नौसेना का एक चेतक हेलीकॉप्टर मंगलवार को विशाखापत्तनम बंदरगाह के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नौसेना के अधिकारियों ने बताया कि इसके चालक दल के दो सदस्यों को तुरंत बचा लिया गया, जबकि दो सदस्य अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि यह हेलीकॉप्टर नियमित प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान लगभग तीन बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ और लापता लोगों की तलाश के लिये नौसेना ने अपने हेलीकॉप्टरों एवं जहाजों को लगाया है।
अधिकारियों ने बताया कि नौसेना ने इस हल्के हेलीकॉप्टर की दुर्घटना के कारणों की जांच के लिये एक जांच बोर्ड का आदेश दिया है। गौरतलब है कि चीता एवं चेतक 60 एवं 70 के दशक के हेलीकॉप्टर हैं और इनका इस्तेमाल सैन्यकर्मियों के छोटे समूह एवं हल्के सामान को ढोने के लिये होता है। नौसेना ने इन हेलीकॉप्टरों की जगह दो इंजनों वाले 56 नये हल्के हेलीकॉप्टरों को शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पिछले साल अक्टूबर में डाबोलिम हवाईअड्डे पर इसी तरह की दुर्घटना में दो पायलटों समेत नौसेना के तीन कर्मियों की मौत हो गयी थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें