पार्टी बनाने को लेकर अन्ना हजारे के रुख से अरविंद केजरीवाल को झटका लगा है. ये बात इंडिया अगेंस्ट करप्शन के सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल ने खुद कही है. उन्होंने कहा, 'अन्ना के बयान से मुझे गहरा झटका लगा और बेहद हैरानी हुई है.' अरविंद ने कहा, 'अन्ना मेरे पिता समान हैं और वह मेरे दिल में हैं. वे मेरे गुरु हैं और हम राजनीतिक पार्टी संरचना उनके आदर्शों पर ही करेंगे.'
भविष्य की रणनीति पर केजरीवाल ने कहा कि पूरे देश से इंडिया अगेंस्ट करप्शन के कार्यकर्ता आ गए हैं जिनके साथ बैठक करके आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी. अरविंद केजरीवाल की पूर्व सहयोगी किरण बेदी ने अरविंद केजरीवाल के पार्टी बनाने के फैसले पर हैरानी जताई हैं. किरण बेदी ने कहा, 'आप अरविंद केजरीवाल से ही पूछिए कि उन्होंने किस कारण से पार्टी बनाने का फैसला किया जबकि उन्होंने साफ कहा था कि अगर अन्ना राजी नहीं हुए तो पार्टी नहीं बनाई जाएगी. मैं तो अब भी अन्ना के साथ आंदोलन से जुड़ी हुई हूं.'
गौरतलब है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन के अगले स्वरूप को लेकर अन्ना हजारे और उनकी पूर्ववर्ती टीम की बुधवार को हुई बैठक विफल हो गई थी और हजारे ने टीम के टूटने की औपचारिक घोषणा कर दी थी. बैठक के बाद हजारे ने कहा, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि टीम अलग हो गई है. मैं किसी पार्टी या समूह में शामिल नहीं होऊंगा. मैं उनके प्रचार अभियान में शामिल नहीं होऊंगा. मैंने उन्हें अपना फोटो और नाम के इस्तेमाल से मना कर दिया है. आप खुद से लड़िए.’
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें