योजना क्रियान्वयन में लापरवाही नही की जाएगी सहन-कलेक्टर
पन्ना 13 अक्टूबर 14/कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने शासन की उच्च प्राथमिकता की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने समय अवधि पत्रों तथा जनशिकायत निवारण प्रकोष्ठ के पत्रों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी नियमित रूप से भ्रमण करें। विभागीय योजनाओं के लिए निर्धारित लक्ष्यों की शत प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। शासन की विकास योजनाओं तथा कल्याणकारी कार्यक्रमों का पूरा लाभ गरीब तक पहुंचना सुनिश्चित करें। योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही सहन नही की जाएगी। शीघ्र ही नगरीय निकाय तथा पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव होंगे। इसके लिए सभी अधिकारी तैयार रहे। कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई के 1438 आवेदन पत्र विभिन्न कार्यालयों में लंबित है। इन पर तत्परता से कार्यवाही करके एक सप्ताह मंे निराकरण करें। पुलिस विभाग में 644 आवेदन पत्र लंबित है। समय अवधि पत्रों की समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक अपना प्रतिनिधि तैनात करें तथा लंबित पत्रों का निराकरण कराएं। ग्रामीण विकास विभाग, खाद्य विभाग, शिक्षा विभाग, सहकारिता तथा विद्युत वितरण कम्पनी में भी बडी संख्या में आवेदन पत्र लंबित है। इनके निराकरण पर विशेष ध्यान दें। जनसुनवाई तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण पर सभी अधिकारी व्यक्तिगत रूचि लेकर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि कृषि क्रांति रथ यात्रा 20 अक्टूबर तक जारी रहेगी। इसके तहत किए जा रहे कार्यो का प्रचार प्रसार कराएं। पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी कृषि संगोष्ठी एवं किसान रथ यात्रा के लिए आवश्यक प्रबंध करें। रथ यात्रा के दौरान अब तक 4726 किलो अनाज प्राप्त हुआ है। इसे आंगनवाडी केन्द्रों के माध्यम से अतिकुपोषित बच्चों को वितरित किया जा रहा है। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को आंगनवाडी केन्द्रों के नियमित निरीक्षण करने तथा भ्रमण में लापरवाही बरतने वाली पर्यवेक्षकों पर कार्यवाही के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी पन्ना को गत दिवस नगरपालिका पन्ना की बैठक का कार्यवाही विवरण तथा समस्त अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों के विरूद्ध किसी तरह की कार्यवाही को मान्य नही किया जाएगा। इसमें शामिल अधिकारों के विरूद्ध कडी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने उप संचालक पशुपालन को पन्ना नगर के आस पास पशु चिकित्सा महाविद्यालय के लिए उपयुक्त भूमि एक सप्ताह में चयनित करने तथा प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र जारी करने के लिए शासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्कूलों द्वारा पर्याप्त संख्या में आवेदन पत्र प्रस्तुत न करने के कारण अभियान की जिले में प्रगति संतोषजनक नही है। जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला परियोजना प्रबंधक शिक्षा मिशन दो दिवस के भीतर पात्र सभी छात्रों के आवेदन पत्र लोक सेवा केन्द्र में उपलब्ध करा दें। समय सीमा का पालन न करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने बैठक में श्रम विभाग द्वारा पात्र श्रमिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति देने तथा प्रसूति सहायता वितरण के संबंध में निर्देश दिए। बैठक में हांथ धुलाई दिवस की तैयारी, मध्यान्ह भोजन योजना, मर्यादा अभियान तथा स्टाप डेमों में कडी शटर लगाने के संबंध में निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत चन्द्रशेखर शुक्ला, सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मतदाता सूची के संबंध में लोगों करें जागरूक-प्रेक्षक श्री खरे
पन्ना 13 अक्टूबर 14/कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पे्रक्षक श्री शैलेन्द्र खरे ने मतदाता सूची निर्माण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की शुचिता के लिए मतदाता सूची का शुद्ध होना आवश्यक है। नगरीय निकाय तथा पंचायत राज संस्थाओं के लिए मतदाता सूची तैयार की जा रही है। इनके प्रारूप का प्रकाशन कर दिया गया है। मतदाता सूची के संबंध में लोगो को जागरूक करें। मतदाता सूची के संबंध में 15 अक्टूबर तक दावे आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्रतिदिन प्राप्त दावे आपत्तियों को भी मतदान केन्द्र मंें प्रदर्शित करें। सभी रजिस्ट्रीकरण तथा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सूची के संबंध में प्राप्त दावे आपत्तियों का प्रतिदिन निराकरण करें। प्रेक्षक श्री खरे ने कहा कि नगरीय निकाय तथा पंचायतों के वार्डो में किसी तरह का परिवर्तन नही किया गया है। कुछ गांव में वार्डो में मकान संख्या ठीक से दर्ज नही की गई है। कुछ मकान एक से अधिक वार्डो में दर्ज हो गए हैं, इस पर ध्यान दें। मतदाता सूची तैयार करने के संबंध में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मापदण्डों का पूरी तरह से पालन करें। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आर.के. मिश्रा ने कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन कार्य के लिए पूरी तरह से तैयार रहे। अधिकारियों, कर्मचारियों तथा वाहनों की सूची निर्धारित प्रपत्र में दो दिवस में प्रस्तुत करें। सभी एसडीएम तथा तहसीलदार मतदाता सूची निर्माण इसके प्रकाशन तथा दावे आपत्तियों के निराकरण के लिए उचित कार्यवाही करें। आयोग द्वारा निर्धारित समस्त पंजियां संधारित करते हुए मतदाता सूची का निर्माण करें। मतदाता सूची के संबंध में जनप्रतिनिधियों को समय समय पर जानकारियां प्रदान करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला, सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बुजुर्गो की सेवा करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है-कलेक्टर
पन्ना 13 अक्टूबर 14/कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में भरण पोषण अधिनियम के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने कहा कि हर व्यक्ति कभी न कभी वृद्ध होगा। तब उसे सहयोग, सहायता, उपचार और सेवा की आवश्यकता होगी। माता पिता बच्चों को जीवन देने के साथ उनका पालन पोषण करके समाज में ऊंचा स्थान दिलाते हैं लेकिन कई बार आत्मनिर्भर होने के बाद बच्चे अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड लेते हैं। एकाकी परिवारों के कारण वृद्धजनों को परिवार में उचित स्थान नही मिल पाता है। बुजुर्गो की सेवा करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। यदि किसी वृद्धजन की उसके परिवार के सदस्य उपेक्षा कर रहे है तो भरण पोषण अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएगी। सभी एसडीएम ऐसे प्रकरणों पर संवेदनशीलता से कार्यवाही करें। जरूरी हो तो जेल भेजने की भी कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि पन्ना नगर में वृद्ध आश्रम तथा डे होम शेल्टर खोलने की तत्काल कार्यवाही करे। इसके लिए स्वयं सेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जा सकता है। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत चन्द्रशेखर शुक्ला ने कहा कि भरण पोषण अधिनियम के तहत सभी तहसीलों में समितियों का गठन कर लें। जनसुनवाई में हर सप्ताह कोई न कोई वृद्धजन उम्मीदों के साथ आते हैं। उन्हें आवश्यक वैधानिक सहायता उपलब्ध कराएं। डे शेल्टर प्रारंभ करने की कार्यवाही की जा रही है। अधिनियम के प्रावधानों के तहत वृद्धजनों की अचल सम्पत्तियों की सुरक्षा किया जाना आवश्यक है। बैठक में सभी एसडीएम तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बच्चों को अब लगेंगे केवल तीन टीके, हर शिशु को लगाएं पेंटाबेलेन्ट टीके-कलेक्टर
पन्ना 13 अक्टूबर 14/शिशु मृत्युदर पर नियंत्रण के लिए टीकाकरण की नई तकनीक पन्ना जिले में भी आगामी एक नवंबर से प्रारंभ की जा रही है। देश के 8 राज्यों के बाद पन्ना जिले में टीका करण के लिए अत्यंत प्रभावी पेंटाबेलेन्ट टीकों का उपयोग किया जाएगा। अब हर शिशु को 6 घातक बीमारियों से बचाने के लिए 5 के स्थान पर केवल 3 टीके लगाए जाएंगे। इस संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार मंे आयोजित बैठक में नवीन टीकाकरण की तैयारियों की कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हर शिशु को पेंटाबेलेन्ट टीके लगाएं। इसके लिए पूरी कार्ययोजना बनाएं। आंगनवाडी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कार्यकर्ता तथा एएनएम को एक नवंबर से पूर्व प्रशिक्षण देकर अभियान को सफल बनाने के लिए तैयार करें। कलेक्टर ने कहा कि नये टीके केवल एक वर्ष तक की आयु के बच्चों को लगाया जाना है लेकिन जो सर्वेक्षित बच्चे टीकाकरण से वंचित रहे गए है उन्हें भी पेंटाबेलेन्ट टीके लगाएं। इसके लिए 14 नंवबर से एक सप्ताह तक जिलेभर में विशेष अभियान चलाएं। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एल.के. तिवारी ने बताया कि पेंटाबेलेन्ट टीके अत्यधिक कारगर हैं। इससे डीफथिरिया, टिटनेश, हेपेटाईटस बी, कुकुर खांसी तथा एचआईबी रोगों से सुरक्षा होगी। इसके केवल तीन टीके लगाए जाएंगे। नई विधि से टीकाकरण करने पर बच्चों को कई बार टीके लेने की आवश्यकता नही होगी।बैठक में टीकाकरण सलाहकार भावेन्द्र दबे ने बताया कि नई विधि से टीकाकरण करने पर शिशु मृत्युदर में 4 प्रतिशत की गिरावट आएगी। जिन शिशुओं को पहले कोई टीका नही लगा है उन्हें ही नई विधि से टीके लगाए जाएंगे। यदि किसी बच्चे को एक अथवा दो टीके लगा दिए गए है तो उसे बाकी टीके भी पूर्व अनुसार लगाए जाएंगे। नई विधि से टीकाकरण करने के लिए डाक्टरों तथा मैदानी कर्मचारियों को पूरा प्रशिक्षण दिया जाएगा। नये टीके लगाने से बच्चों पर किसी तरह का दुष्प्रभाव नही पडेगा। यह टीका अत्यंत कारगर होने के साथ पूरी तरह से सुरक्षित है। विश्व में 117 देशों में इससे टीकाकरण किया जा रहा है। बैठक में शत प्रतिशत लक्षित बच्चों के टीकाकरण के लिए कार्ययोजना बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत चन्द्रशेखर शुक्ला, सिविल सर्जन डाॅ. राजेश श्रीवास्तव, सभी एसडीएम, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मजदूरों के बच्चों को मिलेगा छात्रवृत्ति का लाभ
पन्ना 13 अक्टूबर 14/श्रम विभाग के तहत पंजीकृत मजदूरों के अधिकतम दो बच्चों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाएगा। इस संबंध में श्रमपद अधिकारी के.के. गुप्ता ने बताया है कि भवन संनिर्माण कर्मकार मण्डल के तहत पंजीकृत मजदूरों के बच्चों को वर्ष 2013-14 के लिए छात्रवृत्ति की राशि दी जाएगी। इसके भुगतान के लिए पूर्व में समग्र पोर्टल के माध्यम से शिक्षा विभाग द्वारा कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। शासन द्वारा भुगतान में विलम्ब के कारण पुनः श्रम विभाग के माध्यम से इसके भुगतान के निर्देश दिए हैं। सभी संकुल प्राचार्य तथा प्रधानाध्यापक अपने अपने स्कूलों के पात्र श्रमिकों के बच्चों के आवेदन पत्र स्वीकृत करके छात्रवृत्ति की राशि की तत्काल मांग करें। छात्रवृत्ति वितरण के लिए ग्रामीण क्षेत्रों की शालाओं में जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा शहरी क्षेत्र में मुख्य नगरपालिका अधिकारी को राशि उपलब्ध कराई जाएगी। स्वीकृत प्रकरणों की राशि तत्काल प्राप्त करके उसका वितरण कराएं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला समन्यक शिक्षा मिशन से मजदूरों के बच्चों को छात्रवृत्ति वितरण में सहयोग का अनुरोध किया है।
यौन उत्पीडन अधिनियम संबंधी कार्यशाला आज
पन्ना 13 अक्टूबर 14/सभी शासकीय तथा अशासकीय कार्यालयों में कार्य स्थल पर यौन उत्पीडन अधिनियम 2013 के तहत अंतरिक परिवार समिति का गठन किया जाना है। इस संबंध में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन जिला पंचायत सभागार में 14 अक्टूबर को दोपहर बाद 3 बजे से किया जा रहा है। इसमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देंगे। जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी नयन सिंह ने सभी कार्यालय प्रमुखों से कार्यशाला में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।
धान खरीदी के लिए समिति गठित
पन्ना 13 अक्टूबर 14/समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की निगरानी के लिए प्रत्येक अनुभाग में समिति का गठन कर दिया गया है। समिति में संबंधित अनुभाग के एसडीएम, अनुविभागीय अधिकारी कृषि, सहकारिता विस्तार अधिकारी तथा केन्द्र प्रभारी मध्य प्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम को शामिल किया गया है। कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने समिति को धान उपार्जन के समय धान की गुणवत्ता की निगरानी के निर्देश दिए हैं।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें