मॉस्को में दोमोदेदोवो हवाई अड्डे पर सोमवार को हुए आत्मघाती विस्फोट में 35 लोगों की मौत हो गई जबकि 150 घायल हो गए। इस बीच हवाई अड्डे पर सभी उड़ानों को रोक दिया गया है। मॉस्को के अन्य हवाई अड्डों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
रूसी राष्ट्रपति दिमित्रि मेदवेदेव ने आशंका जाहिर की है कि यह एक आतंकवादी हमला हो सकता है। उन्होंने मृतकों के प्रति श्रृद्धांजलि प्रकट की। समाचार एजेंसी ‘इतर तास’ के मुताबिक परिवहन जांच विभाग ने हवाई अड्डे के आगमन टर्मिनल पर लगेज रिक्लेम जोन में विस्फोट होने की पुष्टि की। समाचार एजेंसी ‘सिन्हुआ’ ने परिवहन जांच विभाग की तातन्या मोरोजोवा के हवाले से बताया कि विस्फोट हवाई अड्डे के आगमन कक्ष में हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हवाई अड्डे पर काफी धुआं देखा गया और आगमन द्वार को बंद कर दिया गया। धुआं की वजह से अधिकारियों को मृतकों की संख्या का सही पता नहीं चल पा रहा था। समाचार एजेंसी ‘इंटरफैक्स’ के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट को आत्मघाती हमलावरों ने अंजाम दिया। घायलों को नजदीकी चार अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 150 घायलों में 20 की हालत गंभीर है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें