बिहार के वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूडो खेलने के विवाद में एक युवक ने कथित तौर पर दूसरे की हत्या कर दी। आक्रोशित लोगों ने आरोपी को भी पकड़ लिया और पीट-पीट कर उसे भी मार डाला। पुलिस के अनुसार हेलाबाजार में विनोद साह अपने कुछ मित्रों के साथ लूडो खेल रहा था। इसी बीच वहां पहुंचे विजय पासवान ने भी लूडो खेलने की इच्छा जताई। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी बीच विजय ने विनोद को चाकू मार दिया। घायल अवस्था में विनोद को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
विनोद की मौत से आक्रोशित लोगों ने बाद में विजय को भी पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। नगर थाना के प्रभारी कृष्ण मुरारी गुप्ता ने गुरुवार को बताया कि दोनों के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें