा कार्यकाल (2012 से 2017) की विरासत : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, लखनऊ मेट्रो, डायल 100 सेवा. सपा इस बात को स्थापित करना चाहती है कि “विकास हमने भी किया, लेकिन हमारा फोकस आम आदमी पर था.” लेकिन सड़कों पर गुंडागर्दी, बेडरुम में घूसकर हत्या, रंगदारी, फिरौती, सरेराह महिलाओं का बलातकार, लूट, हत्या, छिनैती, बनारस में हर दुसरे दिन एक व्यापारी की हत्या आदि, वो दिन लोगों के दिमाग में सिहरन पैदा करती है.
बसपा का समीकरण : ‘शांत रणनीति, बड़ा असर
मायावती की राजनीति हमेशा शोर से दूर, लेकिन असरदार रही है। 2027 का फार्मूला : दलित $ ब्राह्मण $ मुस्लिम. बीजेपी से नाराज सवर्ण. सपा से असंतुष्ट मुस्लिम. बसपा का लक्ष्य सीट जीतने से ज्यादा “गणित बिगाड़ना” भी हो सकता है।वोटों का खेल : यहीं तय होगी बाजी
उत्तर प्रदेश की राजनीति में यह नियम लगभग स्थायी है, वोट जितना नहीं, वोट का बंटवारा ज्यादा मायने रखता है. संभावित परिदृश्य : सपा $ बसपा साथ : कड़ी टक्कर. अलग-अलग : बीजेपी को बढ़त.
तीन ध्रुव, एक जंग
योगी आदित्यनाथ सरकार की सबसे बड़ी यूएसपी “एक्शन” रही है। सरकार इसे “कानून का राज” बताती है, विपक्ष इसे “चयनात्मक कार्रवाई” कहता है. यूपी में अब फैसला सिर्फ काम से नहीं होगा, बल्कि इस बात से होगा कि किसके वोट जुड़ते हैं और किसके बिखरते हैं।
पश्चिम से पूर्वांचल : जाति समीकरण
पश्चिमी यूपी : किसान, समुदाय और समीकरण की राजनीति. पश्चिमी उत्तर प्रदेश हमेशा से राजनीतिक रूप से संवेदनशील और जातीय-सामुदायिक समीकरणों से प्रभावित रहा है। मुख्य फैक्टर : जाट, मुस्लिम, गुर्जर और दलित वोट बैंक. किसान आंदोलन की पृष्ठभूमि. गन्ना मूल्य, एमएसपी और स्थानीय मुद्दे. यहां अखिलेश यादव की सपा और रालोद जैसे समीकरण बीजेपी के लिए चुनौती बन सकते हैं। यह अलग बात है यहां भी कानून-व्यवस्था का असर है, लेकिन जातीय और किसान मुद्दे ज्यादा निर्णायक हो सकते हैं. यानी पश्चिम में “योगी मॉडल” और “जाति कार्ड” के बीच सीधी टक्कर होगी, और मुकाबला सबसे कांटे का।
पूर्वांचल : विकास, पहचान और लाभार्थी वोट
पूर्वांचल, जो लंबे समय तक पिछड़ेपन का प्रतीक रहा, अब विकास परियोजनाओं का केंद्र बना है। मुख्य फैक्टर : एक्सप्रेसवे, सड़क, बिजली. धार्मिक और सांस्कृतिक परियोजनाएं. सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ. योगी आदित्यनाथ की व्यक्तिगत पकड़ और संगठन की मजबूती यहां बीजेपी को बढ़त देती है। मतलब साफ है विकास “दिख रहा” है. लाभार्थी वर्ग मजबूत है. विपक्ष का प्रभाव सीमित है. यानी पूर्वांचल में “योगी मॉडल” अभी भी सबसे मजबूत फैक्टर बना हुआ है।
बसपा का प्रभाव : दोनों क्षेत्रों में ‘साइलेंट गेम’
मायावती की रणनीति खासकर पश्चिम में असर डाल सकती है, जहां दलित $ मुस्लिम समीकरण चुनावी गणित बिगाड़ सकता है। पूर्वांचल में भी बसपा का परंपरागत वोट बैंक सपा के वोटों को काट सकता है। प्रमुख फैक्टर, किसकी बढ़त? पश्चिम यूपी जाति $ किसान $ समुदाय. कांटे की टक्कर. पूर्वांचल विकास $ लाभार्थी $ नेतृत्व. बीजेपी मजबूत. यानी 2027 में पूर्वांचल ‘मॉडल’ से और पश्चिम ‘मूड’ से चलेगा, और इसी टकराव में तय होगा यूपी का ताज।
किस ओर झुकेगा जनादेश?
सुबह का वक्त है। काशी की हवा में गंगा की नमी और घंटों की ध्वनि घुली हुई है। मणिकर्णिका घाट पर चिताएं अपनी अनवरत लय में जल रही हैं, जीवन और मृत्यु के बीच का वह शाश्वत संतुलन, जो काशी को ‘अनादि’ बनाता है। इसी घाट की सीढ़ियों पर बैठे एक संत, स्वामी संतोषानंद, दूर बहती गंगा को देखते हुए कहते हैं, “राजनीति भी गंगा की धारा जैसी है। कभी तेज, कभी शांत, पर अंत में सबको अपने में समेट लेती है। 2027 का चुनाव केवल सरकार का नहीं, जनता के मन का चुनाव होगा, लोग देख रहे हैं किसने उनके जीवन में बदलाव किया और कौन केवल वादे कर रहा है। यह वाक्य केवल एक संत की टिप्पणी नहीं, बल्कि उस व्यापक मनोविज्ञान का प्रतिबिंब है जो आज उत्तर प्रदेश के गांव-शहर, चौराहों और घाटों पर महसूस किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश का आगामी विधानसभा चुनाव एक साधारण राजनीतिक घटना नहीं है। यह उस राज्य की दिशा तय करेगा, जो देश की राजनीति का धुरी रहा है। एक ओर है “मजबूत नेतृत्व” और “कानून-व्यवस्था” का दावा, तो दूसरी ओर “सामाजिक न्याय” और “आर्थिक असंतोष” का सवाल। बीच में उभरती तीसरी ताकत चुनाव को और जटिल बना रही है।
चेहरा तय, सियासत साफ, बीजेपी का ‘योगी मॉडल’
भाजपा ने समय रहते यह स्पष्ट कर दिया है कि 2027 का चुनाव योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। यह फैसला केवल रणनीतिक नहीं, बल्कि मनोवैज्ञानिक भी है। 2017 में बिना चेहरे के चुनाव और 2022 में आंशिक सस्पेंस के बाद अब पार्टी किसी भ्रम की स्थिति नहीं छोड़ना चाहती। योगी आदित्यनाथ की छवि, एक सख्त प्रशासक, निर्णायक नेता और स्पष्ट विचारधारा वाले चेहरे की, बीजेपी की सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है। स्वामी संतोषानंद कहते हैं, “भय का अंत होना चाहिए, लेकिन न्याय का संतुलन भी जरूरी है। जहां दोनों साथ हों, वही राज टिकता है।” वाराणसी के अस्सी घाट से लेकर लखनऊ के हजरतगंज तक, बातचीत में एक दिलचस्प मिश्रण दिखता है सरकार के काम की सराहना. रोजगार और महंगाई पर चिंता. नेतृत्व को लेकर स्पष्ट राय. स्वामी संतोषानंद का एक और वाक्य इस पूरी बहस को समेट देता है “जनता अब केवल नारों से नहीं, अपने अनुभव से वोट देती है। जिसने जीवन आसान किया, वही याद रहता है।”
सुरेश गांधी
वरिष्ठ पत्रकार
वाराणसी





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें