व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा चाहते हैं कि अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता को खत्म करने के लिए सरकार की कर्ज लेने की समय सीमा को बढ़ाकर छह सप्ताह से अधिक किया जाना चाहिए। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जे कार्ने ने कहा कि अल्पकालिक कर्ज सीमा समझौता अमेरिका को वर्तमान वित्तीय गतिरोध जैसी स्थिति में डाल सकता है।
ओबामा के साथ गुरुवार को व्हाइट हाउस में बैठक से पहले प्रतिनिधिसभा के रिपब्लिकन सदस्यों ने दिवालियापन के संकट से बचने के लिए कर्ज सीमा को छह सप्ताह बढ़ाने का विचार पेश किया था। एक तरफ पिछले 17 वर्षो में पहला अमेरिकी शटडाउन 11वें दिन में प्रवेश कर रहा है और दूसरी ओर वाशिंगटन के समक्ष एक अन्य वित्तीय संकट खड़ा होने वाला है।
अमेरिकी वित्त मंत्री जैकब लेव ने कांग्रेस को बताया कि अमेरिकी सरकार की कर्ज सीमा 17 अक्टूबर को 167 खरब डॉलर पर पहुंच जाएगी और इसमें विफलता से एक विपत्तिजनक दिवालिएपन की स्थिति पैदा हो जाएगी। कार्ने ने कहा कि राष्ट्रपति ओबामा ने शुक्रवार सुबह प्रतिनिधिसभा के अध्यक्ष जान बोहनर से टेलीफोन पर बात की। दोनों ही पक्ष वार्ता जारी रखने पर सहमत हुए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें