सीहोर : भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान के द्वितीय दिवस में शामिल हुए प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 25 मई 2026

सीहोर : भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान के द्वितीय दिवस में शामिल हुए प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह

  • विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने हेतु भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा के भाव से समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाए

Sehore-bjp
सीहोर, 25 मई । भारतीय जनता पार्टी सीहोर द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के द्वितीय दिवस का शुभारंभ योग एवं प्राणायाम के साथ हुआ। जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों की शुरुआत के पूर्व भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित एवं दीप प्रज्वलन कर की गई। इसके पश्चात वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के आठवें सत्र में योग आयोग के अध्यक्ष राघवेन्द्र शर्मा ने “भाजपा की कार्यपद्धति” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना से प्रेरित है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता “राष्ट्र प्रथम” के विचार को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश सुराना ने की।


नौवें सत्र में भाजपा प्रदेश मंत्री राजौ मालवीय ने “हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान” विषय पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने एकात्म मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं पंच निष्ठाओं पर प्रकाश डालते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को कार्यकर्ताओं के समक्ष विस्तार से रखा। सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता मायाराम गौर ने की। दसवें सत्र में “सोशल मीडिया, प्रभावी मीडिया, एआई एवं नई तकनीकी के माध्यम से सकारात्मक परसेप्शन निर्माण” विषय पर प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी एवं प्रदेश संयोजक सोशल मीडिया विभाग सुयश त्यागी ने कार्यकर्ताओं को आधुनिक संचार माध्यमों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। इस दौरान नमो एप एवं सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। सत्र की अध्यक्षता सन्नी महाजन ने की। ग्यारहवें सत्र में भाजपा जिला प्रभारी विकास वीरानी एवं स्वच्छ भारत अभियान के प्रदेश सहसंयोजक चंद्रशेखर रघुवंशी ने “व्यवहारिक बोध” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम अध्यक्ष रवि मालवीय ने की।


प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र में भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने “जिज्ञासा समाधान” सत्र के माध्यम से कार्यकर्ताओं के प्रश्नों का विस्तारपूर्वक समाधान किया। उन्होंने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक जनआंदोलन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है और विकसित भारत 2047 का संकल्प प्रत्येक कार्यकर्ता के परिश्रम, सेवा और समर्पण से ही पूर्ण होगा।” उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि “प्रशिक्षण वर्ग से प्राप्त ज्ञान और संगठनात्मक संस्कारों को प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए। भाजपा का कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और संस्कार का प्रतीक है तथा उसे गांव-गांव और घर-घर जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचानी चाहिए।” महेंद्र सिंह ने कहा कि “संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ता जितना अधिक जनता के बीच रहेगा, उतना ही संगठन मजबूत होगा और विकसित भारत का सपना साकार होगा।” इस सत्र की अध्यक्षता सीहोर विधायक सुदेश राय ने की। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान सभी प्रशिक्षार्थियों की क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सफल प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में संभाग प्रभारी डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला प्रभारी विकास वीरानी, सीहोर विधायक सुदेश राय, बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर, प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी दिलबर यादव सहित जिला पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: